UP के बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह की शादी, राष्ट्रपति ने दिया आशीर्वाद; दिल्ली में VVIP जमावड़ा
उत्तर प्रदेश के बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह ने दिल्ली में मेघना चौधरी से विवाह किया। इस समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सहित कई VVIPs ने नवदंपती को आशीर्वाद दिया, जहां उनके भाई सौरभ सिंह का विवाह भी संपन्न हुआ।

दिल्ली के जोया पैलेस में बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह और उनकी पत्नी मेघना चौधरी को शुभकामनाएं देतीं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु। वीडियो ग्रैब
सुरजीत पुंढीर, अलीगढ़। यूपी के बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह विवाह बंधन में बंध गए। गुरुवार को दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम स्थित द जोरा कन्वेंशन सेंटर में आयोजित विवाह समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने पहुंचकर नवदंपती को शुभकामनाएं दीं। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी समारोह में शामिल हुए। उनके पहुंचने पर आयोजन में मौजूद मेहमानों में खास उत्साह नजर आया।
विवाह समारोह में केंद्र व उत्तर प्रदेश सरकार के कई मंत्री, भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी और अन्य विशिष्ट अतिथि भी शामिल हुए। संदीप सिंह का विवाह मेघना चौधरी के साथ हुआ। इसी परिसर में उनके छोटे भाई सौरभ सिंह का विवाह समारोह भी आयोजित किया गया। इनकी साथ सहारनपुर निवासी अंतरा त्यागी से हुई है। दोनों भाइयों के विवाह की रस्में वैदिक रीति-रिवाज से संपन्न हुईं।
परिवार के सदस्यों और करीबी रिश्तेदारों की मौजूदगी में सात फेरे लेकर दोनों ने नए जीवन की शुरुआत की। संदीप सिंह और मेघना चौधरी की पहचान दिल्ली पब्लिक स्कूल में पढ़ाई के दौरान हुई थी। मेघना का परिवार मूल रूप से गोंडा क्षेत्र का रहने वाला है और वर्तमान में गाजियाबाद में रहता है।
वहीं, सौरभ सिंह का विवाह सहारनपुर की मूल निवासी अंतरा त्यागी से हुआ है। शुक्रवार को इसी स्टेडियम में रिसेप्शन प्रस्तावित है। इसमें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के शामिल होने की चर्चा है। इसके अलावा गुरुवार की दिन की रस्में लीला पैलेस में आयोजित की गईं।