विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अंबेडकरनगर में घने कोहरे के चलते थमी रफ्तार, रेल और सड़क यातायात पर पड़ा असर

Published: Fri, 20 Nov 2026 02:06 AM (GMT+05:30)

अंबेडकरनगर में घने कोहरे ने सड़क और रेल यातायात को बुरी तरह प्रभावित किया। कम दृश्यता के कारण वाहन धीमी गति से चले, ट्रेनें घंटों विलंब से पहुंचीं और दैनिक जीवन अस्त-व्यस्त रहा।

सुबह छाए कोहरे के दौरान आवागमन करते राहगीर -जागरण

सुबह छाए कोहरे के दौरान आवागमन करते राहगीर -जागरण

HighLights

  1. घने कोहरे ने अंबेडकरनगर को ढका, दृश्यता बहुत कम हुई।

  2. सड़क और रेल यातायात बुरी तरह प्रभावित, आवागमन बाधित हुआ।

  3. ट्रेनें घंटों विलंब से पहुंचीं, बसें भी देर से चलीं।

संवाद सूत्र, अंबेडकरनगर। दो दिन तक चली पछुआ हवा से मिली राहत के बाद गुरुवार सुबह मौसम ने फिर करवट ली। पूरा जिला घने कोहरे की चादर में लिपट गया। बुधवार रात से ही धुंध का असर दिखने लगा था। कम दृश्यता के कारण सड़क और रेल यातायात प्रभावित हुआ।

राष्ट्रीय राजमार्ग टांडा-बांदा और अयोध्या-बसखारी फोरलेन पर भारी वाहनों के पीछे छोटे वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। चंद कदम आगे देखना भी मुश्किल था। फॉग लाइट भी बेअसर रहीं और चालकों को हेडलाइट जलाकर वाहन धीमी गति से चलाने पड़े। स्कूल जाने वाले बच्चों और ड्यूटी पर जाने वाले कर्मचारियों को परेशानी हुई। कई जगह लोग कोहरा छंटने का इंतजार करते दिखे। बाजारों में दुकानें देर से खुलीं और किसान भी देर से खेतों में पहुंचे।

मौसम विज्ञानी डॉ. अमरनाथ मिश्र ने बताया कि आने वाले दिनों में भी कोहरा छाए रहने की संभावना है। पश्चिमी विक्षोभ के कारण नमी बढ़ी है, जिससे सुबह घना कोहरा बनेगा। गुरुवार सुबह सात बजे तक जिले का अधिकतम तापमान 17 और न्यूनतम 12 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दोपहर में अधिकतम तापमान 28 और न्यूनतम 13 डिग्री सेल्सियस रहा।

घनी धुंध से ट्रेनों की रफ्तार भी धीमी

अकबरपुर स्टेशन से गुजरने वाली दून एक्सप्रेस पांच घंटे, आनंद विहार टर्मिनल-मऊ एक्सप्रेस और सियालदह एक्सप्रेस चार-चार घंटे विलंब से पहुंची। साबरमती एक्सप्रेस चार घंटे देर से आई। ओखा-गुवाहाटी, जम्मू तवी, गंगा सतलज और फरक्का एक्सप्रेस दो से तीन घंटे विलंब से पहुंची।

पूछताछ केंद्र के बृजेश यादव ने बताया कि रात में सुरक्षा के मद्देनजर ट्रेनों की गति कम की गई। अकबरपुर डिपो से सुबह पांच बजे वाराणसी, गोरखपुर, प्रयागराज, लखनऊ और अयोध्या जाने वाली बसें भी विलंब से रवाना हुईं।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।