विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रामजन्मभूमि परिसर में गैस पाइपलाइन फटने से मची अफरा-तफरी, रोके गए रामलला के दर्शन

Published: Sat, 03 Oct 2026 08:11 AM (IST)Updated: Sat, 03 Oct 2026 08:12 AM (IST)

अयोध्या में रामजन्मभूमि परिसर में गैस पाइपलाइन फटने से अफरातफरी मच गई, जिसके कारण रामलला के दर्शन कुछ समय के लिए रोक दिए गए।

राम मंदिर

राम मंदिर

HighLights

  1. रामजन्मभूमि परिसर में गैस पाइपलाइन फटने से अफरातफरी का माहौल।

  2. सुरक्षा कारणों से रामलला के दर्शन लगभग आधे घंटे रोके गए।

  3. ग्रीन गैस लिमिटेड ने तुरंत रिसाव ठीक कर दर्शन बहाल किए।

जागरण संवाददाता, अयोध्या। रामजन्मभूमि परिसर में शुक्रवार को दोपहर में उस समय अफरातफरी का माहौल बन गया, जब अचानक गैस का रिसाव शुरू हो गया। इसका कारण खोजा जाने लगा तो पता चला कि राम मंदिर की उत्तर-पश्चिम दिशा में परकोटे के बाहर से गुजर रही गैस पाइपलाइन फट गई है।

आनन-फानन में श्रद्धालुओं की सुरक्षा के दृष्टिगत रामलला सहित परिसर के सभी मंदिरों में दर्शन को रोक दिया गया और ग्रीन गैस लिमिटेड के अधिकारियों को सूचित किया गया। तकनीकी कर्मियों ने पाइप लाइन को ठीक करके रिसाव रोका। इस बीच लगभग आधे से पौन घंटे तक दर्शन स्थगित रखना पड़ा।

हाल ही में सामने आए रसोई गैस सिलिंडर के संकट के दृष्टिगत रामजन्मभूमि परिसर में ग्रीन गैस लिमिटेड की ओर से गैस पाइप लाइन डाली गई थी। इसी के माध्यम से परिसर की सीता रसोई में भगवान के भोग निर्माण सहित अन्य कार्यों में पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) का उपयोग हो रहा है।

पीएनजी से भोग निर्माण का परीक्षण गत मई माह में किया गया था, तभी से पाइप लाइन से आने वाली गैस से ही भोग बनता है। इसके लिए ग्रीन गैस लिमिटेड ने साकेत महाविद्यालय के समीप पराग डेयरी से लगभग ढाई किलोमीटर पाइप लाइन बिछाई थी।

सुरक्षा कारणों से रोक दिए गए दर्शन

सूत्रों ने बताया कि शुक्रवार को राम मंदिर में दर्शन सामान्य तरीके से चल रहा था, इसी बीच दोपहर में लगभग एक बजे अचानक परिसर में गैस की तीव्र गंध आनी शुरू हुई। सुरक्षा अधिकारियों ने इसका कारण खोजना शुरू किया, तो पता चला कि परिसर के उत्तरी हिस्से में स्थित ग्रीन हाउस के समीप जेसीबी से खोदाई के दौरान कुबेर टीला की ओर जाने वाले मार्ग के पास गैस की पाइप लाइन फट गई है।

तुरंत ग्रीन गैस लिमिटेड के अधिकारियों को सूचना दी गई। इस बीच दर्शनार्थियों की सुरक्षा के दृष्टिगत उन्हें जहां-तहां रोककर दर्शन स्थगित कर दिया गया। कंपनी के तकनीकी कर्मी पहुंचे और पाइप लाइन को बदल कर गैस का रिसाव रोका।

इस कार्य में लगभग आधा घंटा लग गया। रिसाव बंद होने के बाद दोपहर डेढ़ बजे के आसपास दर्शन को यथावत कर दिया गया। ट्रस्ट के सुरक्षा प्रभारी कैप्टन केके तिवारी ने बताया कि खोदाई के दौरान पाइप लाइन फटी थी। बहुत कम समय में रिसाव को रोक दिया गया था। कोई नुकसान नहीं हुआ, लेकिन सुरक्षा कारणों से दर्शन को थोड़े समय के लिए रोक दिया गया था।

यह भी पढ़ें- अयोध्या में एक करोड़ शिवलिंग से युक्त ‘ग्रेट वॉल ऑफ शिवा’ का होगा निर्माण, 7000 वर्ग फीट की होगी दीवार