आज चढ़ेगा रामलला का तिलक, पहली बार ट्रेन में सवार होकर अयोध्या आएंगे जनकपुर के तिलकहरू
रामलला के तिलक समारोह के लिए जनकपुरधाम से तिलकहरुओं का समूह पहली बार ट्रेन से अयोध्या पहुंच रहा है।

राम मंदिर में स्थापित रामलला का विग्रह। जागरण अर्काइव
HighLights
जनकपुर से तिलकहरुओं का समूह पहली बार ट्रेन से अयोध्या।
सरयू-कमला एक्सप्रेस से भारत-नेपाल के रिश्ते हुए मजबूत।
नेपाली यात्रियों को अयोध्या दर्शन में अब मिलेगी सुविधा।
लवलेश कुमार मिश्र, अयोध्या। रामलला का तिलक चढ़ाने के लिए तिलकहरुओं का समूह पहली बार जनकपुरधाम से ट्रेन से आ रहा है। तिलकहरुओं के साथ बड़ी संख्या में ऐसे नेपाली यात्री भी सवार हैं, जो अयोध्या पहुंच रामलला का दर्शन-पूजन भी करेंगे। इससे पहले तिलकहरू सड़क मार्ग से यहां पहुंचे थे।
शनिवार को सरयू-कमला एक्सप्रेस ट्रेन का नियमित संचालन शुरू होने पर ट्रेन में तिलकहरुओं को सवार होते देख जनकपुरवासी भी मुदित रहे। नई ट्रेन से भारत व नेपाल के पारंपरिक रिश्तों को प्रगाढ़ होते देख जनकपुर के लोगों ने खुशी जता जयकारे लगाए। कहा, यह दोनों सरकार की सराहनीय पहल है। इससे नेपाल के लोगों को भी अयोध्या में दर्शन की सुविधा मिलेगी।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह की ओर से गत 23 नवंबर को हरी झंडी दिखाने के बाद शनिवार से सरयू-कमला एक्सप्रेस का नियमित संचालन शुरू हो गया। यह ट्रेन सप्ताह में एक दिन चलेगी। शनिवार को जनकपुर से चली ट्रेन रविवार सुबह सवा आठ बजे अयोध्या कैंट पहुंचेगी।
ट्रेन में सवार तिलकहरू अयोध्याधाम जंक्शन पर ही उतर कर कारसेवकपुरम रवाना हो जाएंगे। इससे पहले उनके साथ ट्रेन से आने वाले अन्य यात्रियों के जोरदार स्वागत की तैयारी है। यह ट्रेन सोमवार को अयोध्या कैंट से शाम 17:50 बजे जनकपुर के लिए प्रस्थान करेगी।
दोनों देशों के पारंपरिक रिश्ते होंगे मजबूत
शनिवार को जनकपुर से अयोध्या के लिए चली सरयू-कमला एक्सप्रेस में सवार होकर आ रहे जनकपुर के मेयर मनोज साह ने ‘दैनिक जागरण’ से कहा, नई ट्रेन से अयोध्या तक सफर करना बेहद आरामदायक रहा। दोनों सरकार की पहल प्रशंसनीय है। यह दोनों देशों के संयुक्त प्रयास से सफल हो पाया है। इससे पारंपरिक रिश्ते और मजबूत होंगे।
विहिप नेपाल के धनुषा जिलाध्यक्ष संतोष साह ने कहा, ट्रेन के माध्यम से जनकपुर के ऐसे लोगों को भी अपने पाहुन का दर्शन मिल सकेगा, जो सड़क मार्ग से नहीं आ पाते थे। विहिप नेपाल के केंद्रीय सदस्य रघुनाथ साह ने बताया कि जनकपुर से दोपहर में ट्रेन रवाना होते समय लोगों में बड़ा उत्साह दिखाई पड़ा।
जनकपुर के साथ भारत के लोगों को भी इस ट्रेन से बड़ी सुविधा मिली है। ट्रेन मेंं सवार जनकपुर निवासी यात्री नथुनी साह ने कहा, नई ट्रेन से यात्रा का अलग अनुभव रहा। ट्रेन के वातानुकूलित कोच अच्छे हैं। पहली बार ट्रेन से अयोध्या आने का आनंद सदैव अविस्मरणीय बना रहेगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।