Trending

    loading ads...
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    मेटा के अलर्ट के बाद आजमगढ़ पुलिस ने 19 वर्षीय युवती की आठ मिनट में बचायी जान

    By Digital Desk Edited By: Abhishek sharma
    Updated: Sun, 05 Apr 2026 01:15 PM (IST)

    एक 19 वर्षीय युवती ने इंस्टाग्राम पर दवाइयां खाते हुए आत्महत्या का वीडियो पोस्ट किया। मेटा कंपनी के अलर्ट पर उत्तर प्रदेश पुलिस मुख्यालय ने तत्काल कार ...और पढ़ें

    News Article Hero Image

    मेटा अलर्ट से बची आजमगढ़ की युवती की जान, पुलिस ने 8 मिनट में किया रेस्क्यू।

    जागरण संवाददाता, आजमगढ़। थाना सिधारी की 19 वर्षीय युवती ने “मैं भी और मेरी स्टोरी भी लास्ट है, क्यूंकि मैं जा रही हूँ अपनी अम्मी के पास” यह टेक्स्ट लिखकर, अत्यधिक मात्रा में दवाईयां खाते हुए, इंस्टाग्राम पर वीडियो पोस्ट किया। इस पोस्ट के संबंध में तीन अप्रैल को रात्रि 10:18 बजे मेटा कंपनी की तरफ से मुख्यालय पुलिस महानिदेशक स्थित सोशल मीडिया सेंटर को ई-मेल के जरिए अलर्ट प्राप्त हुआ। इस सूचना का तत्काल संज्ञान लेकर उच्चाधिकारियों को सूचित किया गया।

    पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश, राजीव कृष्ण ने इस अलर्ट पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। मेटा कंपनी द्वारा भेजे गए अलर्ट के आधार पर मुख्यालय की सोशल मीडिया सेंटर ने युवती की लोकेशन की जानकारी प्राप्त की और जनपद आजमगढ़ को सूचित किया।

    मुख्यालय द्वारा उपलब्ध कराई गई सूचना के आधार पर थाना सिधारी के उप निरीक्षक, महिला उप निरीक्षक और पुलिस कर्मियों ने मात्र 08 मिनट में युवती के घर पहुंचकर परिजनों को सूचित किया। पुलिस कर्मियों ने जब युवती के पास पहुंचकर देखा, तो वह जोर-जोर से रो रही थी और अपने पेट व गले को पकड़कर दबा रही थी। इस स्थिति में युवती बेहोश हो गई। पुलिस कर्मियों ने तुरंत परिजनों के साथ मिलकर बेहोश युवती को एंबुलेंस द्वारा नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सक ने उसे एडमिट कर उपचार शुरू किया।

    अस्पताल से डिस्चार्ज होने के बाद युवती ने पुलिस कर्मियों से बातचीत में बताया कि उसकी माँ नहीं हैं और वह खुद को बहुत अकेला महसूस करती है। कुछ दिन पहले खाना बनाने को लेकर उसकी बहन से विवाद हुआ था, जिससे वह मानसिक रूप से अत्यधिक आहत और अवसादग्रस्त हो गई थी। इसी कारण उसके मन में आत्महत्या का विचार आया और उसने घर में रखी सभी दवाइयां एक साथ खा लीं।

    पुलिस कर्मियों की तत्परता से युवती की जान बचाई गई और उसे काउंसि‍लिंग भी दी गई। युवती ने भविष्य में ऐसी गलती न करने का आश्वासन दिया। युवती के परिजनों ने स्थानीय थाने के पुलिसकर्मियों की तत्परता और सहयोग के लिए उत्तर प्रदेश पुलिस को धन्यवाद दिया।