आलू किसानों के लिए बड़ी खुशखबरी: दाम गिरेंगे तो सरकार भरेगी नुकसान, भाड़े पर भी मिलेगी छूट
उत्तर प्रदेश सरकार ने आलू उत्पादकों के लिए 'भामाशाह भाव स्थिरता कोष' शुरू किया है, जिससे उन्हें बाजार में आलू ...और पढ़ें

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है। जागरण
HighLights
आलू किसानों के लिए 'भामाशाह भाव स्थिरता कोष' योजना।
बाजार में दाम गिरने पर सरकार करेगी नुकसान की भरपाई।
कोल्ड स्टोरेज भाड़े पर मिलेगी 100 रुपये प्रति क्विंटल सब्सिडी।
जागरण संवाददाता, आजमगढ़। प्रदेश सरकार ने आलू उत्पादक किसानों को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने और बाजार में आलू के दामों में होने वाली गिरावट से बचाने के लिए ‘भामाशाह भाव स्थिरता कोष की शुरूआत की गई है। इस महत्वाकांक्षी योजना का लाभ जनपद के पात्र किसानों तक पहुंचाने के लिए जिला उद्यान विभाग की तरफ से आनलाइन पंजीकरण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
प्रभारी जिला उद्यान अधिकारी जय करण सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री के लोक कल्याण संकल्प पत्र के वायदे के अनुसार स्थापित इस कोष का मुख्य उद्देश्य आलू किसानों को बाजार के उतार-चढ़ाव से बचाना है। उन्होंने बताया कि योजना के अंतर्गत किसानों को दिए जाने वाले लाभों में बाजार भाव गिरने पर अनुदान के तहत यदि बाजार में आलू की कीमतें अत्यधिक गिरती हैं, तो किसानों को निर्धारित लागत के 25 प्रतिशत या उत्पादन लागत व बिक्री मूल्य के अंतर में से जो भी कम होगा, उतने अनुदान की प्रतिपूर्ति की जाएगी।
यह लाभ प्रति किसान अधिकतम दो हेक्टेयर क्षेत्र और प्रति हेक्टेयर अधिकतम 240 क्विंटल उत्पादन तक ही सीमित होगा। इसी प्रकार कोल्ड स्टोरेज भाड़ा सहायता में निजी शीतगृहों (कोल्ड स्टोरेज) में आलू भंडारित करने वाले जनपद के किसानों को 100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से भंडारण शुल्क अनुदान दिया जाएगा।
इसके तहत एक किसान को अधिकतम 20 हजार रुपये तक की वित्तीय सहायता मिल सकेगी। योजना के तहत मिलने वाली सभी अनुदान और सहायता राशि डीबीटी के माध्यम से सीधे लाभार्थी किसानों के बैंक खातों में भेजी जाएगी।
यह भी पढ़ें- आजमगढ़-गाजीपुर हाईवे के पास बंद रेलवे फाटक पर बनेगा ओवरब्रिज, जल्द मकानों को भेजा जाएगा नोटिस
इस पोर्टल पर करें आनलाइन आवेदन
प्रभारी जिला उद्यान अधिकारी ने कहा कि जनपद के सभी इच्छुक आलू उत्पादक किसान योजना का लाभ लेने के लिए उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग के आधिकारिक आनलाइन पोर्टल https://potato.uphorticulture.in पर जाकर अथवा दिए गए बारकोड को स्कैन अपना पंजीकरण सुनिश्चित कराएं।
