विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बदायूं में बवाल: भूख हड़ताल बेअसर रही तो मोबाइल टावर पर चढ़े 2 युवक; मंदिर कमेटी से जुड़ा है पूरा विवाद

Published: Wed, 28 Oct 2026 01:06 PM (IST)

बदायूं के परौली गांव में मंदिर समिति के खिलाफ कार्रवाई न होने से नाराज दो युवक मोबाइल टावर पर चढ़ ...और पढ़ें

मुकेश शर्मा और आकाश पाठक

मुकेश शर्मा और आकाश पाठक

HighLights

  1. भूख हड़ताल के 25 दिन बाद भी कार्रवाई न होने से थे नाराज

जागरण संवाददाता, बदायूं। बिल्सी क्षेत्र के ग्राम परौली में मंदिर समिति के खिलाफ कार्रवाई न होने से नाराज दो युवक बुधवार को मोबाइल टावर पर चढ़ गए। टावर पर चढ़े मुकेश शर्मा और आकाश पाठक मंदिर समिति के हिसाब-किताब को सार्वजनिक करने और नई कमेटी के गठन समेत विभिन्न मांगों को लेकर विरोध जता रहे हैं।

पुलिस और ग्रामीणों ने उन्हें समझाकर नीचे उतारने का प्रयास किया, लेकिन काफी देर तक दोनों टावर से नीचे उतरने को तैयार नहीं हुए।मंदिर समिति के खिलाफ पहले भी आंदोलन किया जा चुका है।

करीब 25 दिन पूर्व ग्रामीणों ने मंदिर समिति के हिसाब-किताब और नई कमेटी के गठन की मांग को लेकर तीन दिन तक भूख हड़ताल की थी। भूख हड़ताल के तीसरे दिन नायब तहसीलदार अमित कुमार मौके पर पहुंचे थे।

उन्होंने ग्रामीणों से वार्ता कर मंदिर से संबंधित करीब 40 रजिस्टर और बैंक स्टेटमेंट अपने साथ ले लिए थे। साथ ही 10 दिन के भीतर अभिलेखों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया था।

इसके बाद ग्रामीणों ने भूख हड़ताल समाप्त कर दी थी। ग्रामीणों का आरोप है कि आश्वासन के बावजूद करीब 25 दिन बीतने के बाद भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

इसी से नाराज होकर मुकेश शर्मा और आकाश पाठक मोबाइल टावर पर चढ़ गए। ग्रामीणों की मांग है कि मंदिर समिति पिछले 16 वर्षों से हिसाब-किताब सार्वजनिक करे।

मंदिर की जमीन को किराये पर देने से हुई आय और समिति द्वारा किए गए खर्चों का पूरा ब्योरा सामने लाया जाए। इसके अलावा बड़े और छोटे मंदिर के लिए अलग-अलग कमेटी गठित की जाए, जिसमें प्रत्येक कमेटी में कम से कम 21 सदस्य हों।

कमेटी में सर्वसमाज की भागीदारी सुनिश्चित करते हुए गांव की प्रत्येक जाति से दो-दो प्रतिनिधियों को शामिल करने तथा निश्चित समय पर चुनाव कराने की भी मांग की गई है। पुलिस और ग्रामीण लगातार दोनों को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास में जुटे रहे।

यह भी पढ़ें- बदायूं सपा में 20 साल पुरानी गुटबाजी खत्म! चाचा शिवपाल की चौसर पर एक साथ आए विरोधी, मिठाई खिलाकर साधी 2027 की गोटी