Trending

    loading ads...
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर बरातियों का खतरनाक स्टंट, कारों से उड़ाए नोट; ट्रैफिक पुलिस ने की कार्रवाई

    Updated: Sat, 18 Apr 2026 08:29 AM (IST)

    दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर बरातियों ने कारों से खतरनाक स्टंट किए, जिसमें वे चलती गाड़ियों की खिड़कियों से रुपये उड़ाते दिखे। वीडियो वायरल होने के बाद या ...और पढ़ें

    जागरण संवाददात, बागपत। दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर बरातियों ने कारों से स्टंट किया। दौड़ती हुई कारों की खिड़कियों पर खड़े होकर रुपये उड़ाए। वीड़ियो के आधार पर यातायात पुलिस ने चार में से दो कारों का दो-दो हजार रुपये का चालान किया है।

    वीडियो में दो कारों के नंबर नहीं दिखाई दिए

    सड़कों पर वाहनों से स्टंट के एक के बाद एक मामले सामने आ रहे हैं। इंस्टाग्राम पर एक और वीडियो प्रसारित हुआ, जिसमें चार कारों से कुछ युवक स्टंट करते नजर आ रहे हैं। कुछ युवक कार की खिड़की तो कुछ सनरूफ खोलकर खड़े हैं। हाथों से नोट फेंक रहे हैं। इस वीडियो का यातायात पुलिस ने संज्ञान लिया।

    चार में से दो कारों का दो-दो हजार रुपये का चालान

    यातायात प्रभारी निरीक्षक सतेंद्र सिंह का कहना है कि जांच में सामने आया कि वीडियो दिल्ली-सहारनपुर हाईवे का बड़ौत क्षेत्र में बनाया गया है। युवक किसी बरात में जा रहे हैं। नंबर के आधार पर एक कार मोहम्मद शमशाद निवासी डोगरिया रोड कोडिया जनपद दुर्ग (छत्तीसगढ़) व दूसरी कार आबिद निवासी गली नंबर-1 बरखा तिराहा वार्ड नंबर-5 बागपत के नाम पंजीकृत है। दोनों कारों का दो-दो हजार रुपये का चालान किया गया है। अन्य दो कारों के नंबर का पता नहीं चल पाया है।

    थार गाड़ी से भी युवक ने किया था स्टंट

    बता दें कि एक दिन पहले ही दिल्ली-देहरादून ग्रीनफील्ड हाईवे पर थार गाड़ी से युवक ने स्टंट किया था। इंस्टाग्राम पर वीडियो प्रसारित होने पर पुलिस ने छह हजार रुपये का गाड़ी का चालान किया गया था। इससे पहले भी स्टंट करने वालों के विरुद्ध पुलिस कार्रवाई कर चुकी है।

    यह भी पढ़ें- अलीगढ़ में पूर्व राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान बोले- देश के विकास के लिए महिलाओं की भागीदारी अनिवार्य, तीन तलाक में 96% कमी

    यह भी पढ़ें- फिरोजाबाद में तहसीलदार बोलीं- iPhone में पड़ी है डीएम की सिम, बिल मेरे पास; छुट्टी के नाम पर अधिकारियों का शोषण