विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

1995 के तिहरे हत्याकांड में उम्रकैद काट रहे कैदी की सजा राज्यपाल ने की माफ, BJP विधायक खुद लेकर गए घर

Published: Fri, 27 Nov 2026 08:06 AM (IST)

राज्यपाल ने बहराइच में 1995 के तिहरे हत्याकांड के आजीवन कारावास के कैदी बृजलाल मिश्र की सजा माफ कर दी है। 

जेल से छूटे बृजलाल मिश्र बाएं से, बगल में मौजूद महसी के भाजपा विधायक सुरेश्वर सिंह। (तस्वीर- जागरण)

जेल से छूटे बृजलाल मिश्र बाएं से, बगल में मौजूद महसी के भाजपा विधायक सुरेश्वर सिंह। (तस्वीर- जागरण)

HighLights

  1. राज्यपाल ने 1995 के तिहरे हत्याकांड के कैदी को माफ किया।

  2. बृजलाल मिश्र को बीमारी और अच्छे व्यवहार पर मिली रिहाई।

  3. बहराइच जिला कारागार से गुरुवार शाम को रिहा किया गया।

जागरण संवाददाता, बहराइच। वर्ष 1995 में हुई गोकरन सिंह समेत तीन हत्याकांड में आजीवन कारावास की सजा काट रहे कैदी की सजा राज्यपाल ने माफ कर दी। जिलाधिकारी की संस्तुति पर गुरुवार शाम को जिला कारागार से बंदी को रिहा कर दिया गया है। इससे परिवारजन में खुशी है।

हरदी इलाके में वर्ष 1995 में गोकरन सिंह समेत तीन लोगों की नृशंस हत्या कर दी गई थी। हत्या में गोकरन सिंह के पुत्र ने कई लोगों पर हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था। कोर्ट में सुनवाई के बाद सात सितंबर 2019 को पांच लोगाें को आजीवन कारावास की सजा मिली। पुलिस ने सभी को उसी दिन जेल भेज दिया था।

तभी से सभी लोग जेल में निरुद्ध थे। जेल अधीक्षक राजीव कुमार सिंह ने बताया कि जेल में निरुद्ध कैदी हरदी के सिकंदरपुर निवासी बृजलाल मिश्र की सजा राज्यपाल ने माफ करते हुए पत्र जिलाधिकारी को दो दिन पूर्व भेजा था। जिलाधिकारी की संस्तुति पर उन्हें गुरुवार शाम को छोड़ दिया गया।

जेलर अजय कुमार झा ने बताया कि शाम 6:30 बजे रिहाई आदेश मिलते ही कारागार से रिहा कर दिया गया। इस दौरान बृजलाल आठ वर्ष तक जेल में रहे। जेल प्रशासन के मुताबिक बीमारी और जेल में अच्छे कार्य व्यवहार को देखते हुए राज्यपाल ने सजा माफ की है।

जेल अधीक्षक ने बताया कि आजीवन कारावास की सजा पाने वालों में बृजलाल मिश्र, पूर्व जिपं सदस्य महाराजदीन मिश्र, कौशल किशोर शुक्ल, बृजेश्वर सिंह, राजू भुजवा को मिली थी।

इनमें महाराजदीन मिश्र व कौशल किशोर की जेल में मौत हो चुकी है। वहीं रमेश कुमार उर्फ राजू भुजवा व बृजेश्वर सिंह अभी भी जेल में सजा काट रहे हैं। बृजलाल मिश्र जिले के कद्दावर भाजपा विधायक सुरेश्वर सिंह के बेहद करीबी भी बताए जा रहे हैं। जिला कारागार से उनकी रिहाई के बाद वह स्वंय उन्हें अपने साथ लेकर उनके घर गये।

यह भी पढ़ें- लखनऊ तिहरा हत्याकांड: अब सोशल मीडिया खंगाल रही पुलिस, फायरिंग के वीडियो लाइक करने वाले भी रडार पर

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।