विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

भोजपुरी अभिनेता व बिहार विधान परिषद सदस्य पवन सिंह भरण-पोषण मुकदमे में फिर गैरहाजिर, ज्योति का बयान दर्ज

By Vns Milan K. Gupta Edited By: Abhishek sharma
Published: Thu, 12 Nov 2026 07:19 PM (IST)

भोजपुरी अभिनेता पवन सिंह भरण-पोषण मुकदमे की सुनवाई में फिर अनुपस्थित रहे, जबकि उनकी पत्नी ज्योति सिंह ने न्यायालय में ...और पढ़ें

पवन सिंह भरण-पोषण मुकदमे में फिर गैरहाजिर, ज्योति सिंह ने दर्ज कराया बयान।

पवन सिंह भरण-पोषण मुकदमे में फिर गैरहाजिर, ज्योति सिंह ने दर्ज कराया बयान।

HighLights

  1. पवन सिंह भरण-पोषण मुकदमे की सुनवाई में फिर अनुपस्थित रहे।

  2. पत्नी ज्योति सिंह ने न्यायालय में अपना दो पन्नों का बयान दर्ज कराया।

  3. ज्योति ने पवन सिंह पर पद और पैसे के दुरुपयोग का आरोप लगाया।

जागरण संवाददाता, बलिया। भोजपुरी अभिनेता व बिहार विधान परिषद सदस्य पवन सिंह और उनकी पत्नी ज्योति सिंह के बीच चल रहे भरण-पोषण के मुकदमे में गुरुवार को अपर प्रधान न्यायाधीश, फैमिली कोर्ट में सुनवाई हुई।

इस दौरान ज्योति सिंह न्यायालय में उपस्थित हुईं, जबकि पवन सिंह अनुपस्थित रहे। उनकी ओर से अधिवक्ता ने पक्ष रखा। सुनवाई के दौरान ज्योति सिंह का दो पन्नों का बयान दर्ज किया गया। न्यायालय ने अगली सुनवाई के लिए तीन दिसंबर की तिथि निर्धारित की है।

पिछली सुनवाई पर पवन सिंह के अनुपस्थित रहने पर न्यायालय ने तीन हजार रुपये का हर्जाना लगाया था। उनके अधिवक्ता की ओर से हर्जाने की धनराशि जमा करा दी गई थी, इसके बावजूद गुरुवार को भी वह न्यायालय में उपस्थित नहीं हुए। न्यायालय परिसर के बाहर ज्योति सिंह ने मीडिया से बातचीत में पवन सिंह की लगातार गैरमौजूदगी पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि न्यायालय बार-बार उन्हें उपस्थित होने के लिए बुला रहा है, लेकिन वह आदेशों की अनदेखी कर रहे हैं।

आरोप लगाया कि पवन सिंह अपने पद और पैसे की ताकत के बल पर उन्हें परेशान कर रहे हैं। उन्होंने सरकार पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि एक बेटी लंबे समय से न्याय के लिए भटक रही है, लेकिन उसकी परेशानी किसी को दिखाई नहीं दे रही है। उन्होंने कहा कि सरकार बेटी को आगे रखकर चुनाव लड़ने की बात करती है, लेकिन एक बेटी को न्याय के लिए भटकना पड़ रहा है। उन्होंने पवन सिंह पर अपने सार्वजनिक पद की गरिमा का ध्यान नहीं रखने का भी आरोप लगाया।

छह मार्च 2018 को हुई थी शादी, आरा में तलाक की अर्जी
भोजपुरी अभिनेता ने छह मार्च 2018 को बलिया शहर के मिड्ढी निवासी रामबाबू सिंह की पुत्री ज्योति सिंह से शादी की थी। शादी के कुछ समय बाद दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। पवन सिंह ने बिहार के आरा स्थित पारिवारिक न्यायालय में तलाक की अर्जी दाखिल की। इसके बाद ज्योति सिंह ने 22 अप्रैल 2022 को बलिया फैमिली कोर्ट में अंतरिम भरण-पोषण के लिए याचिका दाखिल की थी।

इसमें मुकदमे के निस्तारण तक दो लाख रुपये प्रतिमाह भरण-पोषण देने की मांग की गई थी। ज्योति ने अपनी शिकायत और न्यायालय में दिए गए आवेदन में पवन सिंह पर मानसिक एवं शारीरिक उत्पीड़न, मारपीट और गर्भपात कराने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही विवाद शुरू हो गया था, जिसके बाद उन्हें मायके लौटना पड़ा। दोनों पक्षों के बीच विवाद सुलझाने के लिए न्यायालय की ओर से काउंसिलिंग भी कराई गई, लेकिन सहमति नहीं बन सकी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।