विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ओसामा को खोजने वाला कुत्ता… अब बाराबंकी पुलिस के पास, BSF के ट्रेनिंग सेंटर में किया गया प्रशिक्षित

Updated: Tue, 18 Aug 2026 07:45 PM (IST)

बेल्जियन शेफर्ड नस्ल का खोजी कुत्ता 'टकर' बाराबंकी पुलिस के डॉग स्क्वाड में शामिल हुआ है। इसे बीएसएफ के ट्रेनिंग सेंटर में प्रशिक्षित किया गया है और यह गंभीर अपराधों के खुलासे में पुलिस की मदद करेगा।

News Article Hero Image

HighLights

  1. बेल्जियन शेफर्ड कुत्ता 'टकर' बाराबंकी पुलिस डॉग स्क्वाड में शामिल।

  2. बीएसएफ के ग्वालियर सेंटर में नौ माह का विशेष प्रशिक्षण।

  3. गंभीर अपराधों के खुलासे में पुलिस की करेगा महत्वपूर्ण मदद।

निरंकार जायसवाल, बाराबंकी। ओसामा बिन लादेन को खोज निकालने वाली टीम में शामिल बेल्जियन शेफर्ड नस्ल का खोजी कुत्ता अब बाराबंकी पुलिस टीम में शामिल किया गया है।

पुलिस को अब अपराधियों तक पहुंचने में मदद मिलेगी। बीएसएफ के ग्वालियर स्थित नेशनल ट्रेनिंग सेंटर फार डॉग में प्रशिक्षित इस खोजी कुत्ते को जिले के डॉग स्क्वाड में शामिल किया गया है जिसका नाम टकर है।

मजबूत और एथलेटिक माने जाने वाले इस नस्ल के कुत्तों का सेना और सुरक्षा बलों में भी इस्तेमाल होता है। इसकी खोजने और सुराग तक पहुंचने की क्षमता को देखते हुए पुलिस को गंभीर अपराधों के राजफाश में मदद मिलने की उम्मीद है।

बीते साल हुई दो कुत्तों की मृत्यु

जिले के डॉग स्क्वाड में शामिल डायना की तीन अप्रैल 2025 और निक्की की 18 सितंबर 2025 को मृत्यु हो गई थी। डाबर मैन ब्रीड के यह दोनों के न रहने के बाद करीब एक वर्ष से जिले में घटनास्थल से सुराग जुटाने के लिए पुलिस के पास प्रशिक्षित खोजी कुत्ते की तैनाती नहीं थी। अब नए खोजी कुत्ते टकर के शामिल होने से पुलिस को राहत मिली है।

टकर के साथ हैंडलर विकास कुमार ने भी नेशनल ट्रेनिंग सेंटर फार डॉग, ग्वालियर से नौ माह का प्रशिक्षण लिया हैं। प्रशिक्षण के दौरान कुत्ते को घटनास्थल से मिले सुरागों की गंध से संदिग्ध तक पहुंचने के लिए तैयार किया गया है।

हैंडलर और खोजी कुत्ते के बीच बेहतर तालमेल होने से घटनास्थल पर सुराग जुटाने में पुलिस को सहूलियत होगी। डॉग हैंडलर विकास ने बताया कि ओसामा बिन लादेन को खोजने वाली टीम में बेल्जियन शेफर्ड नस्ल के कुत्ता ही निकाला था।

संगीन वारदातों में मदद

हत्या, चोरी, लूट सहित गंभीर वारदातों में घटनास्थल से मिले कपड़े, वस्तु या अन्य सुरागों को सूंघाकर संदिग्धों तक पहुंचने का प्रयास किया जाएगा। खासकर ऐसे मामलों में जहां पुलिस को मौके से महत्वपूर्ण सुराग नहीं मिल पाते हैं, वहां खोजी कुत्ता जांच की दिशा तय करने में मददगार साबित हो सकता है। पुराने और अनसुलझे मामलों में भी जरूरत के अनुसार इसकी मदद ली जा सकेगी।

ढाई माह बाद मिल सकता है एक और

जिले में अपराध की घटनाओं की जांच को और मजबूत करने के लिए एक और खोजी कुत्ता मिलने की उम्मीद है। बताया जा रहा है कि करीब ढाई माह बाद दूसरा कुत्ता डॉग स्क्वाड में शामिल हो सकता है। हालांकि उसकी नस्ल को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है।

2011 में अमेरिका ने चलाया था ऑपरेशन

उल्लेखनीय है कि अमेरिका ने अलकायदा प्रमुख रहे ओसामा बिन लादेन की तलाश में साल 2011 में एक सर्च ऑपरेशन चलाया था। यह ऑपरेशन पाकिस्तान के एबटाबाद में हुआ, जिसे ‘ऑपरेशन नेपच्यून स्पीयर’ कहा गया। ऑपरेशन में शामिल अमेरिकी नाैसेना की टीम में बेल्जियन मैलिनोइस (Belgian Malinois) नस्ल का कुत्ता भी शामिल था।