विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बरेली में लगातार बारिश से तबाही: ताश के पत्तों की तरह ढहे तीन मकान; मलबे में दबी गाड़ियां

Published: Mon, 07 Sep 2026 03:00 PM (IST)

बरेली में लगातार बारिश के चलते पिछले 24 घंटों में बानखाना और आजमनगर में तीन जर्जर मकान ढह गए। गनीमत ...और पढ़ें

बरसात के चलते धराशायी हुए मकान

बरसात के चलते धराशायी हुए मकान

जागरण संवाददाता, बरेली। शहर में रविवार दोपहर से जारी मूसलाधार बारिश के कारण जर्जर भवनों का गिरना शुरू हो गया है। बीते 24 घंटों के भीतर बानखाना और आजमनगर क्षेत्र में तीन जर्जर मकान ढह गए। गनीमत यह रही कि तीनों ही इमारतें खाली थीं, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया और कोई जनहानि नहीं हुई।

पहला हादसा रविवार रात बानखाना इलाके में हुआ, जहां बारिश के दबाव में एक पुराना भवन ढह गया। वहीं, दूसरा बड़ा हादसा सोमवार सुबह लगभग साढ़े छह बजे वार्ड-20 आजमनगर स्थित हरी मस्जिद के पास हुआ। यहाँ शरीफ खान का 50 वर्गगज में बना 80 वर्ष पुराना दो मंजिला मकान भरभराकर गिर गया।

मकान गिरते ही तेज धमाके के साथ मलबा पूरी गली में फैल गया। गली में खड़ी तीन मोटरसाइकिलें मलबे के नीचे दबकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। स्थानीय निवासियों के अनुसार, जर्जर स्थिति के कारण शरीफ खान का परिवार इस मकान को काफी समय पहले ही खाली कर चुका था, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

शहर में लगातार हो रही वर्षा से कई अन्य प्राचीन और जर्जर भवनों की दीवारों में भी सीलन और दरारें आ गई हैं, जिससे आसपास रहने वाले लोगों में दहशत का माहौल है। नगर निगम और स्थानीय प्रशासन ने सुरक्षा के लिहाज से जर्जर मकानों के आसपास से लोगों को सतर्क रहने की हिदायत दी है।

यह भी पढ़ें- स्मार्ट सिटी बरेली में जलप्रलय: 3.5 घंटे की बारिश में सड़कें डूबीं, ट्रैक्टर पर निकले नगर आयुक्त, देखें वायरल वीडियो