विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बरेली पुलिस में हड़कंप: वारंट दबाकर बैठे 9 थाना प्रभारियों पर SSP का एक्शन, सर्विस बुक में दर्ज हुई चेतावनी

Published: Tue, 03 Nov 2026 10:08 PM (IST)

बरेली के एसएसपी अनुराग आर्य ने गैर जमानती वारंटों के निस्तारण में लापरवाही बरतने पर नौ थाना प्रभारियों को चेतावनी ...और पढ़ें

एआई इमेज

एआई इमेज

HighLights

  1. एक सप्ताह में 341 एनबीडब्ल्यू का निस्तारण, 167 वारंटियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा

नीलेश प्रताप सिंह, बरेली। न्यायालय से गैर जमानती वारंट (एनबीडब्ल्यू) जारी होने के बावजूद आरोपितों की गिरफ्तारी में नौ थानों की पुलिस सुस्त रही। वारंटियों की धरपकड़ में अपेक्षित कार्रवाई नहीं करने पर एसएसपी अनुराग आर्य ने संबंधित थाना प्रभारियों की जवाबदेही तय करते हुए उनकी व्यक्तिगत पत्रावली में चेतावनी दर्ज कराई है।

साथ ही दोबारा विशेष अभियान चलाकर लंबित वारंटों का निस्तारण करने के निर्देश दिए। थाना प्रभारियों की यह सुस्ती 25 से 31 अक्टूबर तक चले विशेष अभियान की समीक्षा में सामने आई।

एक सप्ताह में जिलेभर में 341 एनबीडब्ल्यू का निस्तारण किया गया। इनमें 167 वारंटियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि 58 ने न्यायालय में उपस्थित होकर वारंट रिकाल कराया। अभियान के दौरान 90 वारंटी मृत पाए गए और 26 पहले से जेल में निरुद्ध मिले।

कैंट, इज्जतनगर समेत नौ थाना प्रभारी को चेतावनी

कार्रवाई में पिछड़ने वाले थानों में कोतवाली, कैंट, इज्जतनगर, महिला थाना, हाफिजगंज, भोजीपुरा, अलीगंज, विशारतगंज और सिरौली शामिल हैं। एसएसपी ने इन थानों के प्रभारियों को व्यक्तिगत पत्रावली पर चेतावनी देने के साथ दोबारा अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। यानी अब लंबित वारंटों के निस्तारण में लापरवाही पर सीधे थाना प्रभारियों की जवाबदेही होगी।

वहीं, प्रेमनगर, सुभाषनगर, देवचरा, शीशगढ़, शेरगढ़, नवाबगंज, फतेहगंज पश्चिमी, आंवला और भमोरा के थाना प्रभारियों को उल्लेखनीय कार्रवाई के लिए प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। बारादरी पुलिस ने सर्वाधिक 94 वारंटों का निस्तारण किया। वहीं शाही थाने ने 24 वारंटों का निस्तारण किया।

न्यायालय के आदेशों के अनुपालन में थानों की सुस्ती पर एसएसपी की इस कार्रवाई को पुलिस महकमे में जवाबदेही तय करने के कदम के तौर पर देखा जा रहा है।

यह भी पढ़ें- बरेली: जनसुनवाई में लापरवाही पड़ी भारी, सिर फूटने पर भी केस दर्ज न करने पर थाना प्रभारी समेत 3 पुलिसकर्मी सस्पेंड

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।