विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

‘धूप ही तो है, पिघल थोड़ी जाएंगे...’ वाले डायलॉग से छाईं IAS दिव्या मित्तल ने दिया इस्तीफा, पुराना VIDEO फिर वायरल

Updated: Sun, 30 Aug 2026 11:09 AM (IST)

आईएएस दिव्या मित्तल ने 13 साल की प्रशासनिक सेवा के बाद इस्तीफा दे दिया है, जिसके बाद उनका "धूप ही ...और पढ़ें

HighLights

  1. IAS दिव्या मित्तल ने 13 साल बाद सेवा से इस्तीफा दिया।

  2. उनका "धूप ही तो है" वीडियो फिर से वायरल हुआ।

  3. देवरिया में बाढ़ निरीक्षण के दौरान का था यह वीडियो।

डिजिटल डेस्क, जागरण, गोरखपुर। बाढ़ प्रभावित इलाके में तपती धूप के बीच निरीक्षण करते हुए आईएएस दिव्या मित्तल का एक वीडियो खूब वायरल हुआ था। वीडियो में जब धूप से बचने की बात हुई तो उनका बेफिक्र अंदाज सामने आया—‘अरे यार, धूप ही तो है, पिघल थोड़ी जाएंगे…’। अब उनका यही चर्चित वीडियो एक बार फिर सोशल मीडिया पर सुर्खियां बटोर रहा है। वजह है दिव्या मित्तल का आईएएस सेवा से इस्तीफा देना।

2013 बैच की आईएएस अधिकारी दिव्या मित्तल ने रविवार को करीब 13 वर्ष की प्रशासनिक सेवा के बाद अपने पद से इस्तीफा देने की जानकारी दी। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट लिखकर अपनी सेवा यात्रा और उससे जुड़े अनुभवों को साझा किया। हालांकि इस्तीफे की खबर सामने आते ही लोगों का ध्यान उनके पुराने वायरल वीडियो की ओर भी चला गया।

बाढ़ के बीच धूप में निरीक्षण का VIDEO हुआ था वायरल

दिव्या मित्तल जब देवरिया की जिलाधिकारी थीं, उस दौरान बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के निरीक्षण का एक वीडियो सामने आया था। तेज धूप और मुश्किल हालात के बावजूद वह मौके पर अधिकारियों के साथ निरीक्षण करती नजर आई थीं। जांच के दौरान एडीएम ने उनसे तेज धूप की बात कहते हुए बैठकर बात करने को कहा। इस पर कहा कि 'अरे यार धूप ही तो है, रुको पिघल थोड़ी जाएंगे।'

उनका ‘धूप ही तो है, पिघल थोड़ी जाएंगे’ वाला अंदाज लोगों को खूब पसंद आया। सोशल मीडिया पर वीडियो को उनकी बेबाक और जमीन पर जाकर काम करने वाली शैली से जोड़कर देखा गया। अब वर्षों बाद उनके इस्तीफे की खबर के बीच वही वीडियो फिर से शेयर किया जा रहा है।

GSq78rHW4AEj0p8

देवरिया और मीरजापुर में डीएम रहीं

दिव्या मित्तल की पहचान उत्तर प्रदेश में सक्रिय और चर्चित अधिकारियों में रही है। उन्होंने देवरिया और मीरजापुर की जिलाधिकारी के रूप में भी जिम्मेदारी संभाली। प्रशासनिक सेवा के दौरान कई मौकों पर उनके काम करने के तरीके की चर्चा हुई।

इस्तीफे की जानकारी देते हुए अपने संदेश में उन्होंने सेवा के दौरान मिले अनुभवों और लोगों से मिले विश्वास को याद किया। उन्होंने देवरिया में बिताए कार्यकाल का भी जिक्र किया और कहा कि वहां से उन्हें यह सीख मिली कि सही के साथ खड़ा होना केवल विकल्प नहीं, बल्कि कर्तव्य है।

यह भी पढ़ें- IAS अफसर दिव्या मित्तल ने 13 वर्ष की सेवा के बाद दिया इस्तीफा, विशेष सचिव के पद पर थीं तैनात

आईआईटी से आईआईएम और फिर आईएएस तक का सफर

दिव्या मित्तल ने आईआईटी दिल्ली से पढ़ाई करने के बाद आईआईएम बेंगलुरु से प्रबंधन की शिक्षा ली। इसके बाद उन्होंने लंदन में नौकरी की, लेकिन देश लौटकर सिविल सेवा में जाने का फैसला किया। वर्ष 2013 में वह आईएएस बनीं।

अब करीब 13 साल की प्रशासनिक सेवा के बाद उनके इस्तीफे की खबर सामने आई है। इसी के साथ बाढ़ के बीच तपती धूप में निरीक्षण करते हुए उनका पुराना वीडियो भी एक बार फिर लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया है।