Trending

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    एटा में लगातार तीसरे दिन पारा रहा 46 डिग्री के पार, लू के थपेड़ों ने कर दिया हाल बेहाल; न्यूनतम तापमान भी बढ़ा

    By Anil Kumar Edited By: Prateek Gupta
    Updated: Thu, 21 May 2026 09:01 PM (IST)

    एटा में लगातार तीसरे दिन अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस रहा, जिससे भीषण गर्मी और लू का प्रकोप जारी है। लोगों का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है, बिजली- ...और पढ़ें

    preferred source google
    News Article Hero Image

    एटा में गुरुवार दोपहर तेज धूप के चलते लोगों का हाल बेहाल रहा।

    जागरण संवाददाता, एटा। भीषण गर्मी और लू का प्रकोप जनपद में लगातार जारी है। गुरुवार को लगातार तीसरे दिन अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस पर बना रहा। वहीं, न्यूनतम तापमान एक डिग्री बढकर 33 पहुंच गया। करीब 25 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चली लू ने लोगों का घरों से बाहर निकलना मुश्किल कर दिया।

    सुबह से ही तेज धूप और तपिश का असर दिखाई देने लगा। दोपहर होते-होते सड़कें सुनसान नजर आने लगीं। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक लोगों ने जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकलना उचित समझा।

    गर्मी का असर इतना अधिक रहा कि दोपहर के समय बाजारों में भी सामान्य दिनों की तुलना में काफी कम भीड़ दिखाई दी। सड़कों पर निकलने वाले लोग सिर और चेहरे को अंगोछा, तौलिया और कपड़ों से ढककर चलते नजर आए। कई लोग छाता लेकर धूप से बचने का प्रयास करते दिखे। गर्म हवा ने लोगों को बेहाल कर दिया।

    खुले स्थानों पर कुछ मिनट खड़ा होना मुश्किल हो गया। भीषण गर्मी का असर सबसे अधिक दिहाड़ी मजदूरों, ठेला संचालकों और खेतों में काम करने वाले किसानों पर देखा गया। तेज धूप के कारण कई लोगों ने दोपहर के समय काम बंद कर छांव का सहारा लिया।

    ग्रामीण क्षेत्रों में भी लोग पेड़ों और घरों के बाहर बने छप्परों के नीचे बैठकर गर्मी से राहत पाने का प्रयास करते दिखाई दिए। तेज गर्मी का असर बिजली और पेयजल व्यवस्था पर भी देखने को मिल रहा है। दिनभर कूलर, पंखे और एसी चलने से बिजली की मांग बढ़ गई है।

    खबरें और भी

    कई इलाकों में लो वोल्टेज और बिजली कटौती की समस्या भी लोगों को परेशान कर रही है। वहीं पानी की खपत बढ़ने से कई मोहल्लों में पेयजल संकट की स्थिति बनने लगी है।

    मौसम वैज्ञानिक रवींद्र सिंह ने बताया कि तापमान तीसरे दिन गुरुवार को भी 46 डिग्री दर्ज किया गया है, जबकि न्यूनतम तापमान में एक डिग्री की वृद्धि दर्ज की गई। यह 33 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। भीषण गर्मी और लू से राहत मिलने के आसार फिलहाल नहीं हैं। इस सप्ताह तापमान में विशेष गिरावट की संभावना नहीं दिखाई दे रही है।

    उन्होंने लोगों को दोपहर के समय अत्यधिक आवश्यक होने पर ही बाहर निकलने और सावधानी बरतने की सलाह दी है। मौसम विभाग के अनुसार आगामी दिनों में भी गर्म हवाओं का असर जारी रह सकता है, जिससे जनजीवन प्रभावित रहने की संभावना है।

    लू से बचाव के उपाय

    •  दोपहर 12 बजे से शाम चार बजे तक तेज धूप में निकलने से बचें।
    • बाहर निकलते समय सिर को गमछा, टोपी या छाते से ढककर रखें।
    • हल्के रंग और सूती कपड़े पहनें ताकि शरीर ठंडा रहे।
    • पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें, प्यास न लगने पर भी पानी जरूर पिएं।
    • ओआरएस, नींबू पानी, छाछ, लस्सी और नारियल पानी का सेवन करें।
    •  खाली पेट धूप में बाहर न निकलें।
    • अधिक तेल-मसालेदार और भारी भोजन से बचें।
    • छोटे बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों का विशेष ध्यान रखें।