'रामपुर में हैदराबादी बिरयानी पसंद नहीं की जाती', आजम खां के जवाब में इटावा में AIMIM ने बांटी बिरयानी
सपा नेता आजम खान की हैदराबादी बिरयानी पर टिप्पणी के जवाब में एआईएमआईएम ने इटावा में हैदराबादी बिरयानी वितरित की। पार्टी ने इसे 2027 विधानसभा चुनाव से पहले मुस्लिम समाज में ओवैसी के बढ़ते समर्थन का संकेत बताया।

नई बस्ती में बिरयानी खाते हुए लोग। स्वयं
HighLights
आजम खान की टिप्पणी पर एआईएमआईएम ने हैदराबादी बिरयानी वितरित की।
इटावा में बिरयानी वितरण से 2027 विधानसभा चुनाव की हलचल।
एआईएमआईएम ने मुस्लिम मतदाताओं के ओवैसी की ओर रुझान का दावा किया।
जागरण संवाददाता, इटावा। विधानसभा चुनाव 2027 से पहले जिले में सियासी हलचल तेज होने लगी है। सपा के वरिष्ठ नेता आजम खान की हैदराबादी बिरयानी को लेकर की गई टिप्पणी के बाद आल इंडिया मजलिसे इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआइएमआइएम) ने अलग अंदाज में जवाब दिया। पार्टी की ओर से शहर की नई बस्ती में हैदराबादी बिरयानी बनवाकर लोगों को वितरित की गई। इसे लेकर इलाके में लोगों की भीड़ जुटी।
आयोजन की अगुवाई एआइएमआइएम जिलाध्यक्ष शमशाद हुसैन वारसी ने की। इस दौरान असदुद्दीन ओवैसी की तस्वीर वाला पोस्टर भी लगाया गया। जिलाध्यक्ष ने दावा किया कि मुस्लिम समाज का रुझान ओवैसी की ओर बढ़ रहा है। 2027 के विधानसभा चुनाव में 85 प्रतिशत से अधिक मुस्लिम मतदाता गठबंधन के प्रत्याशी का समर्थन करेंगे।
मोहम्मद बहाउद्दीन कुरैशी ने कहा कि उनका परिवार पहले सपा का समर्थन करता रहा है, लेकिन अब उन्हें अपनी बात उठाने वाला नेता मिल गया है। पार्टी नेताओं का कहना है कि चुनाव में जीत भले न मिले, लेकिन मतदान के जरिये मुस्लिम समाज अपनी राजनीतिक ताकत का एहसास कराएगा।
19 नवंबर को रामपुर रैली को लेकर सपा नेता आजम खान ने कहा था कि हमारे इलाके में हैदराबादी बिरयानी को पसंद नहीं किया जाता। यहां के लोग पुलाव व मटन बिरयानी खाना पसंद करते हैं।