फर्रुखाबाद में शिकोहाबाद कासगंज पैसेंजर पर पथराव, यात्रियों के विवाद में स्टेशन पर हुई मारपीट
शिकोहाबाद-कासगंज पैसेंजर ट्रेन में यात्रियों के विवाद के बाद फर्रुखाबाद के श्रीमद् द्वारिकापुरी हाल्ट स्टेशन पर पथराव हुआ। ग्रामीणों ने ट्रेन रुकते ही ...और पढ़ें

शिकोहाबाद कासगंज पैसेंजर पर पथराव।
HighLights
शिकोहाबाद-कासगंज पैसेंजर ट्रेन में यात्रियों के बीच विवाद हुआ।
श्रीमद् द्वारिकापुरी हाल्ट स्टेशन पर ग्रामीणों ने पथराव किया।
जीआरपी के पहुंचने से पहले ट्रेन रवाना, कोई शिकायत नहीं।
जागरण संवाददाता, फर्रुखाबाद। शिकोहाबाद कासगंज पैसेंजर में गार्ड की बोगी से चौथी बोगी में कुछ यात्री आपस में भिड़ गए। ट्रेन में मौजूद यात्रियों ने अपने स्वजन को जानकारी दे दी। शाम को ट्रेन जैसे ही श्रीमद् द्वारिकापुरी हाल्ट स्टेशन पर रुकी तभी ग्रामीणों ने मारपीट कर पथराव शुरू कर दिया। इससे यात्रियों में अफरातफरी मच गयी। ट्रेन में मौजूद जीआरपी मैनपुरी के सिपाही जब तक पहुंचे, तब तक ट्रेन चल दी।
शिकोहाबाद कासगंज पैसेंजर बुधवार शाम 6:56 बजे श्रीमद् द्वारिकापुरी स्टेशन पर रुकी। गांव ऊगरपुर निवासी नट समाज के लोग पहले से मौजूद थे। ट्रेन के रुकते ही कुछ लोग बोगी में चढ़ गए और एक यात्री के साथ मारपीट करने लगे।
नीचे मौजूद महिलाओं व पुरुषों ने ईंट पत्थर चलाए। इस पर बोगी में अफरातफरी मच गयी। स्टेशन पर ट्रेन का ठहराव दो मिनट का है। ट्रेन वहां से 7:01 बजे तीन मिनट विलंब से रवाना हो गई।
जीआरपी थाना मैनपुरी के कार्यवाहक थानाध्यक्ष बृजपाल सिंह ने बताया कि ट्रेन में थाने के सिपाही वीरेंद्र व यशपाल ड्यूटी पर थे। सिपाहियों ने जानकारी दी कि वह आगे की बोगी में थे। तभी पता चला कि पीछे गार्ड की बोगी से आगे चौथी बोगी में मारपीट हो रही है। सिपाही मौके पर पहुंचे तब तक ट्रेन चल दी थी।
बाद में सिपाहियों ने बोगी में यात्रियों से बात की, लेकिन किसी ने मारपीट की पुष्टि नहीं की। ट्रेन फर्रुखाबाद स्टेशन पर पहुंची तब भी सिपाहियों ने यात्रियों से बात की, लेकिन किसी भी यात्री ने जानकारी नहीं दी।
ट्रेन के गार्ड से भी फोन पर संपर्क किया गया, उन्होंने भी कोई सूचना नहीं दी। यदि कोई यात्री इस संबंध में तहरीर देगा तो जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
फर्रुखाबाद आरपीएफ थाना प्रभारी ओमप्रकाश मीणा ने बताया कि श्रीमद् द्वारिकापुरी उत्तर मध्य रेलवे की हाल्ट स्टेशन है। यह स्टेशन जीआरपी व आरपीएफ थाना मैनपुरी के अधीन है। इस संबंध में यहां थाने में कोई जानकारी नहीं दी गयी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।