फिरोजाबाद में बरात चढ़त के दौरान हाईटेंशन तार से टकराई दूल्हे की बग्घी, दो बैंडकर्मियों की मौत
फिरोजाबाद के दौलतपुर बैजुआ गांव में बरात चढ़त के दौरान दूल्हे की बग्घी 11 हजार वोल्ट के तार से छू गई। इस हादसे में दो बैंडकर्मियों और दो घोड़ों की मौके पर ही मौत हो गई।

गांव दौलतपुर बैजुआ में शनिवार को घटना की जानकारी करती पुलिस, मौके पर मृत अवस्था में पड़े घोड़े, गांव दौलतपुर बैजुआ में शनिवार रात घटना के बाद मौके पर जुटी ग्रामीणों की भीड़
HighLights
बरात चढ़त के दौरान बग्घी हाईटेंशन तार से छू गई।
दो बैंडकर्मियों और दो घोड़ों की मौके पर मौत हुई।
दूल्हा सुरक्षित बचा, ग्रामीणों ने खींचकर उतारा।
संवाद सहयोगी, फिरोजाबाद। बरात चढ़ते समय 11 हजार वोल्टेज के तार से छूई बग्घी में करंट दौड़ गया। जिससे दो बैंडकर्मियों की मौके पर ही मृत्यु हो गई। वहीं एक झुलस गया। दूल्हा बाल-बाल बचा। उसे ग्रामीणों ने खींचकर उतार लिया। शनिवार रात साढ़े नौ बजे हुई इस घटना से गांव दौलतपुर बैजुआ में चीखपुकार मच गई।
गांव में रहने वाले सर्वेश वाल्मीकि की बेटी निशा की बरात मथुरा के फरह से आई थी। रात साढ़े नौ बजे बरात गांव में घूम रही थी। इसी दौरान प्राथमिक स्कूल के पास बग्घी का ऊपरी हिस्सा वहां से गुजर रही 11 हजार वोल्टेज की लाइन से छू गया।
जिससे बग्घी में करंट दौड़ गया। उसमें लगे दो घोड़े और उन्हें पकड़ कर चल रहे दो बैंडकर्मी झुलस गए। जिससे बैंडकर्मियों के साथ ही दोनों घोड़ों की भी मौके पर ही मृत्यु हो गई।
घटना के बाद शादी समारोह में मची चीखपुकार
बैंडकर्मियों की पहचान पप्पू निवासी मियां बाजार और अकील निवासी नगला राधे थाना सिरसागंज के रूप में हुई। घटना में एक अन्य बैंडकर्मी भी घायल हो गया। जिसे पुलिस ने सरकारी ट्रॉमा सेंटर भेजा है।
इस घटना से शादी समारोह में चीखपुकार मच गई। ग्रामीणों के अनुसार जिस समय घटना हुई। दूल्हा भी बग्घी में बैठा हुआ था। जिसे कुछ लोगों ने खींच लिया। जिससे वह सकुशल है। हादसे के बाद सादगी के साथ शादी का आयोजन किया गया। इंस्पेक्टर अनिल कुमार ने बताया कि घायल की पहचान नहीं हो पाई है। जनता बैंड सिरसागंज से आया था।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।