फिरोजाबाद: टेसू-झांझी विसर्जन यात्रा में घुसी बेकाबू कार कई को रौंदा, तीन बहनों समेत पांच की मौत
फिरोजाबाद के शिकोहाबाद में शरद पूर्णिमा पर टेसू-झांझी विसर्जन यात्रा के दौरान एक तेज रफ्तार कार ने ग्रामीणों को रौंद ...और पढ़ें

जिला संयुक्त चिकित्सालय पर रविवार रात पहुंचे विधायक सिरसागंज सर्वेश यादव (बाएं), डीएम संतोष कुमार शर्मा (बाएं से तीसरे), एसएसपी आदित्य लांग्हे (बाएं से चौथे), एसपी ग्रामीण अनुज चौधरी (दाएं से दूसरे) व अन्य : जागरण
HighLights
टेसू-झांझी विसर्जन यात्रा में तेज रफ्तार कार का हमला।
शिकोहाबाद में तीन बहनों सहित पांच लोगों की दुखद मौत।
गुस्साए ग्रामीणों ने कार सवारों को पकड़कर पीटा।
संवाद सहयोगी शिकोहाबाद (फिरोजाबाद)। शरद पूर्णिमा पर रविवार रात टेसू-झांझी की विसर्जन यात्रा में मौत की रफ्तार से घुसी कार ने कोहराम मचा दिया। आधा दर्जन ग्रामीणों को कुचलती हुई कार तेजी से भागी। एक बालिका की मौके पर ही मौत हो गई। ग्रामीणों को पीछा करते देख कार चालक शिकोहाबाद स्टेशन रोड की तरफ भागा। वहां सामने से घेराव होते देख बाइक को टक्कर मारने के बाद उसी रोड पर वापस लौटा और फिर से ग्रामीणों को रौंदते हुए निकल गया।
ग्रामीणों ने घेराबंदी कर कार सवारों को पीट-पीटकर मरणासन्न कर दिया। हादसे में तीन बहनों समेत पांच लोगों की मौत हुई है, जबकि दस लोग घायल हैं। तनाव को देखते हुए काफी संख्या में पुलिस फोर्स तैनात है।
नसीरपुर के गांव छटनपुर में ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से टेसू व झांझी का विवाह किया था। रविवार रात 9:15 बजे महिला पुरुष और बच्चे टेसू झांझी को गांव के बाहर स्थित बरी के पेड़ के पास विसर्जन करने जा रहे थे। इस बीच लखनऊ एक्सप्रेसवे से उतरी दिल्ली नंबर की ब्रेजा कार ने शिकोहाबाद की ओर जाते समय सड़क किनारे चल रहे ग्रामीणों को रौंद दिया। ग्रामीण कुछ समझ पाते उससे पहले चालक ने कार को शिकोहाबाद स्टेशन रोड की ओर दौड़ा दिया।
पीछा कर रहे ग्रामीणों ने नौ किमी दूर विवेक प्रिया अस्पताल के पास कार को घेरने की कोशिश की। ये देख कार ग्रामीणों के घेराव पर लौटी कार ने फिर से कुचला, दिल्ली के कार सवारों को किया मरणासन्न चालक बाइक सवार को टक्कर मारकर भागा और दोबारा घटना स्थल पर पहुंचकर ग्रामीणों को रौंद दिया। पुलिस के देर से पहुंचने पर ग्रामीणों ने हंगामा किया।
चार युवकों की पकड़कर पिटाई
ग्रामीणों ने घेराबंदी कर कार सवार चार युवकों को पकड़ लिया और लाठी-डंडों से उनकी बेरहमी से पिटाई कर दी। पुलिस ने किसी तरह कार सवारों को बचाया।
एसएसपी आदित्य लांग्हे ने बताया कि हादसे में 15 वर्षीय अंजली और उसकी बहनें 17 वर्षीय आकांक्षा व दस वर्षीय बहन गुन्नू, 25 वर्षीय हरीश कुमार और 17 वर्षीय बबली की मृत्यु हो गई। बच्चों, महिलाओं सहित छह ग्रामीण और चार कार सवार घायल हुए हैं। इन्हें शिकोहाबाद के जिला संयुक्त चिकित्सालय और फिरोजाबाद सरकारी ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया है। कार सवारों की पहचान अकील और इरफान निवासी वजीरपुर, दिल्ली के रूप में हुई है, इनमें दो कार सवारों की हालत गंभीर है।
हादसे का पूरा घटनाक्रम
- 8:30 बजे रात टेसू-झांझी का विवाह करने के बाद ग्रामीण विसर्जन यात्रा निकाल रहे थे।
- 9:15 बजे रात तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी।
- 9:30 बजे कार वापस लौटी और ग्रामीणों को रौंद गई।
- 9:35 बजे ग्रामीणों ने कार सवारों को पकड़ कर पीटा
- 9:45 बजे एंबुलेंस और थाना पुलिस मौके पर पहुंची।
- 10:25 बजे एसपी ग्रामीण शिकोहाबाद अस्पताल पहुंचे।
- 10:38 बजे ग्रामीण शवों को अस्पताल से बाहर ले आए और हंगामा शुरू किया।
- 10:40 बजे जनप्रतिनिधि शिकोहाबाद अस्पताल पहुंचे।
- 11 बजे डीएम संतोष कुमार शर्मा और एसएसपी आदित्य लांग्हे शिकोहाबाद अस्पताल पहुंचे।
पुलिस देर से पहुंची तो हुआ हंगामा
पुलिस के देर से पहुंचने पर ग्रामीणों ने हंगामा किया। इसी बीच ग्रामीणों ने घेराबंदी करके कार सवारों को पकड़ लिया और लाठी-डंडों से उनकी बेरहमी से पिटाई कर दी। पुलिस ने किसी तरह कार सवारों को बचाया।
