दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा: ट्रक में घुसी तेज रफ्तार कार, दो युवकों की मौत; एक गंभीर
दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर बुधवार देर रात एक तेज रफ्तार कार ट्रक से टकरा गई, जिसमें दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।

सांकेतिक तस्वीर एआई जनरेटेड
HighLights
दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर देर रात भीषण सड़क हादसा हुआ।
तेज रफ्तार कार ट्रक से टकराई, दो युवकों की मौत हुई।
नजफगढ़ निवासी सचिन और अनुज की हादसे में जान गई।
जागरण संवाददाता, गाजियाबाद। दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर बुधवार देर रात तेज रफ्तार कार आगे चल रहे ट्रक में जा घुसी। हादसे में कार सवार दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक घायल हो गया।
हादसा बुधवार देर रात करीब ढाई बजे हुआ। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को अस्पताल में भर्ती कराया और दोनों मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए।
कार में तीन युवक थे सवार
पुलिस के मुताबिक, टाटा जेस्ट कार में तीन युवक सवार थे। बुधवार देर रात करीब ढाई बजे वे दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे से गुजर रहे थे। इसी दौरान मेरठ से दिल्ली लाने पर कार की रफ्तार तेज होने के कारण वह आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और कार में फंसे युवकों को बाहर निकाला।
उपचार के लिए अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने दिल्ली के नजफगढ़ निवासी 34 वर्षीय सचिन और 32 वर्षीय अनुज को मृत घोषित कर दिया। वहीं तीसरे युवक का अस्पताल में उपचार चल रहा है।
