विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गाजियाबाद: 6 साल में 1107 ट्रांसप्लांट, पत्नी ने दी किडनी तो मां ने बचाई बेटे की जान; अंगदान में महिलाएं अव्वल

Published: Fri, 27 Nov 2026 09:58 AM (IST)

गाजियाबाद में राष्ट्रीय अंगदान दिवस पर सामने आया है कि अंगदान में महिलाएं, खासकर मां, बहन और पत्नियां, सबसे आगे हैं। 

प्रतीकात्मक तस्वीर। जागरण

प्रतीकात्मक तस्वीर। जागरण

जागरण संवाददाता, गाजियाबाद। महिलाएं हर क्षेत्र में आगे हैं। जरूरत पड़ने पर महिलाएं निडर होकर आगे बढ़कर काम करने में देर नहीं लगा रही हैं। इसी क्रम में अंगदान करने में कोई महिलाओं का कोई तोड़ नहीं है। किसी केस में मां बेटे की तो बहन भाई की जान बचाने को अंगदान कर रहीं हैं।

इतना ही नहीं पति की जान बचाने को पत्नी भी अंगदान करने से पीछे नहीं हट रहीं हैं। स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट में पता चला है कि छह साल में हुए 1107 लोगों के अंग प्रत्यारोपण के अधिकांश प्रकरणों में मां ने ही बेटे या बेटी को अंगदान करके उनकी जान बचाई है।

500 पार लोगों का लिवर ट्रांसप्लांट हुआ

इनमें 559 किडनी और 548 लोगों का लिवर ट्रांसप्लांट हुआ है। अपर निदेशक डॉ. मनोक सेन के अनुसार नजदीकी रिश्तेदार द्वारा ही टिश्यू मैच करने पर अंगदान संभव है। चिकित्सक इसी के आधार पर प्रत्यारोपण की सफलता का आकलन करते हैं।

निकट संबंधी (पति-पत्नी, बच्चे, पोते-पोती, भाई-बहन, माता-पिता और दादा-दादी) को अंगदान करने के लिए प्रत्यारोपण केंद्र के प्रभारी डॉक्टर की अनुमति आवश्यक होती है। गैर-संबंधी दाता को अंगदान करने के लिए राज्य द्वारा स्थापित प्राधिकरण समिति की अनुमति आवश्यक होती है।

जिला स्तरीय अंगदान समिति के सदस्य

  • डॉ. सचिन चंद्र वैश्य सीएमओ
  • डॉ. अमित विक्रम, सदस्य
  • डॉ. शशि अरोडॉ, सदस्य
  • डॉ. अनुपम बंसल, सदस्य
  • डॉ. अरूण गुप्ता, सदस्य
  • चीफ वार्डन सिविल डिफेंस ललित जायसवाल, सदस्य

आयुष्मान कार्ड से सुमित को मिली जिंदगी

मुरादाबाद की तहसील बिलारी के गांव सरथल के रहने वाले सुमित गुरुग्राम में एक निजी कंपनी में कार्यरत है। सुमित के पेट में दर्द होने के बाद शरीर कमजोर होने लगा। चिकित्सक से जांच कराई तो दोनों किडनी फेल पाई गईं। वह घबरा गया। खर्चा अधिक बताने पर वह गांव लौट गया और वहां पता चला कि उसका आयुष्मान कार्ड बना हुआ है।

कार्ड लेकर सुमित सीधे यशोदा हॉस्पिटल पहुंचा। 11 फरवरी 2025 को सुमित को भर्ती करते हुए चिकित्सकों ने 13 फरवरी को सफल किडनी ट्रांसप्लांट कर दी। किडनी पत्नी नेहा ने दी है। दोनों का प्रेम विवाह हुआ है। दोनों बेहद खुश है।

19 वर्षीय पारस बालियान की कहानी

मेरठ के रहने वाले 19 वर्षीय पारस बालियान ने भी आयुष्मान कार्ड दिखाकर कौशांबी के महंगे प्राइवेट यशोदा हास्पिटल में किडनी ट्रांसप्लांट करवाई है। पारस को किडनी पिता रामदास ने दी है। वह इन दिनों पिता के खेत में काम करवा रहे हैं।

मां ने जिगर के टुकड़े की बचाई जान

ग्रेटर नोएडॉ के गांव दुजाना की रहने वाली उर्मिला नागर ने अपने बेटे मास्टर प्रवीण नागर को किडनी देकर उसकी जान बचाई है। किडनी ट्रांसप्लांट को लेकर पत्नि गीता और मां उर्मिला के बीच विवाद भी हुआ। किडनी गीता भी देना चाहती थी लेकिन मां की जीत हुई। डॉ.अमित कुमार देवरा की देखरेख में 23 दिसंबर 2024 को मैक्स हेल्थ केयर हास्पिटल में किडनी ट्रांसप्लांट किया गया।

निजी अस्पताल में पिछले छह वर्ष में हुए किडनी और लिवर ट्रांसप्लांट का विवरण

वर्ष किडनी ट्रांसप्लांट लिवर ट्रांसप्लांट

  • 2020 43 22
  • 2021 65 62
  • 2022 81 100
  • 2023 89 92
  • 2024 102 87
  • 2025 94 96
  • 2026 85 89

समिति की बैठक में डोनर और प्राप्तकर्ता का ब्लड रिलेशन देखने एवं जांच करने के बाद ही अंगदान की अनुमति दी जाती है। आपातकालीन स्थिति में होने वाली बैठक में तुरंत पहुंचना पड़ता है। अपनों की जान बचाने को अंगदान समिति की बैठक में कोई विलंब नहीं होता है। -ललित जायसवाल, सदस्य समिति चीफ वार्डन सिविल डिफेंस

अंगदान के लिये मुख्य दस्तावेजों में ब्लड डोनेशन के प्रमाण होना जरूरी। जिला स्तरीय समिति जांच के बाद अंगदान की अनुमति देती है। फार्म पर डोनर एवं प्राप्तकर्ता के हस्ताक्षर होना जरूरी है।अंग प्रत्यारोपण को गठित समिति में आने वाले आवेदनों पर मानकों के अनुसार गंभीरता से जांच की जाती है। समिति की बैठक कई बार संबंधित अस्पताल में होती है तो कई बार सीएमओ कार्यालय में। शासन स्तर से आर्थिक तौर पर कमजोर लोगों को अलग से सहयोग राशि दी जा रही है। आयुष्मान कार्ड के आधार पर कई प्राइवेट हास्पिटल अंग प्रत्यारोपण कर रहे हैं। नियम है कि अंगदान केवल ब्लड रिलेशन में समिति की अनुमति के बाद ही संभव है। -डॉ. मनोज सेन, अपर निदेशक चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण

यह भी पढ़ें- आठ टीमों की निगरानी के बावजूद ग्रेप नियमों की अनदेखी, गाजियाबाद में AQI फिर 255 पार

यह भी पढ़ें- गाजियाबाद में ऑनलाइन स्वगणना में बचें हैं सिर्फ 4 दिन, ऐसे निपटाएं अपना जरूरी काम


देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।