विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अखिलेश यादव के रोड शो में भाजपा नेता के बेटे की मौत, गोरखपुर-देवरिया मार्ग पर कार्यकर्ताओं ने लगाया जाम

Published: Wed, 18 Nov 2026 10:35 PM (GMT+05:30)

अखिलेश यादव के रोड शो में शामिल बैकहो लोडर की टक्कर से भाजपा नेता ओंकार सिंह के 14 वर्षीय बेटे आर्यवर्धन सिंह की मौत हो गई।

तस्वीर में बायीं ओर बैकहो लोडर जिसकी टक्कर से आर्यवर्धन की मौत हुई। दायीं ओर- मीडिया से बात करते अधिकारी। जागरण

तस्वीर में बायीं ओर बैकहो लोडर जिसकी टक्कर से आर्यवर्धन की मौत हुई। दायीं ओर- मीडिया से बात करते अधिकारी। जागरण

HighLights

  1. अखिलेश यादव के रोड शो में भाजपा नेता के बेटे की मौत।

  2. बैकहो लोडर की टक्कर से 14 वर्षीय आर्यवर्धन सिंह की मृत्यु।

  3. परिजनों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने गोरखपुर-देवरिया मार्ग किया जाम।

जागरण संवाददाता, गोरखपुर। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के रोड शो में शामिल बैकहो लोडर की टक्कर से बुधवार दोपहर भाजपा नेता ओंकार सिंह के 14 वर्षीय बेटे आर्यवर्धन सिंह की मौत हो गई।

हादसे के बाद कार्रवाई में देरी का आरोप लगाकर स्वजन और भाजपा कार्यकर्ताओं ने शाम छह बजे झारखंडी मोड़ पर गोरखपुर-देवरिया मार्ग जाम कर दिया। इससे सड़क के दोनों तरफ तीन किलोमीटर तक वाहनों की कतार लग गई। सूचना पर पहुंचे जिलाधिकारी व एसएसपी के आश्वासन पर रात आठ बजे धरना समाप्त हुआ और यातायात संचालन हो सका।

यह है पूरा मामला

आवास विकास कालोनी, झारखंडी निवासी ओंकार सिंह भाजपा के चुनाव आयोग संपर्क विभाग के जिला सह संयोजक हैं। उन्होंने बताया कि बुधवार दोपहर दो बजे उनका बड़ा बेटा आर्यवर्धन पैदल चौराहे पर अपनी बहन समृद्धि को लेने जा रहा था।

हालांकि पुलिस का दावा है कि आर्यवर्धन स्कूटी से जा रहा था। इसी दौरान रोड शो में शामिल बैकहो लोडर ने टक्कर मार दी, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास के लोग उसे तत्काल एम्स ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। आर्यवर्धन केंद्रीय विद्यालय नंदानगर में कक्षा 10 का छात्र था।

मौके पर पहुंचे डीएम, एसएसपी

हादसे से नाराज स्वजन ने पुलिस पर कार्रवाई में देरी का आरोप लगाते हुए झारखंडी मोड़ पर प्रदर्शन शुरू कर दिया। जाम की सूचना पर जिलाधिकारी दीपक मीणा, एसएसपी डा. कौस्तुभ और एसपी सिटी निमिष पाटील समेत कई अधिकारी मौके पर पहुंचे। सुरक्षा के मद्देनजर कई थानों की पुलिस फोर्स तैनात की गई।

ओंकार सिंह ने रोड शो में बैकहो लोडर शामिल कराने वाले आयोजक और चालक के विरुद्ध कार्रवाई तथा झारखंडी गेट के पास ब्रेकर बनवाने की मांग रखी। जिलाधिकारी ने मांगों पर कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ।

मेयर व विधायक ने पीड़ित परिवार को बंधाया ढांढस

हादसे की जानकारी मिलने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर महापौर डा. मंगलेश श्रीवास्तव और क्षेत्रीय विधायक इंजीनियर सरवन निषाद ने पीड़ित परिवार से मुलाकात की। उन्होंने स्वजन के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए उन्हें ढांढस बंधाया।

स्वजन की मांग को गंभीरता से लिया गया है। मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। झारखंडी गेट के पास ब्रेकर बनवाने की मांग पर भी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए जाएंगे।

-दीपक मीणा, डीएम

एसएसपी बोले-

हादसे के मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। बैकहो लोडर चालक और आयोजक की भूमिका की जांच की जा रही है। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर दोषियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाएगी। किशोर स्कूटी से जा रहा था।

-डाॅ. कौस्तुभ, एसएसपी

यह भी पढ़ें- गोरखपुर में अखिलेश यादव का भव्य स्वागत, क्रेन-बुलडोजर से पीडीए कार्यकर्ताओं ने दिखाया दम

यह भी पढ़ें- मंत्री संजय निषाद ने आरक्षण की मांग पर गोरखपुर-सोनौली हाईवे किया जाम, पुलिस-प्रशासन में मची खलबली

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।