गोरखपुर के नौसढ़ बंधे पर टहलना होगा सुरक्षित और सुविधाजनक, बनेगा शानदार वाकिंग ट्रैक
गोरखपुर के नौसढ़ बंधे पर नगर निगम द्वारा सुरक्षित और सुविधाजनक वाकिंग ट्रैक विकसित किया जाएगा। इसके तहत बंधे की सफाई, रेलिंग, क्षतिग्रस्त सीढ़ियों की मरम्मत और हरित पट्टी का विकास किया जाएगा, साथ ही सड़क की पटरी पर इंटरलाकिंग भी होगी।

नगर आयुक्त ने किया निरीक्षण। जागरण
HighLights
नौसढ़ बंधे पर सुरक्षित और सुविधाजनक वाकिंग ट्रैक बनेगा।
रेलिंग, सीढ़ियों की मरम्मत और हरित पट्टी विकसित की जाएगी।
सड़क की पटरी पर इंटरलाकिंग का काम भी होगा।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। नौसढ़ से लखनऊ रोड तक बंधे का स्वरूप बदलने की तैयारी है। नगर निगम यहां लोगों के टहलने के लिए सुरक्षित और सुविधाजनक वाकिंग ट्रैक विकसित करेगा। बंधे के ऊपरी हिस्से को साफ-सुथरा बनाने के साथ सुरक्षा के लिए रेलिंग लगाई जाएगी। वहीं, टूटे ग्रिल और क्षतिग्रस्त सीढ़ियों की मरम्मत कराई जाएगी। इसके किनारे हरियाली विकसित कर पूरे क्षेत्र को बेहतर रूप दिया जाएगा।
नगर आयुक्त ने निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को कार्ययोजना के अनुसार सुधार कराने के निर्देश दिए। उन्होंने जोनल अधिकारी ओपी यादव से बंधे की पूरी लंबाई में सफाई कराने को कहा। विशेष रूप से ऊपरी हिस्से को साफ रखने पर जोर दिया, ताकि सुबह-शाम टहलने आने वाले लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो। बंधे के दूसरी ओर सुरक्षा के दृष्टिकोण से रेलिंग भी लगाई जाएगी।
निरीक्षण में कई स्थानों पर लोहे की ग्रिल क्षतिग्रस्त मिली। नगर आयुक्त ने मुख्य अभियंता को इनकी मरम्मत कराने का निर्देश दिया। बंधे पर चढ़ने और उतरने के लिए बनी सीढ़ियों की स्थिति भी ठीक नहीं मिली। उन्होंने सीढ़ियों को दुरुस्त कराने के साथ उनकी रंगाई-पुताई कराने को कहा, जिससे आवागमन सुरक्षित और सुविधाजनक हो सके।
नौसढ़ से नगर निगम सीमा तक सड़क की पटरी पर इंटरलाकिंग कराई जाएगी। इससे पैदल चलने वालों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। यह काम राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम (एनकैप) के तहत कराया जाएगा। इसके अलावा उद्यान विभाग को बंधे के किनारे उगे खरपतवार हटाने और घास की कटाई कराने के निर्देश दिए गए हैं। यहां कतारबद्ध झाड़ियां लगाकर हरित पट्टी विकसित की जाएगी।
यह भी पढ़ें- गोरखपुर में स्कूलों के रिकॉर्ड में मिली गड़बड़ी, यू-डायस से हटेंगे 4363 डुप्लीकेट नाम
निरीक्षण के दौरान अपर नगर आयुक्त गौरव रंजन श्रीवास्तव और प्रमोद कुमार, मुख्य अभियंता अमित शर्मा, जोनल अधिकारी ओपी यादव सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें- गोरखपुर में लगेंगी 4068 करोड़ की दो मेगा यूनिट, अदाणी और श्रेयस ग्रुप की डिस्टिलरी प्रोजेक्ट का होगा शिलान्यास