गोरखपुर में दीपावली के बाद तीन गुना बढ़ा प्रदूषण, पीएम-2.5 के महीन कणों ने बढ़ाई चिंता
दीपावली के बाद गोरखपुर में प्रदूषण का स्तर तीन गुना बढ़ गया है, जिससे हवा में पीएम-2.5 कणों की मात्रा चिंताजनक हो गई है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।
HighLights
दीपावली के बाद गोरखपुर में प्रदूषण तीन गुना बढ़ा।
पीएम-2.5 के महीन कणों ने स्वास्थ्य चिंता बढ़ाई।
शहर का एयर क्वालिटी इंडेक्स खराब श्रेणी में पहुंचा।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। दीपावली पर हुई आतिशबाजी का असर अब शहर की आबोहवा पर साफ दिखाई देने लगा है। पटाखों से निकला धुआं हवा में इस कदर घुला कि तीन दिन के भीतर प्रदूषण का स्तर तीन गुना से अधिक बढ़ गया।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के समीर ऐप पर मंगलवार 10 नवंबर को सुबह 8:05 बजे गोरखपुर का एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) 276 दर्ज किया गया, जो दोपहर 1:05 बजे बढ़कर 281 पहुंच गया। हवा में पीएम-2.5 की बढ़ती मात्रा ने स्वास्थ्य संबंधी चिंता भी बढ़ा दी है।
तीनों दिन हवा संतोषजनक श्रेणी में थी
समीर एप के आंकड़ों के अनुसार, पांच नवंबर को शहर का एक्यूआई 87 दर्ज किया गया था। धनतेरस यानी छह नवंबर को यह 94 और छोटी दीपावली सात नवंबर को 89 रहा। तीनों दिन हवा संतोषजनक श्रेणी में थी। आठ नवंबर को दीपावली के दिन आतिशबाजी के बाद पीएम-2.5 का सूचकांक बढ़कर 182 पहुंच गया।
रात में प्रदूषण का स्तर लगातार बढ़ता रहा। रात 8:05 बजे एक्यूआई 188 था, जो 10:05 बजे 213 और रात 11:05 बजे 227 पहुंच गया। इस तरह कुछ ही घंटों में हवा मध्यम से खराब श्रेणी में पहुंच गई।
दीपावली के अगले दिन नौ नवंबर को पीएम-2.5 का सूचकांक 261 दर्ज किया गया। दस नवंबर को यह बढ़कर 281 तक पहुंच गया। पटाखों से निकले धुएं के साथ धूल और अन्य प्रदूषक कणों के हवा में बने रहने से स्थिति बिगड़ी है।
औद्योगिक क्षेत्र का एक्यूआई 274 तक पहुंचा
दीपावली से पहले जहां शहर की हवा संतोषजनक श्रेणी में थी, वहीं अब खराब श्रेणी में पहुंच गई है। क्षेत्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों के हिसाब से मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (एमएमयूटी) के आवासीय क्षेत्र, गीडा के औद्योगिक क्षेत्र और गोलघर स्थित जलकल भवन के व्यावसायिक क्षेत्र में आठ नवंबर से वायु गुणवत्ता में अचानक गिरावट दर्ज की गई।
सबसे खराब स्थिति औद्योगिक क्षेत्र की रही, जहां 10 नवंबर को वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 274 तक पहुंच गया। वहीं, गोलघर में यह 209 और एमएमएमयूटी परिसर में 134 दर्ज किया गया।
दो निगरानी प्रणालियों में पीएम-2.5 को लेकर अंतर
शहर में वायु प्रदूषण की निगरानी के लिए केंद्रीय और प्रदेश स्तर पर अलग-अलग व्यवस्थाएं हैं। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के समीर एप पर कुल 12 प्रदूषक घटकों के आधार पर वायु गुणवत्ता का आकलन किया जाता है। इसमें पीएम-2.5 भी शामिल है। इसके लिए मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय परिसर में निगरानी केंद्र स्थापित है।
वहीं, उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की क्षेत्रीय निगरानी व्यवस्था में पीएम-10, सल्फर डाइऑक्साइड (एसओ-2) और नाइट्रोजन डाइआक्साइड (एनओ-2) समेत केवल तीन घटकों के आधार पर एक्यूआई का आकलन किया जाता है। इसमें पीएम-2.5 शामिल नहीं है।
ऐसे में दोनों प्रणालियों से मिलने वाले एक्यूआई के आंकड़ों में अंतर होता है। खासकर पटाखों के धुएं से पीएम-2.5 बढ़ने पर इसका असर केंद्रीय निगरानी केंद्र के आंकड़ों में अधिक स्पष्ट दिखाई देता है।
दीपावली के दिन से लेकर दो दिन बाद तक वायु प्रदूषण काफी ज्यादा बढ़ गया है। आवासीय, व्यावसायिक से लेकर औद्योगिक क्षेत्र में तीन गुना तक वायु का प्रदूषण बढ़ा है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की आनलाइन निगरानी व्यवस्था में पीएम-2.5 की गणना होती है। इस वजह से वहां एक्यूआई अधिक दर्ज होता है, जबकि क्षेत्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की निगरानी व्यवस्था में पीएम-2.5 मापने की सुविधा शामिल नहीं है।
-सत्येंद्र नाथ यादव, वैज्ञानिक सहायक पर्यावरण, एमएमयूटी केंद्र
यह भी पढ़ें- वायु प्रदूषण के कारण बढ़ रहे निमोनिया के मामले, बच्चों और बुजुर्गों को खास सलाह; क्या हैं इसके लक्षण?
यह भी पढ़ें- अंबेडकरनगर में खतरनाक स्तर पर वायु प्रदूषण, दिवाली के बाद AQI 400 के पार; मास्क पहनने की सलाह
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।