Trending

    loading ads...
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    खुशियां मातम में बदलीं: गोरखपुर में शादी का कार्ड देकर लौट रहे दूल्हे समेत दो लोगों की स्कॉर्पियो की टक्कर से मौत

    Updated: Sun, 05 Apr 2026 02:02 AM (IST)

    गोरखपुर में शादी के कार्ड बांटकर लौट रहे दो युवकों की सड़क हादसे में मौत हो गई। तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे वे गंभीर रूप ...और पढ़ें

    News Article Hero Image

    प्रतीकात्मक तस्वीर

    संवाद सूत्र, जागरण, गोरखपुर। शादी का कार्ड बांटकर लौट रहे दो युवकों की सड़क दुर्घटना में मृत्यु हो गई। तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने बाइक सवार दोनों युवकों को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों सीएचसी सलेमपुर ले जाया गया, जहां एक युवक ने दम तोड़ दिया।

    जबकि दूसरे को स्वजन महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज के अस्पताल में भर्ती कराए, जहां उसकी उपचार के दौरान मृत्यु हो गई। लार थाना क्षेत्र के सकरापार गांव के रहने राहुल कुमार उम्र 28 वर्ष पुत्र श्रीराम यादव अपने मित्र सचिन कुमार यादव उम्र 23 वर्ष पुत्र चंद्रमा यादव के साथ शादी का कार्ड बांटकर लौट रहे थे।

    दोनों लार से होते हुए खामपार के रास्ते सलेमपुर की ओर आ रहे थे। मझौलीराज के जिरासो बंधा के पास पहुंचते ही एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक बाइक से गिरकर काफी दूर तक घसीटते चले गए।

    स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सलेमपुर पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने सचिन कुमार यादव को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल राहुल कुमार यादव की हालत नाजुक देख चिकित्सकों ने उसे महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज भेज दिया जहां उपचार के दौरान उनकी भी मृत्यु हो गई। घटना के बाद दोनों मृतकों के परिवार में चीख पुकार मच गई।

    बताया जा रहा है कि राहुल कुमार की इसी माह 20 अप्रैल को शादी तय थी और वह निमंत्रण पत्र बांटने निकले थे। इस हादसे से शादी की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं।

    हृदय विदारक बात यह है कि दोनों युवक अपने-अपने माता-पिता के इकलौते पुत्र थे। घटना के बाद दोनों परिवारों में कोहराम मच गया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई के लिए भेज दिया है और मामले की जांच में जुट गई है।

    यह भी पढ़ें- गोरखपुर में यूपी बोर्ड की कॉपियों का मूल्यांकन समय पर पूरा, अब रिजल्ट का इंतजार