स्मार्ट मीटर लगाने के बहाने चोरों ने की घर की रेकी, चार दिन बाद लुटेरों ने की लूटपाट
उत्तर प्रदेश में स्मार्ट मीटर लगाने के बहाने चोरों ने एक घर की रेकी की। रेकी के चार दिन बाद लुटेरों ने घर में घुसकर लूटपाट की, जिससे इलाके में डर का माहौल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और लुटेरों को पकड़ने की कोशिश कर रही है।

स्मार्ट मीटर लगाने के बहाने की रेकी।
संवाद सूत्र, गुलरिहा। स्मार्ट मीटर लगाने के बहाने पहुंचे चोरों ने पहले घर की रेकी की। चार दिन बाद खिड़की तोड़कर कमरे में रखे गहने व सामान उठा ले गए। परिवार को जानकारी तब हुई जब पड़ोसियों ने खिड़की का ग्रिल टूटा देखा। गुलरिहा थाना पुलिस ने इस मामले में चोरी का मुकदमा दर्ज किया है।
देवरिया के रुद्रपुर निवासी दिव्या सिंह पत्नी अरुण सिंह गुलरिहा के हरसेवकपुर में अपने परिवार के साथ रहती हैं। उनके पति गांव में कारोबार करते हैं। दिव्या ने बताया कि 22 अक्टूबर को पांच अज्ञात व्यक्ति स्मार्ट मीटर लगाने के बहाने उनके घर पहुंचे थे।
उन्होंने घर का पूरा लोड देखने का बहाना बनाया और सभी कमरों का निरीक्षण किया, लेकिन मीटर लगाए बिना वापस चले गए। 25 अक्टूबर की शाम वह बच्चों के साथ गांव चली गईं। 26 अक्टूबर की रात करीब 12:30 बजे तीन अज्ञात व्यक्ति घर के पीछे की खिड़की का ग्रिल उखाड़कर अंदर घुसे।
सीसी कैमरा फुटेज में तीन संदिग्ध की तस्वीरें कैद हुई हैं। फुटेज में दिख रहा है कि चोर रात 12:34 बजे घर में घुसे और करीब तीन घंटे तक अंदर रहे। पड़ोसियों के सूचना देने पर अगले दिन फोरेंसिक टीम ने घर की दीवारों, दरवाजों और आलमारी से फिंगरप्रिंट उठाए।
प्रभारी निरीक्षक थाना गुलरिहा विजय प्रताप सिंह ने बताया कि फोरेंसिक रिपोर्ट व सीसी कैमरा फुटेज की मदद से जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपितों की पहचान कर घटना का पर्दाफाश किया जाएगा।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।