गोरखपुर में CM योगी ने साधा निशाना- 'चुनाव आते ही निकले 4 साल तक चूहे की तरह बिलों में दुबके गुंडे'
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए आगामी विधानसभा चुनाव में प्रचंड बहुमत के लिए पूरी क्षमता से जुटने का आह्वान किया।

कैंपियरगंज में वानिकी एवं औद्यानिक विश्वविद्यालय के शिलान्यास व विभिन्न परियोजनाओं के लोकार्पण समारोह को संबोधित करते मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ। अभिनव राजन चतुर्वेदी
HighLights
कार्यकर्ताओं को विधानसभा चुनाव में प्रचंड बहुमत के लिए जुटने का आह्वान।
बूथ स्तर पर काम, सरकारी योजनाओं का प्रचार करने पर दिया जोर।
माफिया पर कार्रवाई और विकास कार्यों का अंतर जनता को समझाएं।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया है कि वह विधानसभा चुनाव के लिए पूरी क्षमता से जुट जाएं। एक ताकत और लगा देंगे तो भारतीय जनता पार्टी फिर प्रचंड बहुमत से चुनाव जीत जाएगी। मुख्यमंत्री गुरुवार को टाउनहाल मैदान में भाजपा महानगर की जनचौपाल में कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे।
कार्यकर्ताओं को आने वाली परिस्थितियों के प्रति सतर्क करते हुए योगी ने कहा कि माफिया प्रवृत्ति के तत्व और आपराधिक प्रवृत्ति के गुंडे साढ़े चार साल तक चूहे की तरह बिलों में दुबके रहते हैं। चुनाव आते ही फिर सड़कों पर मचलते हुए दिखाई देने लगते हैं। बुधवार को गोरखपुर की सड़कों पर भी ऐसे ही कुछ गुंडे दिखाई दिए। मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं को विपक्ष के पुराने शासनकाल और वर्तमान सरकार के कामकाज का अंतर जनता के बीच ले जाने की जिम्मेदारी सौंपी।
योगी ने चुनावी तैयारी का खाका रखते हुए कहा कि संगठन की ताकत बूथ और वार्ड स्तर पर दिखाई देनी चाहिए। इसके लिए प्रत्येक वार्ड में जनचौपाल लगाई जाए और सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों से सीधा संवाद किया जाए। कार्यकर्ता प्रतिदिन पांच पांच संगठनात्मक मंडलों में जनचौपाल आयोजित करने की कार्ययोजना बनाएं। महानगर अध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष, संयोजक और अन्य पदाधिकारी मिलकर अभियान को आगे बढ़ाएं। लाभार्थियों को केवल योजनाओं की जानकारी ही न दें, बल्कि यह भी बताएं कि उनके वार्ड में कितने लोगों को आवास, आयुष्मान कार्ड, राशन, पेंशन और अन्य योजनाओं का लाभ मिला है।
मुख्यमंत्री ने विशेष मतदाता पुनरीक्षण को चुनावी तैयारी का महत्वपूर्ण हिस्सा बताते हुए कार्यकर्ताओं से घर-घर संपर्क करने को कहा। उन्होंने कहा कि मृत मतदाताओं के नाम हटवाएं, छूटे हुए पात्र लोगों के नाम जुड़वाएं और पहली जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं का नाम मतदाता सूची में शामिल कराएं। विवाह के बाद बेटियों का नाम ससुराल की मतदाता सूची में दर्ज कराने पर भी ध्यान दें। इसके लिए फार्म-6, 7 और 8 के उपयोग की जानकारी लोगों तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची का शुद्धिकरण राष्ट्रीय कर्तव्य है। जनगणना-2027 के लिए 16 से 30 नवंबर तक स्व-गणना अभियान में भी सभी की भागीदारी सुनिश्चित कराएं।
बूथ की ताकत से बदल रही विकास की तस्वीर
योगी ने कहा कि जब कार्यकर्ता बूथ पर मेहनत करता है, तभी सरकार सड़क को सिंगल लेन से टू लेन और फोरलेन बना पाती है। इसी ताकत से विश्वविद्यालय, महाविद्यालय, इंजीनियरिंग कालेज, पालिटेक्निक और आइटीआइ खुलते हैं। रामगढ़ताल का सुंदरीकरण, गोड़धोइया नाले का निर्माण और धार्मिक स्थलों का विकास भी इसी सामूहिक प्रयास का परिणाम है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन और कार्यकर्ताओं के परिश्रम से उत्तर प्रदेश में परिवर्तन आया है। मुख्यमंत्री ने सपा और बसपा के शासनकाल को पूर्वांचल की बदहाली, इंसेफेलाइटिस और माफिया के संरक्षण से जोड़ते हुए कहा कि आज पूर्वी उत्तर प्रदेश इस बीमारी से मुक्त हो चुका है और हजारों बच्चों का जीवन सुरक्षित हुआ है। माफिया पहले ही मिट्टी में मिल चुके हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनता को यह अंतर समझाने का आह्वान किया।
प्रशासन को निर्देश है कि कार्यकर्ताओं को दें सम्मान
योगी ने कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता केवल पार्टी के सक्रिय सदस्यों को नहीं, बल्कि प्रदेश की 25 करोड़ जनता को अपना परिवार मानकर काम करता है। वह गरीबों को आवास दिलाने, जरूरतमंदों के उपचार, वरासत और जलभराव जैसी समस्याओं के समाधान के लिए जनता के बीच जाता है। प्रशासन को भी निर्देश हैं कि कार्यकर्ताओं की बात सम्मानपूर्वक सुनी जाए।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।