विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गंगा एक्सप्रेसवे पर ट्रक ने ली हापुड़ के सोनू की जान, परिवार में मातम

Published: Wed, 11 Nov 2026 03:44 AM (IST)

हापुड़ के श्यामनगर निवासी सोनू की गंगा एक्सप्रेसवे पर ट्रक की टक्कर से मौत हो गई। वह भाईदूज पर अपने ...और पढ़ें

गंगा एक्सप्रेसवे पर ट्रक ने ली हापुड़ के सोनू की जान, परिवार में मातम (एआई जेनरेटेड इमेज)

गंगा एक्सप्रेसवे पर ट्रक ने ली हापुड़ के सोनू की जान, परिवार में मातम (एआई जेनरेटेड इमेज)

HighLights

  1. हापुड़ के सोनू की गंगा एक्सप्रेसवे पर ट्रक से टक्कर में मौत।

  2. भाईदूज पर साले को लेने प्रयागराज जा रहे थे सोनू।

  3. पत्नी पूजा और दो मासूम बेटों पर टूटा दुखों का पहाड़।

केशव त्यागी, हापुड़। घर में त्योहार की खुशियां थीं। बच्चों को इंतजार था कि पापा मामा को लेकर घर लौटेंगे तो खूब सारी बातें होंगी।

मां पूजा भी पति और भाई के लौटने की राह देख रही थी, लेकिन किसी को क्या पता था कि यह इंतजार जिंदगी का सबसे बड़ा दर्द बन जाएगा।

छीन गई परिवार की खुशियां..

गंगा एक्सप्रेसवे पर हुए हादसे ने परिवार की खुशियां हमेशा के लिए छीन लीं। ट्रक की टक्कर से कोतवाली क्षेत्र के गांव श्यामनगर के सोनू की मौत हो गई और पीछे छोड़ गया दो मासूम बेटों को, जिनकी आंखों में अब भी पिता के लौटने की उम्मीद है।

श्यामनगर के सोनू भाईदूज पर अपने साले रवि दुबे को लेने प्रयागराज गया था। परिवार को उम्मीद थी कि दोनों त्योहार साथ मनाएंगे। घर में बच्चों की किलकारियां गूंजेंगी और त्योहार की रौनक दोगुनी होगी। मगर बदायूं के बिसौली कोतवाली क्षेत्र में सोमवार देर रात गंगा एक्सप्रेसवे पर शेखूपुरा के पास किलोमीटर संख्या 146 पर एक ट्रक की टक्कर ने सब कुछ उजाड़ दिया।

पूजा पर टूटा दुखों का पहाड़..

हादसे में गंभीर रूप से घायल सोनू को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पति की मौत की खबर सुनते ही पूजा पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।

उसकी आंखों के आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे। उसे शायद अभी भी यकीन नहीं हो रहा कि जिस पति के साथ कुछ देर पहले तक जिंदगी की खुशियां जुड़ी थीं, वह अब कभी लौटकर नहीं आएगा।

सोनू के दो बेटे कान्हा (12 वर्षीय) और विष्णु (9 वर्षीय) हैं। उम्र के इस पड़ाव पर उन्हें पिता के साये की सबसे ज्यादा जरूरत थी। अब उनके सिर से पिता का साया उठ चुका है। बच्चों के मासूम सवाल परिवार के लोगों को अंदर तक झकझोर रहे हैं।

परिवार के लोग गमगीन..

घर में हर तरफ मातम पसरा है और त्योहार की खुशियां चीख-पुकार में बदल चुकी हैं। सोनू परिवार का सहारा होने के साथ ही गांव में मिलनसार व्यक्ति के रूप में पहचाना जाता था। वह फोटोग्राफी का काम करता था और भाजपा का बूथ अध्यक्ष भी था।

उसकी असमय मौत से न केवल परिवार, बल्कि गांव के लोग भी गमगीन हैं। घर पहुंचने वाला हर व्यक्ति बिलखते परिवार को ढांढस बंधा रहा है, लेकिन दो मासूम बच्चों और पत्नी के जीवन में आए इस खालीपन को शायद ही कोई भर सकेगा।

यह भी पढ़ें- हापुड़ के देहरा गांव में डेंगू से दो मौतें, ग्रामीणों में दहशत

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।