पूर्व मंत्री और BJP नेता मदन चौहान की कार पर पिस्टल से हमले की कोशिश, सुरक्षाकर्मियों ने किए कई हवाई फायर
पूर्व मंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता मदन चौहान की कार पर गढ़मुक्तेश्वर में पिस्टल से हमला करने का प्रयास किया गया। हमलावर ने कार रोककर शीशे पर पिस्टल सटा ...और पढ़ें

वरिष्ठ भाजपा नेता मदन चौहान की कार पर पिस्टलधारी युवक ने हमले का प्रयास किया।
संवाद सहयोगी, गढ़मुक्तेश्वर। पूर्व मंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता मदन चौहान की कार पर पिस्टलधारी युवक ने हमले का प्रयास किया। उसने मंत्री की कार को बीच सड़क पर रोककर शीशे से पिस्टल सटाकर ट्रिगर दबा दिया, लेकिन गोली नहीं चली। उसने पिस्टल से शीशे पर कई वार भी किए। सुरक्षा कर्मी के नीचे उतरने पर हमलावर कार में बैठकर भाग गए। इस दौरान सुरक्षाकर्मी ने हवाई फायर भी किए।
पूर्व मंत्री मदन चाैहान ने पुलिस को बताया कि दिन में वह ब्रजघाट में आयोजित नेह-नीड संस्था के कार्यक्रम में रहे। रात करीब नौ बजे वह एक सगाई समारोह में शामिल होने के लिए मेरठ रोड पर गांव हिरनपुरा जा रहे थे। जब वह गांव के पास पहुंचे तो वहां साइड में कई कार खड़ी थीं। वहीं दो युवक सड़क पर खड़े थे, जिनमें से एक के हाथ में दो पिस्टल थीं। एकाएक पिस्टलधारी युवक बीच सड़क पर आ गया। जिस पर पूर्व मंत्री के चालक ने कार रोक दी।
इस पर पिस्टलधारी युवक ने शीशे से नाल सटाकर ट्रिगर दबा दिया, लेकिन गोली नहीं चली। इस पर हमलावर ने पिस्टल की नाल से शीशे पर कई वार किए।
इसी दौरान उसने दूसरी पिस्टल को गोली चलाने के लिए हाथ आगे किया। तब तक मंत्री के सुरक्षाकर्मी ने कार से उतरकर हमलावरों को चेतावनी दी और दो हवाई फायर किए। यह देखकर दोनों युवक दौड़कर सड़क किनारे खड़ी फारच्यूनर कार से भाग गए। यूपी-14 डिजिट की कार का नंबर 8710 था, लेकिन बीच के अक्षर गायब थे। पुलिस को सूचना देकर मंत्री तत्काल अपने गढ़ स्थित आवास पर लौट गए। मदन चौहान ने बताया कि वह सुबह पुलिस को लिखित सूचना देंगे। वह गढ़ क्षेत्र से तीन बार विधायक और एक बार मंत्री रहे हैं। आजकल वह भाजपा में हैं।
पूर्व मंत्री मदन चौहान ने सूचना दी है कि उनकी कार से पिस्टल सटाकर गोली चलाने का प्रयास किया गया। गोली नहीं चलने पर पिस्टल से शीशे को भी तोड़ने का प्रयास किया गया। अभी लिखित में शिकायत नहीं मिली है। हम मामले की जांच कर रहे हैं। जांच के उपरांत जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके अनुसार कार्रवाई की जाएगी। - विनीत भटनागर, अपर पुलिस अधीक्षक
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।