हरदोई में रक्षाबंधन पर आसान हुई राह, दिल्ली-लखनऊ मार्ग पर दौड़ेंगी 40 अतिरिक्त बसें, लोकल रूटों पर बढ़े फेरे
हरदोई डिपो से रक्षाबंधन पर यात्रियों की भीड़ के लिए दिल्ली-लखनऊ मार्ग पर 40 अतिरिक्त बसें चलेंगी, साथ ही अन्य ...और पढ़ें

रक्षाबंधन पर आसान हुई राह।
HighLights
रक्षाबंधन पर हरदोई से 40 अतिरिक्त बसें चलेंगी।
दिल्ली-लखनऊ रूट पर यात्रियों को मिलेगी सुविधा।
बहनों के लिए 27-29 अगस्त तक मुफ्त यात्रा।
जागरण संवाददाता, हरदोई। रक्षाबंधन पर्व पर यात्रियों की बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए परिवहन निगम ने बसों के संचालन की तैयारियां पूरी कर ली हैं। हरदोई डिपो से दिल्ली और लखनऊ मार्ग पर 40 अतिरिक्त रोडवेज बसों का संचालन किया जाएगा। इसके अलावा कानपुर, शाहजहांपुर, बरेली, फर्रुखाबाद समेत अन्य प्रमुख मार्गों पर बसों के फेरे बढ़ाए गए हैं।
अतिरिक्त बसों और बढ़े हुए फेरों की व्यवस्था 30 अगस्त तक लागू रहेगी। इसके अलावा 27 अगस्त की सुबह 6 बजे से 29 अगस्त की रात्रि 12 बजे तक बहनों के लिए नि:शुल्क बस यात्रा की भी शुरुआत की गई है।
हरदोई डिपो के बेड़े में वर्तमान में 238 रोडवेज बसें शामिल हैं। सामान्य दिनों में दिल्ली मार्ग पर 40 बसों का संचालन किया जाता है। रक्षाबंधन के मद्देनजर इस मार्ग पर 20 अतिरिक्त बसें लगाई जाएंगी। इससे दिल्ली मार्ग पर कुल 60 बसें नियमित रूप से संचालित होंगी। इसी तरह लखनऊ मार्ग पर वर्तमान में 30 बसों का संचालन हो रहा है। यहां भी 20 अतिरिक्त बसें संचालित की जाएंगी, जिससे लखनऊ मार्ग पर कुल 50 बसें यात्रियों को उपलब्ध रहेंगी।
परिवहन निगम ने दिल्ली और लखनऊ के अलावा स्थानीय मार्गों पर भी यात्रियों की सुविधा के लिए अतिरिक्त व्यवस्था की है। कानपुर, शाहजहांपुर, बरेली, फर्रुखाबाद समेत अन्य मार्गों पर रोडवेज बसों के फेरे बढ़ाए गए हैं। इससे त्योहार के दौरान घर जाने वाले यात्रियों को बसों के लिए अधिक समय तक इंतजार नहीं करना पड़ेगा। रक्षाबंधन पर बड़ी संख्या में महिलाएं और परिवार यात्रा करते हैं।
ऐसे में बस अड्डों के साथ ही प्रमुख बस स्टाप पर भीड़ बढ़ने की संभावना को देखते हुए कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। कर्मचारी बसों के संचालन और यात्रियों की भीड़ पर नजर रखेंगे। आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त बसों को भी मार्ग पर लगाया जाएगा। डिपो इंचार्ज वैभव रघुवंशी ने बताया कि रक्षाबंधन को लेकर बसों के संचालन की पूरी तैयारी कर ली गई है।
बस स्टेशन के अलावा प्रमुख बस स्टाप पर कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है, जो बसों के संचालन की निगरानी करेंगे। यात्रियों की भीड़ बढ़ने पर अतिरिक्त बसों की व्यवस्था की जाएगी, ताकि लोगों को आवागमन में परेशानी न हो।
