उरई में तेज धमाका, आग के साथ फटा सिलिंडर; 12 बच्चों समेत 23 लोग झुलसे
उरई के शांतिनगर में चाय बनाते समय गैस रेगुलेटर में आग लगने से सिलिंडर फट गया। इस भीषण हादसे में 12 बच्चों सहित कुल 23 लोग झुलस गए और आसपास के तीन मकानों की दीवारें भी दरक गईं।

अस्पताल में मरीज। जागरण
HighLights
उरई के शांतिनगर में गैस सिलिंडर में विस्फोट हुआ।
हादसे में 12 बच्चों सहित 23 लोग गंभीर रूप से झुलसे।
विस्फोट से आसपास के तीन घरों की दीवारें भी दरक गईं।
जागरण संवाददाता, उरई। उरई के शांतिनगर में सभासद के घर चाय बनाते समय गैस रेगुलेटर में आग लगने के बाद सिलिंडर तेज धमाके के साथ फट गया। आग की चपेट में आकर 12 बच्चों समेत 23 लोग झुलस गए। विस्फोट से आसपास के तीन मकानों की दीवारें भी दरक गईं।
उरई शहर के मुहल्ला शांतिनगर वार्ड नंबर सात सभासद के घर में शाम 5:30 बजे चाय बनाते समय सिलिंडर के रेगुलेटर में आग लग गई। आग लगते ही सभासद की बहू चिल्लाते हुए छत पर पहुंची। लोगों ने जब उसके चिल्लाने की आवाज सुनी तो वह आग बुझाने पहुंचे। साथ ही बाहर खेल रहे बच्चे भी दरवाजे के पास खड़े हो गए।

घटनास्थल पर फटा सिलिंडर। जागरण
इसी दौरान तेज धमाके के साथ सिलिंडर फट गया। जिससे आग की लपटें दरवाजे, खिड़कियों से बाहर पहुंच गईं और बाहर खड़ी महिलाओं और बच्चों को बुरी तरह से जला दिया। इससे कुछ ही देर में चीख पुकार मच गई।
आग से 12 बच्चों समेत 23 लोग झुलसे हैं, जिनको इलाज के लिए जिला अस्पताल व मेडिकल कालेज भेजा गया। सिलिंडर फटने से आसपास के तीन घरों की दीवारें भी दरक गई हैं। घटना के बाद पुलिस अधीक्षक सुरेश चंद्र रावत मेडिकल कालेज पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना।
मुहल्ला शांति नगर वार्ड नंबर सात के सभासद माताप्रसाद के घर में उनकी बहू स्वाति पत्नी दयानंद भारती शाम को किचन में चाय बना रही थी। चाय बनाते समय सिलिंडर के रेगुलेटर में गैस लीकेज के कारण आग लग गई। इस पर स्वाति चिल्लाते हुए छत की तरफ भागी और घर के अंदर बैठे दयानंद भारती भी बाहर की तरफ भागे। मुहल्ले के लोग आग लगने की सूचना पर घर के बाहर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास किया। बाहर खेल रहे बच्चे भी वहीं खड़े हो गए।
लोग आग बुझाना शुरू करते इसके पहले ही तेज धमाके के साथ सिलिंडर फट गया। आग की लपटें दरवाजे, खिड़कियों के साथ गुबार बनकर बाहर निकलीं जिससे घर के बाहर खड़े आस पड़ोस के कुल 23 लोग बुरी तरह से झुलस गए। इससे मुहल्ले में चीख पुकार मच गई।
एंबुलेंस व पुलिस कर्मी पहुंचे और घायलों को मेडिकल कालेज के अस्पताल व जिला अस्पताल में भर्ती कराया। अधिकारी व जनप्रतिनिधि मेडिकल कालेज पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना। अपर पुलिस अधीक्षक डा. ईशान सोनी ने कहा कि मौके पर जाकर जांच की जाएगी फिलहाल घायलों के इलाज पर ध्यान दिया जा रहा है।
यह लोग झुलसे
60 वर्षीय मुन्नी देवी, 70 वर्षीय सोमवती, 17 वर्षीय निखिल, 12 वर्षीय अमृता, 10 वर्षीय उमंग, 8 वर्षीय वैष्णवी, चंद्रपाल के तीन बच्चे 9 वर्षीय अंशिका, 8 वर्षीय अभि, 7 वर्षीय अभिनय, 30 वर्षीय खुशबू, 30 वर्षीय दयावती, 13 वर्षीय दीपेश, 35 वर्षीय बबलू, सुनीत के तीन बच्चे 8 वर्षीय कीर्ति, 6 वर्षीय अजीत, 4 वर्षीय सान्या, 18 वर्षीय डोली, 30 वर्षीय पुष्पेंद्र, 50 वर्षीय राममोहन, 15 वर्षीय रौनक, आकीश, बलराम व दयानंद भारती झुलसे हुए हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।