विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जालौन: कुएं में मोटर निकालने उतरे छोटे भाई को बचाने डूबा बड़ा भाई, दोनों की मौत

Updated: Fri, 28 Aug 2026 02:33 PM (IST)

जालौन के करियावली गांव में कुएं में डूबी मोटर निकालने उतरे छोटे भाई को बचाने के प्रयास में बड़े भाई ...और पढ़ें

तस्वीर- फाइल।

तस्वीर- फाइल।

HighLights

  1. छोटे भाई को बचाने उतरे बड़े भाई की भी मौत।

  2. कुएं में मोटर निकालने के दौरान हुआ यह हादसा।

  3. पुलिस व दमकल टीम ने दोनों शवों को बाहर निकाला।

जागरण संवाददाता, जालौन। कैलिया थाना के ग्राम करियावली में शुक्रवार सुबह करीब नौ बजे कुएं में पानी भर जाने से डूब रही मोटर को निकालने उतरा छोटा भाई डूबने लगा तो ऊपर से बड़ा भाई उसे बचाने के लिए उतर गया।

दोनों भाई डूबने लगे तो आसपास मौजूद किसानों ने मदद कर उन्हें बाहर निकालने का प्रयास किया लेकिन असफल रहे। पुलिस व दमकल टीम बुला कर उन्हें कुएं से बाहर निकाला गया लेकिन तब तक दोनों की मौत हो गई।

गांव के किनारे 65 वर्षीय फूल सिंह कुशवाहा और उनके भाई 55 वर्षीय रामलखन के खेत हैं। इस समय धान व अन्य फसलें तैयार हैं। लगातार कुछ दिन से हो रही बारिश से कुआं का जलस्तर बढ़ जाने से नीचे लगी पानी की मोटर उसमें डूबने लगी।

शुक्रवार को दोनों भाइयों ने मोटर को ऊपर निकालने की सोची। इस पर रस्सी बांध कर रामलखन कुएं में नीचे उतर गया। जिस कड़ी (लकड़ी का पटरा) पर मोटर रखी थी उस पर रामलखन जैसे ही खड़ा हुआ कि पैर फिसला और वह पानी में डूबने लगा, रस्सी भी हाथ से छूट गई।

ऊपर मौजूद बड़ा भाई उसे बचाने के लिए नीचे उतर गया लेकिन वह भी रस्सी फिसल जाने से पानी में गिर गया और डूबने लगा। कुएं के पास मौजूद और ग्रामीणों ने आसपास लोगों को मदद के लिए बुलाया और निकालने का प्रयास किया लेकिन किसी ने नीचे उतरने की हिम्मत नहीं दिखाई।

कैलिया थाना पुलिस को फोन करके सूचना दी। पुलिस ने दमकल टीम की मदद से दोनों भाइयों को रस्सी के सहारे ऊपर निकाला लेकिन तब तक दोनों की जान जा चुकी थी।