UP News: भाजपा नेता के गनर की संदिग्ध परिस्थिति में गोली लगने से मौत, पिता ने जताई हत्या की आशंका
भाजपा नेता मनोज सिंह की सुरक्षा में तैनात सिपाही रत्नेश प्रजापति की संदिग्ध परिस्थिति में सिर में गोली लगने से मौत हो गई। घटना भाजपा नेता के फार्म हाउस पर हुई उस वक्त वह वहां उपस्थित नहीं थे। पुलिस ने कहा कि कारबाइन की सफाई के दौरान असावधानीवश गोली चल जाने से मौत हो गई। मृत सिपाही के पिता ने हत्या की आशंका जताई है।
जागरण संवाददाता, जौनपुर। भाजपा नेता मनोज सिंह की सुरक्षा में तैनात सिपाही की रविवार सुबह संदिग्ध परिस्थिति में सिर में गोली लगने से मौत हो गई। घटना भाजपा नेता के फार्म हाउस पर हुई, उस वक्त वह वहां उपस्थित नहीं थे। एएसपी (ग्रामीण) शैलेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि कारबाइन की सफाई के दौरान असावधानीवश गोली चल जाने से मौत हो गई। मृत सिपाही के पिता ने हत्या की आशंका जताई है।
फार्म हाउस पर ही था रहने का प्रबंध
मूल रूप से मऊ के निवासी 32 वर्षीय सिपाही रत्नेश प्रजापति व रजत पांडेय गत दो सितंबर को मनोज सिंह की सुरक्षा में लगाए गए थे। 2020 में मल्हनी विधानसभा उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी रहे मनोज सिंह के पिछले माह से ही लखनऊ, मुंबई और दिल्ली के दौरे पर होने के कारण दोनों गनर के रहने का प्रबंध फार्म हाउस पर था।
सुबह करीब छह बजे गोली चलने की आवाज सुनकर रजत पांडेय व बावर्ची अवनीश शुक्ल अपने कमरे से बाहर निकले तो रत्नेश को खून से लथपथ देखा। सिर में कनपटी के पास गोली लगी थी, कारबाइन जमीन पर पड़ी थी।
जिला अस्पताल डॉक्टरों ने देखते ही उन्हें मृत घोषित कर दिया। एसपी डा. अजय पाल शर्मा, एएसपी (ग्रामीण) शैलेंद्र कुमार सिंह भी अस्पताल पहुंचे। फारेंसिक टीम ने घटनास्थल पर जाकर साक्ष्य जुटाए।
आरक्षी रत्नेश प्रजापति व रजत पांडेय मनोज सिंह की सुरक्षा ड्यूटी में लगाए गए थे। सुबह करीब छह बजे असलहा की सफाई करते समय असावधानीवश रत्नेश प्रजापति के सिर में गोली लग गई। जिला अस्पताल पहुंचाने पर डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
-शैलेंद्र कुमार सिंह, एएसपी (ग्रामीण)
परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप
उधर, मृत सिपाही के घर खबर लगते ही कोहराम मच गया। पिता विक्रम प्रजापति, बड़े भाई अनिल प्रजापति व पत्नी साधना प्रजापति व अन्य परिजन करीब नौ बजे रोते-बिलखते जिला अस्पताल आ गए। विक्रमा प्रजापति ने पुलिस अधीक्षक को दिए गए प्रार्थना पत्र में लिखा है कि उनके पुत्र की गोली मारकर हत्या की गई है। मुकदमा दर्ज कर छानबीन कराई जाए।
यह भी पढ़ें: कानपुर में फिर ट्रेन पलटाने की कोशिश, ट्रैक पर गैस सिलेंडर से टकराई कालिंदी एक्सप्रेस, हुआ धमाका!
यह भी पढ़ें: गांव में घुसे का तेंदुए का वीडियो बना रहे थे लोग, तभी कैमरे में कैद हुई रोंगटे खड़े कर देने वाली तस्वीर!