BJP के लिए आसान नहीं सीसामऊ का उपचुनाव, सदस्यता अभियान में पिछड़ा एरिया; क्या है कानपुर की अन्य विधानसभाओं का हाल
बीजेपी के सदस्यता अभियान में कानपुर की सीसामऊ विधानसभा पिछड़ रही है। 16 सितंबर तक के आंकड़ों के अनुसार यहां सिर्फ 13900 सदस्य बनाए जा सके। यह क्षेत्र आगामी उपचुनाव और 2027 के विधानसभा चुनाव के लिहाज से भी अहम है। दूसरी ओर दक्षिण जिला इकाई ने सदस्यता के मामले में बाजी मारी है। भाजपा की जीती विधानसभा के नजरिए से देखा जाए तो बिल्हौर की हालत सबसे खराब है।
जागरण संवाददाता, कानपुर। भाजपा के 11 से 17 सितंबर तक चले विशेष सदस्यता अभियान में 16 सितंबर तक का डाटा पोर्टल पर नजर आ रहा है। इसमें शहर के 10 विधानसभा क्षेत्रों में आर्यनगर सबसे पीछे है। वहां 12 हजार के करीब ही सदस्य बनाए जा सके हैं।
सीसामऊ विधानसभा क्षेत्र में उप चुनाव होना है लेकिन यह क्षेत्र 13,900 सदस्यों के साथ आठवें स्थान पर है। दक्षिण जिले ने कानपुर बुंदेलखंड क्षेत्र की 17 जिला इकाइयों में पहला स्थान हासिल किया है। उसने सात दिनों में ही एक लाख नौ हजार के करीब सदस्य बनाए हैं। उसके पास तीन विधानसभा क्षेत्र हैं, वहीं चार विधानसभा वाले उत्तर जिले में अभी 81 हजार के करीब ही सदस्य बने हैं।
भाजपा की जीती विधानसभा सीटों के नजरिए से देखा जाए तो बिल्हौर की हालत सबसे खराब है। यहां 14 हजार के करीब ही सदस्य बने हैं। किदवई नगर 42 हजार से ज्यादा सदस्य बना कर पहले स्थान पर है। सीसामऊ के उप चुनाव और 2027 में आ रहे विधानसभा चुनाव के नजरिए से देखा जाए तो यह सीट भाजपा के लिए आसान न होंगी।
विधानसभा क्षेत्रवार सदस्यता
विधानसभा | सदस्यता |
आर्यनगर | 12,000 |
घाटमपुर | 13,000 |
सीसामऊ | 13,900 |
बिल्हौर | 14,400 |
कल्याणपुर | 26,000 |
बिठूर | 26,000 |
गोविंद नग | 29,000 |
महाराजपुर | 32,300 |
छावनी | 33,900 |
किदवई नगर | 42,700 |
(16 सितंबर तक के आंकड़े)
अभी पोर्टल पर 16 सितंबर तक के आंकड़े दिख रहे हैं। 17 सितंबर के भी आंकड़े आने बाकी हैं। अभी सदस्यता का पहला चरण 25 सितंबर तक और उसके बाद एक से 15 अक्टूबर तक का दूसरा चरण बाकी है। पार्टी का लक्ष्य इसमें पूरा हो जाएगा।
दीपू पांडेय, उत्तर जिलाध्यक्ष।
कानपुर बुंदेलखंड क्षेत्र की 17 जिला इकाइयों में दक्षिण जिला इकाई सदस्यता के मामले में सबसे आगे है। पिछली बार एक लाख 11 हजार सदस्यता थी। इस बार इसी सप्ताह में इतनी सदस्यता हो चुकी है। अभी और आगे जाना है।
शिवराम सिंह, दक्षिण जिलाध्यक्ष।