विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कानपुर में ससुराल जा रहे पिता की बाइक को बस ने मारी टक्कर, साथ में जा रहे दो मासूम बेटों की मौत

Published: Sat, 14 Nov 2026 04:27 PM (IST)

कानपुर के बिधनू में एक तेज रफ्तार बस ने बाइक सवार पिता और उनके दो बेटों को टक्कर मार दी। ...और पढ़ें

डग्गामार बस, घायल पिता अमर बहादुर। जागरण

डग्गामार बस, घायल पिता अमर बहादुर। जागरण

HighLights

  1. बिधनू में तेज रफ्तार बस ने बाइक को टक्कर मारी।

  2. हादसे में चार और तीन साल के दो बेटों की मौत।

  3. पिता अमर बहादुर गंभीर घायल, बस चालक गिरफ्तार हुआ।

संवाद सहयोगी, बिधनू(कानपुर)। दादा-दादी से मिलाकर दो मासूम बेटों को ससुराल ले जा रहे पिता की खुशियां चंद पलों में मातम में बदल गईं। बिधनू के मझावन गांव के पास शनिवार दोपहर तेज रफ्तार डग्गामार बस ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों मासूम की मौत हो गई और पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने घेराबंदी कर रमईपुर के पास बस को चालक समेत पकड़ लिया।

बिधनू भारू गांव निवासी अमर बहादुर पत्नी लक्ष्मी व दोनों बेटे चार वर्षीय आयुष और तीन वर्षीय पीयूष के साथ कई माह से जहानाबाद स्थित ससुराल में रह रहे हैं। बीते गुरुवार को दोनों बेटों को लेकर अपने गांव भारू आए थे। यहां दोनों बच्चे दो दिन दादा श्याम मनोहर और दादी रामप्यारी के पास रुके।

शनिवार दोपहर वह दोनों बच्चों को बाइक पर बैठाकर वापस जहानाबाद लौट रहे थे। मझावन गांव के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार बस ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही तीनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस तीनों को बिधनू सीएचसी ले गई, जहां डाक्टरों ने दोनों बच्चों को मृत घोषित कर दिया।

गंभीर रूप से घायल अमर बहादुर को प्राथमिक उपचार के बाद एलएलआर अस्पताल रेफर कर दिया गया। उधर, पत्नी लक्ष्मी जहानाबाद स्थित मायके में पति और बच्चों के लौटने का इंतजार कर रही थी। हादसे की खबर मिलते ही कोहराम मच गया। थाना प्रभारी सतेंद्र पाल सिंह ने बताया कि बस चालक फतेहपुर निवासी सुरेश यादव को पकड़ लिया गया है।

दादी के पोतों को देखने की जिद पर बेटों को लेकर गांव आए थे

अमर बहादुर की पत्नी लक्ष्मी की मां की जून में मौत हो गई थी। इसके बाद से लक्ष्मी मायके में रह रही थी। पति और बच्चे भी उसके साथ जहानाबाद में रहने लगे थे। इधर, दादी रामप्यारी कई दिनों से पोतों को देखने की जिद कर रही थीं। इस पर अमर बहादुर गुरुवार को दोनों बच्चों को लेकर गांव भारू आए थे। शनिवार को वह बच्चों को वापस जहानाबाद ले जा रहे थे, तभी रास्ते में हादसे ने परिवार की खुशियां छीन लीं।

 

यह भी पढ़ें- Chauri Chaura Express Derail: कानपुर सेंट्रल स्टेशन में 2 दिन बाद बदली 100 मीटर पटरी, गड़बड़ी थी तो क्यों गुजरती रहीं 30 ट्रेनें ?

यह भी पढ़ें- कानपुर में नए मतदाता पहचान पत्र वितरण की तैयारी, महाराजपुर में सर्वाधिक आवेदन, घाटमपुर सबसे पीछे

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।