रक्षा सौदों में भ्रष्टाचार मामले में CBI के रडार पर कई वित्तीय सलाहकार, जांच के लिए दिल्ली से बुलाई गई टीम
रक्षा सौदों में कथित रिश्वतखोरी और हवाला कारोबार की सीबीआई जांच अब वित्तीय सलाहकारों तक पहुंच गई है। एजेंसी को शक है कि इन फर्मों ने करोड़ों रुपये को ...और पढ़ें
-1779908188184_m.webp)
रक्षा सौदों में भ्रष्टाचार मामले में CBI के रडार पर कई वित्तीय सलाहकार।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, कानपुर। रक्षा सौदों में कथित रिश्वतखोरी, हवाला कारोबार और फर्जी तरीके से ठेके हासिल करने के मामले में सीबीआई की जांच अब कारोबारियों के साथ ही वित्तीय सलाहकारों तक पहुंच गई है। जांच एजेंसी को शक है कि हवाला के जरिये आए करोड़ों रुपये को वैध दिखाने, कंपनियों के वित्तीय दस्तावेज तैयार करने व कई संदिग्ध सौदों को कानूनी संरक्षण देने में कुछ पेशेवर फर्मों की भूमिका रही है।
इसी आधार पर कई वित्तीय सलाहकारों की फर्मों को एजेंसी ने रडार पर रखा है। इनके दस्तावेज की जांच के लिए विशेषज्ञों की टीम को कानपुर बुलाया गया है। इस मामले में सीबीआई ने कर्नल हिमांशु बाली समेत पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
चार दिनों से कानपुर समेत आसपास के जिलों में डेरा डाले सीबीआई अधिकारी लगातार कारोबारी नेटवर्क की परतें खोलने में जुटे हैं। अब तक 50 से अधिक लोगों को पूछताछ के लिए बुलाया जा चुका है। बुधवार को शहर के एक बड़े गुटखा कारोबारी को दोबारा तलब कर घंटों पूछताछ की गई।
एजेंसी की नजर खासतौर पर उन कारोबारियों पर है, जिनके दिल्ली, राजस्थान व बंगाल से व्यापारिक संबंध हैं। जांच में सामने आया है कि रक्षा प्रतिष्ठानों को सामग्री आपूर्ति करने वाली कंपनी ईस्टर्न ग्लोबल लिमिटेड के कारोबार का विस्तार बेहद तेजी से हुआ।
खबरें और भी
लगभग 12 साल पहले सेना को छोटे धातु उपकरणों की आपूर्ति से शुरू हुआ कंपनी का कारोबार चार वर्षों में कई गुना बढ़ गया। कंपनी ने सेना के लिए वर्दी, टेंट, स्लीपिंग बैग और बुलेटप्रूफ जैकेट की आपूर्ति शुरू की तथा पश्चिम बंगाल के 24 परगना जिले में गोदाम भी बनाया।
वर्ष 2021-22 में आठ करोड़ रुपये टर्नओवर वाली यह कंपनी 2025-26 में 41 करोड़ रुपये के टर्नओवर तक पहुंच गई। सीबीआई को 100 से अधिक बैंक खातों में करोड़ों रुपये के संदिग्ध लेनदेन के सुराग मिले हैं। इन खातों की इंट्री, बैलेंस शीट व टैक्स दस्तावेज की जांच में अब वित्तीय सलाहकारों की भूमिका खंगाली जा रही है।
वहीं, नोएडा से एक अन्य आरोपित के घर से बरामद 50 लाख रुपये ने जांच को नई दिशा दी है। सीबीआई सूत्रों का दावा है कि यह रकम हवाला चैनलों के जरिये पहुंचाई गई थी।
अब यह पता लगाया जा रहा कि यह धन किन रक्षा सौदों को प्रभावित करने के लिए इस्तेमाल होना था। जांच अभी शुरुआती दौर में है। हालांकि, आने वाले दिनों में कई और कारोबारी, बिचौलिए, पेशेवर सलाहकार व कुछ लोक सेवकों के नाम सामने आ सकते हैं।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।