कानपुर IIT डायरेक्टर को मिला लंदन की रायल सोसाइटी का फेलो सम्मान, गणित और कंप्यूटर साइंस में रहा उत्कृष्ट योगदान
आईआईटी कानपुर के निदेशक प्रो. मणीन्द्र अग्रवाल को गणित और कंप्यूटर विज्ञान में उनके असाधारण योगदान के लिए 'फेलो ऑफ द रॉयल सोसाइटी (एफआरएस)' सम्मान से ...और पढ़ें

IIT डायरेक्टर को मिला लंदन की रायल सोसाइटी का फेलो सम्मान।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, कानपुर। आईआईटी के निदेशक प्रो. मणीन्द्र अग्रवाल ने वैश्विक पटल पर एक बार फिर देश का गौरव बढ़ाया है। गणित और कंप्यूटर विज्ञान के क्षेत्र में उनके असाधारण और उल्लेखनीय योगदान के लिए उन्हें दुनिया के सबसे प्रतिष्ठित वैज्ञानिक सम्मानों में से एक ‘फेलो ऑफ द रॉयल सोसाइटी (एफआरएस)’ के लिए चुना गया है।
लंदन की रॉयल सोसाइटी के इस महत्वपूर्ण सदस्यता सम्मान से न केवल आईआईटी बल्कि पूरे भारतीय वैज्ञानिक समुदाय का मान बढ़ा है।
रॉयल सोसाइटी का फेलो (एफआरएस) सम्मान दुनिया भर के उन विशिष्ट वैज्ञानिकों, इंजीनियरों और तकनीकी विशेषज्ञों को प्रदान किया जाता है, जिन्होंने प्राकृतिक विज्ञान, गणित, इंजीनियरिंग और चिकित्सा के क्षेत्र में अभूतपूर्व व क्रांतिकारी योगदान दिया हो। वैश्विक स्तर पर इस सम्मान को उत्कृष्ट शोध, नवाचार और बौद्धिक क्षमता का सर्वोच्च प्रतीक माना जाता है।
प्रो. मणीन्द्र अग्रवाल का नाम अब उन चुनिंदा वैश्विक वैज्ञानिकों की सूची में शामिल हो गया है, जिन्होंने अपने सिद्धांतों और शोध कार्यों से विज्ञान व तकनीक को नई दिशा दी है।
प्रो. अग्रवाल को यह प्रतिष्ठित सम्मान मिलने की घोषणा के बाद से ही आईआईटी के प्रशासनिक विंग से लेकर शैक्षणिक गलियारों तक में हर्ष का माहौल है। संस्थान के शिक्षकों, वरिष्ठ शोधार्थियों और छात्रों ने इसे संस्थान के इतिहास का एक बेहद गौरवपूर्ण क्षण बताया है।
संस्थान के शिक्षकों ने इस उपलब्धि को संस्थान के लिए अत्यंत प्रेरणादायी करार दिया और कहा कि यह न सिर्फ वर्तमान शोधार्थियों का मनोबल बढ़ाएगी, बल्कि विज्ञान के क्षेत्र में करियर बनाने वाली देश की आने वाली पीढ़ियों को भी निरंतर उत्कृष्ट कार्य करने के लिए प्रेरित करेगी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।