विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कानपुर में फार्च्यूनर कार अनियंत्रित होकर गैस टैंकर से भिड़ी, कत्था फैक्ट्री मालिक की मौत

Published: Sat, 26 Sep 2026 02:34 PM (IST)

कानपुर-प्रयागराज हाईवे पर महाराजपुर के पास एक भीषण सड़क हादसे में कत्था कारोबारी पवन अग्रवाल की मौत हो गई। उनकी ...और पढ़ें

पवन अग्रवाल की फाइल फोटो। स्वजन

पवन अग्रवाल की फाइल फोटो। स्वजन

HighLights

  1. स्वरूप नगर स्थित घर से फतेहपुर के चौडगरा कत्था फैक्ट्री जा रहे थे, महाराजपुर में हुआ हादसा

  2. शीशे तोड़ और कार के दरवाजे को काटकर गाड़ी में फंसे कारोबारी को बाहर निकाला गया

संवाद सहयोगी, महाराजपुर (कानपुर)। कानपुर-प्रयागराज हाईवे पर महाराजपुर के महोली मोड़ के पास शनिवार सुबह भीषण सड़क हादसे में कत्था कारोबारी की दर्दनाक मौत हो गई। वह स्वरूपनगर स्थित आवास से फार्च्यूनर कार से चौडगरा स्थित कत्था फैक्ट्री जा रहे थे। महोली मोड़ के समीप कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर लांघते हुए दूसरी लेन में जा पहुंची और सामने से आ रहे इंडेन गैस टैंकर में जा भिड़ी।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखचे उड़ गए और स्टेयरिंग कारोबारी के सीने में घुस गई। सूचना पर पहुंची पुलिस और स्थानीय राहगीरों ने शीशे तोड़कर तथा दरवाजे को काटकर उन्हें बाहर निकाला। आनन-फानन उन्हें सीएचसी सरसौल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद हाईवे पर करीब एक घंटे यातायात बाधित रहा।

स्वरूपनगर के बंगला नंबर दो निवासी कत्था कारोबारी लगभग 50 वर्षीय पवन कुमार अग्रवाल शनिवार सुबह अकेले कार चलाकर फतेहपुर के चौडगरा जा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुबह करीब 10 बजे तेज रफ्तार फार्च्यूनर एक लोडर से टकराकर अनियंत्रित हो गई। इसके बाद कार डिवाइडर पार करते हुए कई बार पलटी और दूसरी लेन में सामने से आ रहे गैस टैंकर से सीधे टकरा गई। हादसे में गंभीर रूप से घायल कारोबारी कार के अंदर मलबे में बुरी तरह फंस गए थे।

हादसे की खबर मिलते ही पत्नी नमिता एक कर्मचारी के साथ रोती-बिलखती अस्पताल पहुंचीं। मृतक के दो बेटे अक्षय और गोलू हैं, जो विवाहित हैं। हादसे के चलते हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस ने क्रेन की मदद से दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क किनारे हटवाया, जिसके बाद आवागमन सामान्य हो सका।

महाराजपुर थाना प्रभारी जनार्दन सिंह ने बताया कि कार के अनियंत्रित होने से हादसा हुआ। शव का पंचनामा भरकर विधिक कार्रवाई की जा रही है। शहर के बड़े कारोबारी रहे पवन अग्रवाल का सरसौल में फार्म हाउस है। वह यूपी किराना स्कूल किदवई नगर की प्रबंध समिति में सदस्य भी थे। चौडगरा में उनकी कत्था फैक्ट्री और पेट्रोल पंप है।

यह भी पढ़ें- Rain Alert: कानपुर में दो दिन से लगातार बारिश, कई इलाकों में जलभराव व गड्ढों में गिर रहे वाहन, कच्चे मकान भी गिरे

यह भी पढ़ें- Kanpur Businessman Murder Case: पिता ने किया था बेइज्जत...3 महीने पहले बनाया हत्या का प्लान, 3 घंटे में अंजाम