कानपुर छावनी परिषद रिश्वत मामले में बड़ी कार्रवाई, कार्यालय अधीक्षक निलंबित, संविदा कर्मचारी की सेवा खत्म
कानपुर छावनी परिषद में रिश्वत मामले में सीबीआई द्वारा पकड़ी गई कार्यालय अधीक्षक वंदना सिन्हा को निलंबित कर दिया गया है, जबकि संविदा कर्मचारी ओमकार यादव की सेवा समाप्त कर दी गई है। यह कार्रवाई सेवानिवृत्त कर्मचारी के वित्तीय भुगतान के एवज में रिश्वत मांगने की शिकायत के बाद हुई, जिसमें दोनों आरोपी अब जेल में हैं।

छावनी परिषद कार्यालय का मुख्य द्वार बंद रहने से लोगों को संबंधित पटल तक पहुंचने के लिए मशक्कत करनी पड़ी। जागरण
HighLights
कानपुर छावनी परिषद में रिश्वत मामले में हुई कार्रवाई।
कार्यालय अधीक्षक वंदना सिन्हा को किया गया निलंबित।
संविदा कर्मचारी ओमकार यादव की सेवा हुई समाप्त।
जागरण संवाददाता, कानपुर। रिश्वत से जुड़े मामले में सीबीआइ (केंद्रीय जांच ब्यूरो) द्वारा पकड़े जाने के बाद आरोपित वंदना सिन्हा को छावनी परिषद (कैंट बोर्ड) के मुख्य अधिशासी अधिकारी ने निलंबित किया है। जबकि अकाउंट सेक्शन में कार्यरत संविदा कर्मचारी ओमकार यादव की सेवा समाप्त कर दी गई है। ये कार्यवाही दोनों आरोपितों के जेल जाने के बाद 48 घंटे बाद की गई है। वर्तमान में दोनों आरोपित जेल में हैं।
स्वजन ने जमानत कराने के लिए पैरवी तेज कर दी है। सोमवार को कैंट बोर्ड की ओर से दोनों आरोपितों पर नियमानुसार कार्यवाही आदेश जारी होने की पुष्टि की गई। वहीं, सीबीआइ अब ओमकार के रिश्तेदार जो कार्यालय में तैनात हैं, उनकी संलिप्तता की जांच कर रही है।
वर्ष 2016 में फेथफुलगंज निवासी रूपलाल (70) सफाई नायक पद से सेवानिवृत्त हुए। कार्यालय के अनुसार, उनके एरियर सहित अन्य वित्तीय भुगतान की राशि करीब पांच लाख रुपये मिलनी थी, जिसे अकाउंट सेक्शन ने रोक रखा था। रूपलाल ने उच्च न्यायालय में केस किया और वहां से उनके पक्ष में फैसला आया। इसके बाद कैंट बोर्ड ने करीब तीन लाख 80 हजार रुपये का भुगतान किया और एक लाख 14 हजार रुपये के करीब फिर भी रोक लिए।
परेशान रूपलाल ने सीबीआइ में शिकायत की। 19 नवंबर की दोपहर रूपलाल पांच हजार रुपये लेकर कार्यालय अधीक्षक कार्यालय में वंदना के पास पहुंचे। लेनदेन की बातचीत को रिकार्ड किया और पांच हजार रुपये संविदा कर्मचारी ओमकार यादव को दिए। शाम पांच बजे टीम ने कार्यालय में जाकर सभी कर्मचारियों को रोककर पूछताछ शुरू की। यह सिलसिला 20 नवंबर की सुबह सात बजे तक चला।
कैंट बोर्ड के मुख्य अधिशासी अधिकारी स्टीफन पीडी ने बताया कि वंदना को निलंबित किया गया है। जबकि ओमकार यादव की सेवा समाप्त कर दी गई है।
यह भी पढ़ें- Gold: रेनियम पाउडर मिलावट ने बढ़ाई कानपुर के ज्वेलर्स और ग्राहकों की चिंता, चीन से आ रहा बेरोकटोक
यह भी पढ़ें- Kanpur Mandi Bhav: गेहूं, दाल, चावल और सोना-चांदी के ताजा रेट देखें, 23 नवंबर के कानपुर मंडी के ताजा भाव
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।