Kanpur में ये होटल Sex Racket के अड्डे! मोबाइल नंबर से कमरा, नौकरी के बहाने बुलाकर इस धंधे में धकेलते थे लड़कियों को
कानपुर में पुलिस ने 19 होटलों पर छापा मारकर एक बड़े सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ किया है। जांच में सामने आया कि मोबाइल नंबर से कमरे बुक होते थे और व्हाट्सए ...और पढ़ें

ये फोटो एआई जनरेटेड है।
जागरण संवाददाता, कानपुर। कानपुर के कई होटल सेक्स रैकेट के नेटवर्क का अड्डा बने हैं। पुलिस ने 19 होटलों में रेड की। जांच में सामने आया कि मोबाइल नंबर के जरिए कमरे बुक किए जाते थे और वाट्सएप पर लड़कियों की फोटो दिखाकर सौदे तय होते थे। लड़कियों को नौकरी के बहाने इस दलदल में धकेला जाता था।
शहर के दर्जनों ऐसे होटल हैं, जहां सेक्स रैकेट संचालित हो रहा है। गिरोह बंगाल, झारखंड समेत राज्यों की लड़कियों को नौकरी के बहाने शहर बुलाकर इस सेक्स रैकेट में धकेल रहा है। ग्राहकों और लड़कियों के आधार वाट्सएप के जरिए होटल संचालक को भेजा जाता है, लेकिन संचालक व कर्मचारी लड़कियों का आधार कार्ड की जगह सिर्फ उसका नंबर ही रजिस्टर में अंकित कर रहे है।
इन होटलों में 500 से 2000 रुपये तक घंटे के हिसाब से कमरे बुक किए जा रहे हैं। शुक्रवार देर रात तक शहर के 19 होटलों में पुलिस की छापेमारी में ये बात सामने आई है। उन सभी के रजिस्टर सीज कर लिए गए हैं। पुलिस जांच कर पूरे गिरोह का पर्दाफाश करने में जुटी है। वहीं, कोलकाता की युवती को सेक्स रैकेट में धकेलने का आरोपित रोहित सोमवार को जेल भेजा गया।
कल्याणपुर थानाक्षेत्र के होटल में छापेमारी के दौरान रजिस्टर देखते पुलिस अधिकारी। पुलिस
लड़कियां उपलब्ध होने की बताते थे व्यवस्था
शहर के पहले 24 घंटे के लिए होटल के कमरे बुक होते थे, जिन्हें एक आनलाइन कंपनी के जरिए बुक भी कराया जा सकता है, लेकिन इधर दो सालों से उस आनलाइन कंपनी से अनुबंध हुए बिना ही उसका नाम इस्तेमाल किया जा रहा है। यहां सेक्स रैकेट तेजी से चल रहा है। होटल में बाहर से आने वाले ग्राहकों से कर्मचारी बातचीत करते हुए इशारों में लड़कियां उपलब्ध कराने की भी व्यवस्था बताते हैं। इसके बाद वाट्सएप पर लड़कियों की फोटो दिखा उनकी कीमत बताते हैं। इसके बाद घंटे और पूरी रात के लिए कमरा बुक करने की कीमत उनसे ली जाती है।
कोलकाता की युवती ने खोला राज
प्रशिक्षु आइपीएस सुमेध जाधव ने बताया कि कोलकाता की एक युवती ने पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल से गुहार लगाई थी। उनके आदेश पर शुक्रवार शाम कल्याणपुर थाने में बर्रा दो के रोहित वर्मा के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। आरोप था कि रोहित ने उसे नौकरी के बहाने बुलाया और सेक्स रैकेट में धकेल दिया। इसके बाद वह लगातार ब्लैकमेल करने लगा। पुलिस ने आरोपित रोहित को गिरफ्तार किया तो उसके मोबाइल फोन पर कई लड़कियों के नाम-नंबर व फोटो-वीडियो मिले।
लड़कियों के मिले नाम और फोटो
शहर के 19 होटलों के नाम भी मिले, जिनके संचालकों को रोहित वाट्सएप के जरिए ग्राहक व लड़कियों के आधार कार्ड भेजने का प्रमाण मिला, जिसके बाद पुलिस आयुक्त के निर्देश पर डीसीपी लाइन प्रभारी शिवा सिंह, एडीसीपी एसओजी सुमित सुधाकर रामटेके और वह खुद शहर के 19 होटलों में देर रात तक छापा मारा। इसमें कुछ एक को छोड़कर अन्य सभी होटलों के रजिस्टर पर ग्राहकों के साथ लड़कियों के नाम और सिर्फ आधार कार्ड का नंबर ही अंकित मिला। उसका पता नहीं था। यहां तक आधार की प्रति तक नहीं थी।
ज्यादातर होटल यहां के
इसमें ज्यादातर होटल, कल्याणपुर, बर्रा, किदवई नगर, कलक्टरगंज, हरबंशमोहाल थानाक्षेत्रों के होटल हैं। उन सभी के रजिस्टर सीज कर लिए गए हैं। उनके संचालकों की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। आइपीएस अधिकारी सुमेध जाधव ने बतया कि टीम इस पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश करने में जुटी है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।