विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

एलपीजी उपभोक्ताओं को अभी राहत नहीं! नए कनेक्शन पर रोक जारी, छोटू सिलिंडर भी पड़ रहा भारी… ये है वजह

Published: Sun, 20 Sep 2026 12:02 PM (IST)Updated: Sun, 20 Sep 2026 02:01 PM (IST)

नए घरेलू एलपीजी कनेक्शनों पर रोक जारी है, जिससे हजारों लोग छह महीने से इंतजार कर रहे हैं। ईरान-अमेरिका युद्ध ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. कानपुर में नए घरेलू एलपीजी कनेक्शनों पर रोक जारी है।

  2. होर्मुज संकट के कारण वैश्विक एलपीजी आपूर्ति प्रभावित हुई है।

  3. छोटे सिलिंडर महंगे होने से आम परिवारों की पहुंच से बाहर।

अमन तिवारी, कानपुर। नया घरेलू एलपीजी कनेक्शन लेने के लिए लोगों को अभी और इंतजार करना पड़ सकता है। इंडेन, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम की एजेंसियां पिछले करीब छह महीनों से नए घरेलू गैस कनेक्शन जारी नहीं कर पा रही हैं।

ईरान-अमेरिका युद्ध के कारण हुए होर्मुज संकट से पैदा हुए एलपीजी आपूर्ति संकट के चलते सरकार ने मार्च से नए कनेक्शनों पर रोक लगा रखी है। नए कनेक्शन के लिए आवेदन करने के बाद छह माह से लोग इंतजार कर रहे हैं।

गैस कंपनियों के अधिकारियों के अनुसार, होर्मुज क्षेत्र में पैदा हुए संकट के बाद एलपीजी की वैश्विक आपूर्ति प्रभावित हुई थी। अमेरिका से आयातित एलपीजी आपूर्ति मांग के मुकाबले पर्याप्त नहीं है। समुद्री मार्ग से गैस की खेप भारत पहुंचने में 43 से 52 दिन का समय लग रहा है।

अधिकारियों के अनुसार, सरकार के आदेश पर मौजूदा उपभोक्ताओं को नियमित रूप से गैस सिलिंडर उपलब्ध कराए जा रहे हैं, लेकिन सीमित उपलब्धता के कारण नए कनेक्शन नहीं दिए जा रहे हैं। आपूर्ति सामान्य होने पर लंबित आवेदनों पर कार्रवाई की जाएगी।

छोटा सिलिंडर है विकल्प, लेकिन पहुंच से बाहर

गैस कंपनियों ने विकल्प के तौर पर पांच और 10 किग्रा के पारदर्शी एलपीजी सिलिंडर उपलब्ध कराए हैं, जो व्यावसायिक दरों पर दिए जा रहे हैं। इनको लेने के लिए व्यक्ति को निकटतम गैस एजेंसी में आधार कार्ड, पहचान पत्र और निर्धारित धनराशि जमा करनी पड़ेगी। दस किलो के सिलिंडर के लिए 4450 रुपए और पांच किलो के सिलिंडर के लिए 1600 रुपए का दाम निर्धारित किया गया है।

एक बार सिलिंडर लेने के बाद दस किलो वाला दोबारा भरवाने के लिए 1400 रुपए और पांच किलो वाला सिलिंडर दोबारा रिफिल कराने के लिए 767 रुपए का भुगतान करना होगा। जो आम परिवारों की पहुंच से बाहर है। ऐसे में इंतजार करने के अलावा कोई व्यावहारिक विकल्प नहीं बचा है।

जनपद में गैस कनेक्शनधारकों की स्थिति

कंपनी एजेंसियों की संख्या घरेलू कनेक्शन
इंडेन आयल 56 7,21,109
बीपीसीएल 15 2,22,530
एचपीसीएल 19 2,06,226
कुल योग 90 11,49,865

कनेक्शन के लिए भटक रहे लोगों की जुबानी

पति सेना में तैनात हैं। कानपुर में मायका और ससुराल पक्ष की भी रिश्तेदारियां हैं, इसलिए बच्चों को पढ़ाने के लिए यहां शिफ्ट हुए हैं। चार महीने बीत गए हैं, लेकिन गैस करनेक्शन नहीं मिल पा रहा है। आवेदन करते समय ही एजेंसी से बताया गया था कि अभी रोक है समय लगेगा। रिश्तेदारों से सिलिंडर मांग-मांग कर काम चलाना पड़ रहा है।

-सरोजिनी शुक्ला, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी मार्ग।

इधर-उधर करके काम चला रहे

अप्रैल माह में गांव से आकर शहर शिफ्ट हो गए थे। गृहस्थी का एक-एक सामान जुटा लिया लेकिन अभी तक गैस कनेक्शन नहीं ले पाए हैं। इंडक्शन के सहारे काम चलता है और गांव से हर महीने सिलिंडर लाते हैं तो गांव में संकट छाने लगता है। ऐसे में इधर-उधर करके काम चला रहे हैं। पता नहीं कब तक ऐसे हालात बने रहेंगे।

-राजेश्वर कुशवाहा, गुरुदेव चौराहा।

यथावत जारी रहेगी रोक

नए कनेक्शनों पर रोक बीते 10 मार्च से सरकार के आदेश पर लगी है और अग्रिम आदेशों तक यथावत जारी रहेगी। विकल्प के तौर पर कंपनियों ने दस किलो और पांच किलो के पारदर्शी सिलिंडर एजेंसियो में उपलब्ध कराए हैं। इन सिलिंडरों की खासियत यह है कि आप इनमें बाहर से ही देख सकते हैं कि कितनी गैस खर्च हुई और कितनी बची हुई है। नए कनेक्शन सरकार के आदेश जारी करने के बाद ही दिए जाएंगे।

-अंजनी प्रताप सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी।