विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कानपुर में अब Metro से भी भेज सकेंगे कारोबारी सामान, ई-वे बिल के साथ मिलेगा ITC का लाभ

Published: Mon, 23 Nov 2026 06:49 PM (IST)

जीएसटीएन ने मेट्रो रेल को ई-वे बिल प्रणाली में पांचवें परिवहन साधन के रूप में शामिल कर कारोबारियों को बड़ी राहत दी है। अब वे मेट्रो से 50,000 रुपये से अधिक का सामान ले जाने पर ई-वे बिल जनरेट कर इनपुट टैक्स क्रेडिट का लाभ उठा सकेंगे, जिससे तकनीकी अड़चनें दूर होंगी।

News Article Hero Image

HighLights

  1. मेट्रो रेल ई-वे बिल प्रणाली में पांचवां परिवहन साधन बनी।

  2. कारोबारी अब मेट्रो से सामान पर आईटीसी का दावा कर सकेंगे।

  3. 50,000 रुपये से अधिक के सामान के लिए ई-वे बिल अनिवार्य।

जागरण संवाददाता, कानपुर। मेट्रो रेल नेटवर्क से जुड़े बड़े शहरों के कारोबारियों को जीएसटी नेटवर्क (जीएसटीएन) ने बड़ी राहत दी है। अब वे मेट्रो रेल से अपना कीमती सामान एक बाजार से दूसरे बाजार या ग्राहक तक पहुंचाने पर ई-वे बिल जनरेट कर सकेंगे और उस पर कर छूट (इनपुट टैक्स क्रेडिट - आइटीसी) का दावा भी कर सकेंगे। इसके लिए जीएसटीएन ने नियम 138(2ए) में संशोधन करते हुए ई-वे बिल प्रणाली के ''पार्ट-बी'' में परिवहन के पांचवें साधन के रूप में ''मेट्रो रेल'' को भी शामिल कर लिया है।

जीएसटी नियमों के तहत 50,000 रुपये या उससे अधिक मूल्य के सामान को एक स्थान से दूसरे स्थान पर ले जाने के लिए ई-वे बिल बनाना अनिवार्य होता है। कारोबारियों के पास अब तक ई-वे बिल बनाते समय केवल सड़क, रेल, हवाई और जलमार्ग के ही विकल्प उपलब्ध थे, साथ ही पार्ट-बी में वाहन संख्या दर्ज करना अनिवार्य था। मेट्रो का कोई पंजीकृत वाहन नंबर न होने और पोर्टल पर इसका विकल्प न मिलने से व्यापारियों को सामान की आवाजाही का वैध रिकार्ड दिखाने में तकनीकी अड़चनों का सामना करना पड़ता था।

जीएसटीएन द्वारा जारी एडवाइजरी के अनुसार, वेबसाइट (वेब पोर्टल) के जरिए सीधे ई-वे बिल बनाने के साथ-साथ पुरानी जानकारी भी अपडेट की जा सकेगी। जो बड़े कारोबारी अपने बिलिंग साफ्टवेयर (एपीआइ) के जरिए सीधे जीएसटी पोर्टल से जुड़कर ई-वे बिल बनाते हैं, उनके लिए अभी इसका परीक्षण चल रहा है।

कर अधिवक्ता संतोष कुमार गुप्ता के अनुसार, मेट्रो में भारी माल की ढुलाई नहीं होती, लेकिन व्यापारी या उनके प्रतिनिधि बैग या झोले में कम वजनी और कीमती सामान लेकर सफर करते हैं। पहले ई-वे बिल न बन पाने के कारण स्टेशन से बाहर निकलते समय सचल दल (मोबाइल स्क्वायड) द्वारा जांच में माल पकड़े जाने का डर रहता था। साथ ही, बाद में माल बेचने पर विभाग परिवहन के माध्यम पर सवाल उठा सकता था।

अब वैध ई-वे बिल होने से व्यापारी के पास पुख्ता प्रमाण रहेगा। इस फैसले का सीधा फायदा उन छोटे-बड़े व्यापारियों, ज्वैलर्स, मोबाइल व इलेक्ट्रानिक्स दुकानदारों और कुरियर एजेंटों को होगा, जो मेट्रो में सफर करते हुए 50,000 रुपये या उससे ज्यादा कीमत का माल साथ लेकर जाते हैं।

क्या होता है ई-वे बिल

माल और वस्तुओं की आवाजाही के लिए कंप्यूटर आधारित चालान को ई-वे बिल कहते हैं। एक स्थान से दूसरे स्थान या राज्य में 50 हजार रुपये से अधिक की वस्तुओं की आवाजाही के लिए यह अनिवार्य है। इससे कर चोरी पर अंकुश लगने के साथ-साथ माल के वैध परिवहन की पुष्टि होती है।

यह भी पढ़ें- Interview: भाजपा के कानपुर ग्रामीण जिलाध्यक्ष ने कहा, संविधान-आरक्षण पर विपक्ष का नैरेटिव नहीं चलेगा, जनता जागरूक

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।