घाटमपुर नेयवेली पावर प्लांट में लगेगी 660 मेगावाट की चौथी यूनिट, उत्पादन बढ़कर होगा 2640 मेगावाट
नेयवेली पावर प्लांट में 660 मेगावाट की चौथी यूनिट शुरू करने की सैद्धांतिक सहमति मिल गई है, जिससे कुल उत्पादन ...और पढ़ें

HighLights
नेयवेली पावर प्लांट में चौथी 660 मेगावाट यूनिट लगेगी
कुल उत्पादन क्षमता बढ़कर 2640 मेगावाट हो जाएगी
स्थानीय लोगों को रोजगार और तकनीकी प्रशिक्षण मिलेगा
संवाद सहयोगी, घाटमपुर(कानपुर)। 1980 मेगावाट के नेयवेली पावर प्लांट में चौथी यूनिट भी शुरू की जाएगी। 660 मेगावाट की नई यूनिट शुरू होने से पावर प्लांट से 2640 मेगावाट का उत्पादन होगा। नई यूनिट के लिए सैद्धांतिक सहमति मिल चुकी है। सरकार की ओर से फिजिबिलिटी रिपोर्ट मांगी गई है। बुधवार को इसी सबंध में कैबिनेट मंत्री राकेश सचान ने पावर प्लांट का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पावर प्लांट की वर्तमान स्थिति, विद्युत उत्पादन, संयंत्र की संचालन व्यवस्था तथा विभिन्न कार्यों की प्रगति का जायजा लिया।
कैबिनेट मंत्री राकेश सचान ने बताया कि निरीक्षण के दौरान अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक हुई। बैठक के दौरान चौथी यूनिट को लेकर तैयारियां, परियोजना की उपलब्धियों, वर्तमान चुनौतियों एवं आगामी कार्ययोजनाओं पर चर्चा की गई। उन्होंने संयंत्र की कार्यक्षमता बढ़ाने के साथ बेहतर संचालन सुनिश्चित करने और निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा करने पर विशेष बल दिया गया।
नेयवेली पावर प्लांट के डीजीएम/एचआर कौशिक भार ने बताया कि चौथी यूनिट को लेकर सैद्धांतिक सहमति मिल चुकी है। फिजिबिलिटी रिपोर्ट तैयार की जा रही है। जरूरी कार्यवाही के बाद चौथी यूनिट का काम शुरू करा दिया जाएगा।
संयुक्त उपक्रम है नेयवेली पावर प्लांट
पावर प्लांट केंद्र सरकार के नेयवेली लिग्नाइट कार्पोरेशन इंडिया लिमिटेड (51 प्रतिशत) और प्रदेश सरकार के उत्तर प्रदेश राज्य विद्युत निगम लिमिटेड (49 प्रतिशत) का संयुक्त उपक्रम है। वर्तमान में 660 मेगावाट की तीन यूनिट संचालित हैं। कुल 1980 मेगावाट का उत्पादन हो रहा है और 93 प्रतिशत ऊर्जा प्रदेश को व शेष ऊर्जा दूसरे प्रदेशों को मिल रही है। 660 मेगावाट की चौथी यूनिट लग जाने से पावर प्लांट की कुल क्षमता 2640 मेगावाट हो जाएगी।
क्षेत्रीय लोगों को रोजगार देने और तकनीकी दक्ष बनाने पर दिया जोर
कैबिनेट मंत्री राकेश सचान ने बताया कि कई लोगों से शिकायत मिली थी कि, उनकी जमीन पावर प्लांट में चली गई, लेकिन रोजगार नहीं मिला। अधिकारियों से इस सबंध में चर्चा हुई। निर्देश दिए गए कि युवाओं को योग्यता के अनुसार नौकरी दी जाए। इसके साथ ही ट्रेनिंग प्रोग्राम चलाकर क्षेत्रीय लोगों को तकनीकी रूप से दक्ष बनाने को कहा गया। वहीं, सीएसआर फंड के द्वारा क्षेत्र में शिक्षा व स्वास्थ्य में कार्य करने के निर्देश दिए गए। और प्लांट में जिन किसनों की जमीन दी गई है उन परिवारों को योगता अनुसार नौकरी दिया जाए।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।