Trending

    loading ads...
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Weather Alert:अप्रैल में ही बरस पड़ा आसमान! कानपुर में 55 साल का रिकॉर्ड टूटते-बचते बचा, एक दिन में चौंकाने वाली बारिश

    Updated: Sat, 04 Apr 2026 10:19 PM (IST)

    कानपुर में अप्रैल माह में 20 मिमी से अधिक बारिश असामान्य है, जबकि औसत 4.9-5 मिमी रहता है। इस बार शहर 55 साल का बारिश का रिकॉर्ड तोड़ने के करीब पहुंच ग ...और पढ़ें

    News Article Hero Image

    सर्वोदय नगर में आरटीओ माडल रोड पर भरा वर्षा का पानी। जागरण

    जागरण संवाददाता, कानपुर। कानपुर शहर में अप्रैल महीने के दौरान 20 मिमी या उससे अधिक बारिश होना बेहद असामान्य माना जाता है। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, इस माह में औसत वर्षा महज 4.9 से 5 मिमी के आसपास रहती है, जबकि बारिश की संभावना भी केवल 2 से 4 प्रतिशत तक ही होती है। अगर थोड़ी बारिश और हो जाती तो 55 सालों का रिकार्ड टूट जाता।

    मौसम विशेषज्ञ डा. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि पिछले 20 सालों के रिकार्ड पर नजर डालें तो 26 अप्रैल 2020 को शहर में रिकार्ड 27.6 मिमी बारिश दर्ज की गई थी। जिसने 49 वर्षों का पुराना रिकार्ड तोड़ दिया था। इस एक दिन की भारी वर्षा के चलते पूरे अप्रैल माह में कुल 31.8 मिमी बारिश दर्ज की गई, जो सामान्य से कई गुना अधिक रही। उन्होंने बताया कि ऐतिहासिक आंकड़ों के अनुसार, इससे पहले वर्ष 1971 में अप्रैल महीने में 15 मिमी से अधिक बारिश रिकार्ड की गई थी। वहीं बीते कुछ सालों में अप्रैल के महीने में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश दर्ज की गई, लेकिन यह 20 मिमी के स्तर तक नहीं पहुंच सकी।

    उन्होंने बताया कि अप्रैल में आमतौर पर हल्की बारिश (औसतन 2.7 मिमी) ही देखने को मिलती है, ऐसे में भारी वर्षा की घटनाएं अपवाद स्वरूप ही होती हैं। वहीं अप्रैल के पूरे महीने की बात करें तो साल 2023 में पूरे महीने में 47.8 मिमी बारिश दर्ज हुआ था।

    70 की रफ्तार से आई आंधी, 48 मिनट में 20.3 मिमी तक बरसा पानी

    शनिवार दोपहर तक भीषण गर्मी सता रही थी, वहीं शाम करीब पौने पांच बजे अचानक मौसम ने करवट ली। तेज आंधी के साथ वर्षा और ओलावृष्टि से ऐसा तूफान आया कि शहर में अंधेरा छा गया। सड़क पर चल रहे वाहन भी रुकने को मजबूर हो गए, क्योंकि तेज हवा में आगे बढ़ना मुश्किल हो रहा था। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक आंधी की रफ्तार 65 से 70 किमी प्रतिघंटा तक रही। करीब 48 मिनट की कुल बरसात के दौरान कंपनीबाग में सबसे ज्यादा 20.3 मिमी, सिविललाइंस में 19.4 मिमी, काकादेव में 18.9 मिमी और नौबस्ता में 18.1 मिमी वर्षा शाम सात बजे तक हुई।

    जारी रहेगा ये सिलसिला

    बीते कई दिनों से दिन का तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के पार बना है। इसमें रविवार को गिरावट आने के आसार हैं। वहीं न्यूनतम तापमान भी 15 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच सकता है। मौसम विशेषज्ञ डा.एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि बादलों के साथ हल्की बूंदाबांदी का सिलसिला पांच व छह अप्रैल तक जारी रह सकता है। इससे तापमान में दो से पांच डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है।

    अभी आरेंज अलर्ट

    डा. पांडेय ने कहा कि इस बदलाव की मुख्य वजह ईरान की ओर से आने वाले दो सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ हैं, जिन्होंने पूरे उत्तर भारत के मौसमतंत्र को बदल दिया है। इसी को देखते हुए मौसम विभाग ने आरेंज अलर्ट जारी किया है और आने वाले दिनों में आंधी, वर्षा और ओलावृष्टि की संभावना जताई है। उन्होंने बताया कि दिनभर की तेज धूप के कारण स्थानीय स्तर पर लो-प्रेशर (कम दबाव) की स्थिति बनती है। यही लो-प्रेशर शाम के समय नम हवा को अपनी ओर खींचता है, जिससे बादल बनते हैं। इसके चलते शहर में आंधी और वर्षा हुई। उन्होंने कहा कि फिलहाल इसी तरह का मौसम रहेगा।