Weather Alert: UP में औरैया, उरई, कानपुर सहित कई जिलों में भारी ओलावृष्टि, फिर आंधी ने मचाई तबाही
शनिवार को उत्तर प्रदेश के औरैया, उरई, कानपुर देहात, हमीरपुर और उन्नाव सहित कई जिलों में अचानक तेज आंधी, बारिश और भारी ओलावृष्टि हुई। ...और पढ़ें
-1775312999765_m.webp)
जागरण टीम, कानपुर। Weather Alert: उत्तर प्रदेश के कई जिलों में शनिवार को अचानक मौसम ने भारी तबाही मचा दी। औरैया, उरई, कानपुर देहात, हमीरपुर और उन्नाव समेत कई इलाकों में तेज आंधी-बारिश और ओलावृष्टि से आम लोगों से लेकर किसान प्रभावित हो गए। शाम चार बजे के बाद तेज हवाओं के साथ बारिश-ओलावृष्टि से खेतों में खड़ी और कटी फसल को भारी नुकसान पहुंचा।
हमीरपुर में मौसम बदलते ही किसान फसल बचाने में जुट गए, वहीं उन्नाव में खेतों में पड़ी कटी गेहूं की फसल बारिश में भीग गई, जिससे सड़ने का खतरा बढ़ गया है। शुक्लागंज और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में ओलावृष्टि से गेहूं, लाही और सब्जियों की फसल को नुकसान हुआ है।
उरई जिले के करीब 150 गांवों में ओलावृष्टि और तेज हवा से फसलें खेतों में बिछ गईं। किसानों का कहना है कि 50 प्रतिशत से अधिक नुकसान की आशंका है। वहीं कानपुर देहात में भी तेज हवाओं के साथ बारिश और ओले गिरे, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ।
हमीरपुर में बारिश
हमीरपुर में एकाएक मौसम के पलटी मारने से किसानों के माथे में चिंता की लकीरें झलकने लगी हैं। शाम चार बजे के बाद मौसम के बदलाव से आसमान में बादलों का डेरा छा गया और हवाओं के साथ हल्की बूंदाबांदी भी हुई। इससे किसान अपनी फसलों को बचाने में जुट गया है। किसानों का कहना है यदि तेज बारिश व ओलावृष्ट हुई तो फसलें चौपट हो जाएंगी। जिससे फसल की लागत भी निकालनी मुश्किल होगी।
उन्नाव में 15 से ज्यादा गांव प्रभावित
उन्नाव में शाम को तेज हवा के साथ काले बादल छा गए। उसके बाद बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी। बारिश के कारण खेतों में कटी पड़ी गेहूं की फसल भीग गई है। शुक्लागंज के ग्रामीण अंचलों में शंकरपुर, सन्नीसराय, कन्हवापुर, मुरलीपुर, लक्ष्मीखेड़ा व जाजमऊ के लखापुर, लोचनखेड़ा, रजुआखेड़ा, समेत कई ग्रामीण अंचलों में शाम लगभग पांच बजे आंधी व वर्षा के साथ ओलावृष्टि हुई। जिससे गेहूं, लाही व सब्जी की फसलों को काफी नुकसान हुआ है। जिला कृषि अधिकारी शशांक चौधरी ने बताया कि जिले में 2.25 हेक्टेयर गेंहू की फसल बोई गई है। बारिश के कारण खराब हुई फसल का आंकलन कराया जाएगा। इसके बाद किसानों को क्षतिपूर्ति कराई जाएगी।
उरई में 150 गांवों की फसल खेतों में बिछी
उरई के कई हिस्सों में तेज बारिश के साथ हवा और ओलावृष्टि ने भारी तबाही मचा दी। खेत में कटी और पकी-अधपकी गेहूं की फसल ओला गिरने से पूरी तरह से बिछ गई। सबसे अधिक नुकसान कोंच-माधौगढ़ तहसील क्षेत्र के करीब 150 गांवों में हुआ। किसानों के अनुसार जिस तरह से ओला गिरे हैं उससे फसल को पचास प्रतिशत से अधिक का नुकसान हो सकता है। जनपद में अभी भी साठ प्रतिशत फसल खेतों में ही खड़ी है। जिलाधिकारी राजेश कुमार पांडेय ने बताया कि कुछ क्षेत्र में ओला गिरने की रिपोर्ट मिली है, वहां की राजस्व टीमों को शनिवार को ही सक्रिय कर दिया गया है। किसानों की फसलों के नुकसान का सर्वे कर जो भी मदद होगी शासन स्तर से मिलेगी।
कानपुर देहात में तेज हवा के साथ बारिश
सुबह चटक धूप रहने के बाद शाम को मौसम में यकायक परिवर्तन होने के साथ ही बदली छा गई, जिसके बाद तेज हवा के साथ बारिश के साथ ही डेरापुर, मुंगीसापुर, सरवनखेड़ा समेत अन्य क्षेत्र में ओलावृष्टि भी हुई है।
माधौगढ़ में दीवार गिरने से बकरियों की मौत, गृहस्वामी घायल
शाम को तेज हवा के साथ बारिश हुई, जिसमें रामनगर निवासी किसान संतोष की दीवार गिर गई। पास में बंधी चार बकरियां भी दब गईं, जब तक मिट्टी हटाई गई तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। संतोष के पिता दौलत सिंह भी दीवार की मिट्टी की चपेट में आकर घायल हो गए। पड़ोसी देवेंद्र की दीवार गिरने से भैंस के बच्चे की मौत हो गई।
कन्नौज में बेमौसम बारिश ने गेहूं के किसानों को दिया 'झटका'
शाम चार बजे तेज हवा चली और फिर काली घटाएं छा गईं। इसके बाद बारिश होने लगी। बिन मौसम हुई बारिश ने गेहूं के किसानों को झटका दिया। खेतों में पड़ा भूसा भीग गया तो कहीं पर गेहूं की कटी फसल में पानी भर गया। इससे किसानों की चिंता बढ़ गई। तहसीलदार अवनीश कुमार सिंह ने बताया कि बारिश हुई है, लेकिन अभी किसानों का नुकसान नहीं हुआ। फिर भी राजस्व टीम को लगाया गया है। जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई होगी।
औरैया में तेज आंधी-बारिश से आम का पेड़ गिरा, दो पोल टूटने की वजह से गई बिजली
औरैया में तेज आंधी में सोहनी गांव स्थित कंपोजिट प्राथमिक विद्यालय के पास आम का पेड़ गिर गया। दो पोल टूटने से बिजली चली गई। तेज हवाओं के साथ करीब आधा घंटा तक बारिश हुई। कई क्षेत्रों में ओलावृष्टि भी हुई
महोबा में तेज आंधी के साथ बारिश से टूटकर गिरा पेड़, लगा छह किमी लंबा जाम
शनिवार की शाम आई तेज आंधी के चलते अजनर-कुलपहाड़-नौगांव मार्ग पर पेड़ टूटकर गिर गया। जिससे दोनों ओर से आवागमन बाधित हुआ। पैदल व बाइक सवार तो जैसे-तैसे निकल गए, पर चार पहिया वाहन चालकों को फंसे रहना पड़ा। करीब छह किमी लंबा जाम लगने से लोग परेशान रहे। अजनर क्षेत्र के इंद्रहटा, भगारी, स्वायन, गुंड सहित करीब 20-22 गांवों के साथ ही मप्र के नौगांव जाने के लिए आवागमन इसी मार्ग से होता है। लेकिन जाम के चलते लोगों को दिक्कत हुई। महिलाएं व छोटे बच्चे जाम में घंटों फंसे रहे। तेज आंधी के साथ बूंदाबांदी और इसके बाद निकल रही तेज धूप से मौसम में बदलाव आया है। इससे किसानों की परेशानी बढ़ गई है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।