Trending

    loading ads...
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Kanpur में आंधी-बारिश और ओलावृष्टि ने मचाई तबाही, 2 की मौत, 6 से ज्यादा घायल, 20 गाड़ियां दबी, देखें कहर की तस्वीरें

    Updated: Sat, 04 Apr 2026 06:16 PM (IST)

    कानपुर में तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि ने भारी तबाही मचाई। शहर भर में पेड़ गिरने से सड़कें अवरुद्ध हो गईं और यातायात बाधित हुआ। पेड़ गिरने से दो की म ...और पढ़ें

    जागरण संवाददाता, कानपुर। कानपुर में शनिवार को मौसम ने अचानक बदले हुए मौसम ने कहर बरपाया। तेज आंधी, बारिश व ओलावृष्टि ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया। कुछ ही देर में हालात ऐसे बिगड़े कि जगह-जगह पेड़ गिर गए, सड़कें जाम हो गईं और लोगों में दहशत का माहौल बन गया। तेज हवाओं की रफ्तार इतनी अधिक थी कि कई इलाकों में पुराने और बड़े पेड़ जड़ से उखड़ गए। दो लोगों की मौत हो गई, छह से ज्यादा घायल हो गए। वहीं मौसम विभाग की ओर से अभी भी तीन घंटे का अलर्ट जारी किया गया है।

    WhatsApp Image 2026-04-04 at 17.21.39

    थाने के अंदर लगा हुआ पेड़ और टावर तेज आंधी में गिरा।

     

    काकादेव में पेड़ गिरने से आटो में दब गई महिला और चालक, दोनों की मौत

    काकादेव में आंधी की वजह से एक पेड़ आटो पर गिर गया। आटो सवार महिला और चालक की दबने से मौत हो गई। जब तक राहगीर उन्हें बचाने को दौड़े तो उनकी मौत हो चुकी थी। महिला जमुना देवी कुलवंती अस्पताल में दिखाकर वापस जा रही थी। जबकि चालक की अभी पहचान नहीं हो सकी है

    शहर में जगह-जगह पेड़ गिरने से यातायात ठप

    नवाबगंज से एसडी कालेज चिड़ियाघर रोड पर कई वर्षों पुराना विशाल पेड़ गिरने से पूरी सड़क जाम हो गई। राहगीरों और वाहन चालकों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। इसी तरह फजलगंज चौराहे, कर्नलगंज ऊंची सड़क और शास्त्री नगर सेंट्रल पार्क के पास भी पेड़ गिरने से रास्ते बंद हो गए, जिससे यातायात व्यवस्था चरमरा गई।

    WhatsApp Image 2026-04-04 at 17.35.48 (1)

    तूफान से कर्नलगंज ऊंची सड़क पर गिरा पेड़।

    कल्याणपुर में हादसा, तीन लोग घायल

    कल्याणपुर के इंदिरा नगर रोड पर तेज हवाओं के झोंकों के कारण एक पेड़ अचानक गिर गया। इसकी चपेट में आने से तीन लोग घायल हो गए, जबकि एक स्कूटी पूरी तरह दब गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

    WhatsApp Image 2026-04-04 at 17.36.38

    शास्त्री नगर सेंट्रल पार्क के पास पेड़ गिरने से रास्ता बंद हुआ।

    थाना परिसर भी नहीं बचा, काकादेव में नुकसान

    तेज आंधी का असर काकादेव थाना परिसर में भी देखने को मिला। थाने के अंदर लगा पेड़ और एक टावर तेज हवाओं के कारण गिर गया। इस घटना में कई गाड़ियां पेड़ों के नीचे दब गईं और परिसर में अफरा-तफरी मच गई। पुलिसकर्मियों को भी काफी मशक्कत करनी पड़ी।

    WhatsApp Image 2026-04-04 at 17.47.08

    गोविंद नगर एफ ब्लाक कृष्णा पार्क के पेड़ गिरने से कई गाड़िया दबी।

    रिहायशी इलाकों में दहशत, मकान और गाड़ियां क्षतिग्रस्त

    गोविंद नगर एफ ब्लाक, कृष्णा पार्क और जूही सफेद कॉलोनी जैसे रिहायशी इलाकों में आंधी का सबसे ज्यादा असर देखने को मिला। जूही सफेद कालोनी में दो बड़े पेड़ एक ही सड़क पर गिर गए। एक विशाल बरगद का पेड़ मोहम्मद नफीस के मकान पर गिर गया, जबकि दूसरा पेड़ ज़ीशान नामक व्यक्ति की नई कार पर गिरा। गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन मकान और कई गाड़ियां बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। सूचना मिलते ही थाना किदवई नगर पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया।

    WhatsApp Image 2026-04-04 at 17.28.26

    श्रमायुक्त कार्यालय के सामने गिरा पेड़ और बिजली का पोल।

    बिजली व्यवस्था और सार्वजनिक ढांचे को नुकसान

    श्रमायुक्त कार्यालय के सामने पेड़ के साथ बिजली का पोल भी गिर गया, जिससे इलाके की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। कई जगहों पर तार टूटने और खंभे गिरने की भी खबर है। इससे लोगों को लंबे समय तक अंधेरे और परेशानी का सामना करना पड़ा।

    WhatsApp Image 2026-04-04 at 18.02.20

    घाटमपुर में गेहूं के खेत में ओलावृष्टि से बिछ गई फसल

    ग्रामीण इलाकों में ओलावृष्टि से फसल बर्बाद

    शहर के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में भी मौसम का कहर देखने को मिला। घाटमपुर तहसील क्षेत्र के कई गांवों में करीब 20 मिनट तक तेज ओलावृष्टि हुई। इससे गेहूं की फसल को भारी नुकसान पहुंचा है। खेतों में खड़ी फसल बर्बाद होने से किसानों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।

    WhatsApp Image 2026-04-04 at 17.21.40

    प्रशासन अलर्ट, राहत कार्य जारी

    घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गईं और राहत-बचाव कार्य शुरू कर दिया गया। गिरे हुए पेड़ों को हटाने और यातायात बहाल करने का काम तेजी से चल रहा है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान घरों में सुरक्षित रहें और अनावश्यक बाहर निकलने से बचें।

     

    कहां-कहां हुआ नुकसान

    • काकादेव थाने में पेड़ और टावर गिरा
    • फजलगंज चौराहे पर कई पेड़ धराशायी
    • श्रमायुक्त कार्यालय के सामने पेड़ व बिजली पोल गिरा
    • कर्नलगंज ऊंची सड़क और शास्त्री नगर में रास्ते बंद
    • गोविंद नगर और जूही सफेद कालोनी में गाड़ियां दबी

     

    ग्रामीण इलाकों में भी असर

    • घाटमपुर क्षेत्र में करीब 20 मिनट तक ओलावृष्टि
    • गेहूं की फसल को भारी नुकसान
    • किसानों की बढ़ी चिंता