Weather Updates: कानपुर में गर्मी ने दिखाए तेवर, तापमान पहुंचा 41°C, जानें मौसम अपडेट
Weather Updates: कानपुर में गर्मी ने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं, अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। नमी के कारण लोगों को 44 डिग्री सेल्स ...और पढ़ें

रविवार को पड़ रही तेज धूप के बीच बड़ा चौराहा पर परेशान नजर आती महिला व युवती। जागरण
जागरण संवाददाता, कानपुर। Weather Updates: कानपुर शहर में मौसम के मिजाज ने चिंता बढ़ा दी है। अप्रैल का महीना अपने अंतिम सप्ताह में प्रवेश कर रहा है, लेकिन गर्मी ने अपने तेवर जून जैसे दिखाने शुरू कर दिए हैं। सोमवार को शहर में अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.2 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। जिससे पूरे शहर में लू जैसे हालात बन गए।
दोपहर के समय तेज धूप और गर्म हवा ने लोगों को घरों में रहने पर मजबूर कर दिया, वहीं सड़कों और बाजारों में सामान्य दिनों की तुलना में काफी कम भीड़ देखने को मिली। हालांकि, वायुमंडल में मौजूद नमी और हवा की धीमी गति के कारण ''हीट इंडेक्स'' यानी महसूस होने वाला तापमान (रियलफिल) 44 डिग्री सेल्सियस महसूस कराया। जिसे दोपहर के समय लोगों को गर्मी का अहसास मई-जून की तरह हुआ। वहीं न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 0.9 डिग्री कम रहा।
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, चकेरी स्थित एयरफोर्स स्टेशन पर अधिकतम तापमान 42.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण दोपहर 12 बजे से लेकर शाम 4 बजे तक बाहर निकलना लोगों के लिए मुश्किल हो गया। खासकर रिक्शा-चालक, मजदूर और फील्ड में काम करने वाले लोगों को सबसे ज्यादा परेशानी झेलनी पड़ी। अस्पतालों में भी डिहाइड्रेशन और चक्कर आने की शिकायत लेकर मरीजों की संख्या में इजाफा देखने को मिला है।
मौसम विशेषज्ञ डा. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि जब तापमान के साथ आर्द्रता (नमी) बढ़ती है, तो शरीर का प्राकृतिक कूलिंग सिस्टम (पसीना सूखने की प्रक्रिया) धीमा हो जाता है। यही कारण है कि 41 डिग्री का वास्तविक तापमान शरीर को 44 डिग्री जैसी भीषण गर्मी के रूप में महसूस हो रहा है। उन्होंने कहा कि गर्मियों में यदि नमी अधिक है, तो पसीना नहीं सूखता और शरीर को गर्मी ज्यादा लगती है। ऐसे में 35 डिग्री का तापमान 40 डिग्री जैसा महसूस होता है। वहीं सर्दियों में यदि ठंडी हवा चल रही है, तो शरीर की गर्मी तेजी से निकलती है। ऐसे में 10 डिग्री सेल्सियस का तापमान पांच डिग्री सेल्सियस जैसा महसूस हो सकता है।
उन्होंने कहा कि लगातार बढ़ता तापमान और शुष्क हवा लू जैसे हालात पैदा कर रही हैं। यदि तापमान इसी तरह बना रहा तो आने वाले दिनों में स्थिति और गंभीर हो सकती है। ऐसे में पर्याप्त मात्रा में पानी पीने, धूप में निकलते समय सिर को ढकने और हल्के, ढीले कपड़े पहनने की सलाह दी है। साथ ही बुजुर्गों और बच्चों को विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है।
अप्रैल में ही इस तरह की तेज गर्मी ने लोगों को परेशान कर दिया है। यदि समय रहते सावधानी नहीं बरती गई, तो इसका असर स्वास्थ्य पर गंभीर रूप से पड़ सकता है। ऐसे में जरूरी है कि लोग सतर्क रहें और मौसम के बदलते मिजाज के अनुसार खुद को ढालें। उन्होंने कहा कि अगले कुछ दिनों तक तापमान में खास गिरावट की संभावना नहीं है। हालांकि, हल्की हवा या आंशिक बादल राहत दे सकते हैं, लेकिन फिलहाल भीषण गर्मी से राहत मिलने के आसार कम ही नजर आ रहे हैं।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।