Trending

    loading ads...
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Weather Impact: कानपुर में तबाही का मंजर, 156 से अधिक खंभे गिरे, 20 घंटे से बिजली गायब, 7 उपकेंद्र ठप

    By Nirmal PandeyEdited By: Anurag Shukla
    Updated: Sun, 05 Apr 2026 02:13 PM (IST)

    कानपुर में आए तेज तूफान से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। 156 से अधिक बिजली के खंभे गिरने और 7 उपकेंद्र ठप होने से 20 घंटे से अधिक समय से शहर के कई इला ...और पढ़ें

    News Article Hero Image

    नमक फैक्ट्री चौराहे के आसपास गिरे हुए एचटी लाइन के खंभे और पेड़ तक नहीं हटाया गया है। जागरण

    जागरण संवाददाता, कानपुर। कानपुर में आए तेज तूफान ने शहर का जनजीवन पूरी तरह से प्रभावित कर दिया है। खंभे गिरने की वजह से बिजली व्यवस्था को पूरी तरह तबाह हो गई। 156 से अधिक बिजली के खंभे गिर गए, जबकि 7 उपकेंद्र ठप हो गए हैं। पिछले 20 घंटे से शहर के कई इलाकों में सप्लाई बंद है।

    शनिवार शाम को आंधी वर्षा के दौरान शहरी क्षेत्र में पेड़ों की गिरने से 156 से भी अधिक पोल जमीन पर गिरने और तारों के उलझने से स्पार्किंग के बाद बिजली गुल हो गई थी। 20 घंटे गुजर गए हैं, अभी तक बिजली दोबारा बहाल नहीं हो पाई है। उपजी अव्यवस्था ने कई लाख घरों में पानी के अभाव में लोगों का रोटीन गड़बड़ा दिया है। पानी के लिए हैंडपंपों पर लंबी लाइन लगी रहीं।

    सुबह 11:30 बजे तक दबौली, गोविंद नगर, कालपी रोड, दर्शन पुरवा, आरटीओ कार्यालय, गंगा बैराज, नवीन नगर समेत कई उपक्रेंद्रों से बिजली की सप्लाई चालू नहीं हो पाई। यहां मरम्मत का कार्य ही चल रहा है। केस्को के मीडिया प्रभारी देवेंद्र वर्मा के मुताबिक, उपक्रेंद्रों से बिजली की सप्लाई नहीं चालू हो पाई है, ये बात सही है। शनिवार को आंधी और वर्षा से प्रभावित संबंधित उपक्रेंद्रों पर आई खराबी को खोज कर मरम्मत का कार्य चल रहा है।

    उन्होंने बताया कि बिजली सप्लाई बहाल करने में अभी समय लगेगा कारण यह है कि 5-6 पोल तक की भी लाइन खींचने में कम से कम 4 से 5 घंटे लग जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि केवल पोल और लाइन की ही बात करें तो करीब 35 लाख रुपए से अधिक का नुकसान हुआ है, लेकिन हुए नुकसान का यह आंकड़ा 50 लाख से भी अधिक पर हो सकता है, क्योंकि अभी ट्रांसफार्मर की स्थिति भी देखनी बाकी है।


    उन्होंने बताया कि जब लाइन चार्ज होगी तब पता चलेगा कि किस ट्रांसफार्मर में कहां पर दिक्कत है। इसके बाद ही वहां मरम्मत का काम शुरू कराया जा सकेगा। देवेंद्र वर्मा ने बताया कि इस समय नवीन नगर, दबौली, गोविंद नगर, कालपी रोड, दर्शन पुरवा, आरटीओ कार्यालय, गंगा बैराज के उपक्रेंद्रों पर मरम्मत का काम चल रहा है। दोबारा बिजली कब तक बहाल होगी, इस संबंध में अभी केस्को के अधिकारी कोई उचित उत्तर नहीं दे पा रहे हैं।

    हैंड पंपों पर पानी भरने को लेकर मची रही होड़

    शनिवार शाम से गुल हुई बिजली दोपहर 12:00 बजे तक भी नहीं आने पर शहर के लगभग सभी मोहल्ले में लगे हैंडपंपों पर लोगों की पानी लेने के लिए होड़ मची रही। विजयनगर में भी यही हाल देखा गया। फजलगंज क्षेत्र में पेट्रोल टंकी के समीप लगे हैंडपंप पर मौजूद रामनरेश, उमाकांत, यशपाल, रेहान, फैयाज खान ने बताया कि बिजली सप्लाई बाधित होने से उनके घर का सबमर्सिबल भी नहीं चल पा रहा है। घर में एक बूंद पानी नहीं है। पूरा घर परेशान है, जहां हैंडपंप लगा है उससे करीब 300 मीटर दूर उन लोगों का घर है, इसलिए पानी घर तक पहुंचने में भी दिक्कत आ रही है।

    शास्त्री नगर में जगदीश यादव, राजेश प्रकाश, दिनेश मिश्रा, मालती, रेखा श्याम कांति, नीलिमा समेत काफी लोग हैंडपंप पर बाल्टी लिए अपनी बारी का इंतजार कर रहे थे। इन लोगों ने बताया कि पानी की सप्लाई भी बाधित होने से घर में सुबह का नाश्ता तक नहीं बन पाया है।