बिना सूचना फैक्ट्री बंद! रनिया में गेट पर ताला देख श्रमिकों ने काटा बवाल; भारी पुलिस बल तैनात
कानपुर देहात के रनिया स्थित एस्ट्रल फैक्ट्री में श्रमिकों ने बिना सूचना गेट पर ताला देखकर विरोध प्रदर्शन किया। स्थानीय प्रशासन और पुलिस ने हस्तक्षेप क ...और पढ़ें

औद्योगिक क्षेत्र रनियां स्थित फैक्ट्री में तैनात पुलिस बल। सौ. पुलिस बल
HighLights
बिना सूचना एस्ट्रल फैक्ट्री गेट में ताला पड़ा देख श्रमिकों ने जताया विरोध
स्थानीय प्रशासन ने प्रबंधन से वार्ता करा श्रमिकों को समझाकर किया वापस
उमरन स्थित खाद्य तेल बनाने वाली लहरिया फैक्ट्री में भी श्रमिकों ने किया हंगामा
संवाद सूत्र, रनियां(कानपुर देहात)। वेतन वृद्धि समेत अन्य मांगों को लेकर करीब एक सप्ताह से अलग अलग फैक्ट्रियों में चल रहे विरोध प्रदर्शन के बाद रविवार को रनियां चिटिकपुर मार्ग स्थित एस्ट्रल फैक्ट्री प्रबंधन ने रविवार का अवकाश होने का नोटिस गेट पर चस्पा कर दिया। सुबह काम पर पहुंचे श्रमिकों ने जब फैक्ट्री गेट पर ताला पड़ा देखा तो बिना सूचना दिए अवकाश किए जाने पर विरोध जताते हुए हंगामा किया। इस पर स्थानीय प्रशासन व पुलिस पहुंच गई, जिसके बाद प्रबंधन से वार्ता करा श्रमिकों को समझाकर वापस किया गया।
नोयडा, दिल्ली जैसे महानगर की फैक्ट्रियों के समान वेतन, पीएफ के साथ ही कैंटीन, पार्किंग समेत अन्य मांगों को लेकर श्रमिक करीब एक सप्ताह से अलग अलग फैक्ट्रियों में प्रदर्शन कर विरोध जता चुके हैं। औद्योगिक क्षेत्र रनियां व जैनपुर स्थित अरविंद फुट वियर, प्राची लेदर, कानपुर एडबिल्स, जीपीएल, ट्राइडेंट, कानपुर एडविल, कानपुर प्लास्टिक पैक समेत अन्य फैक्ट्रियों में हुए विरोध को स्थानीय प्रशासन व पुलिस ने मध्यस्थता करते हुए मामला नियंत्रण में रखा है। इसके साथ ही फैक्ट्रियों के बाहर सुरक्षा व्यवस्था को भी पुख्ता किया गया है।
शनिवार को तीन फैक्ट्रि्यों में श्रमिकों ने विरोध प्रदर्शन किया था। वहीं रविवार को रनियां चिटिकपुर मार्ग स्थित एस्ट्रल फैक्ट्री में सुबह करीब नौ बजे काम पर पहुंचे श्रमिकों ने जब गेट पर ताला लटका देखा तो विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। फैक्ट्री प्रबंधन द्वारा बिना सूचना के रविवार का अवकाश किए जाने से नाराज श्रमिकों ने प्रबंधन पर मनमानी का आरोप लगाया। फैक्ट्री गेट पर एकत्र हुए करीब 60 श्रमिकों को स्थानीय प्रशासन व पुलिस ने समझाकर शांत कराया और प्रबंधन को मौके पर बुलाया, जिसके बाद दोनों पक्षों में वार्ता हुई।
करीब 15 मिनट तक हुई वार्ता के बाद श्रमिक शांत होकर वापस हो गए। कारखाना प्रबंधक डीके शुक्ला ने बताया कि शासन की गाइडलाइन के अनुसार रविवार की सप्ताहिक बंदी की गई है। आगे की बंदी के संबंध में श्रमिकों के समय पूर्व अवगत करा दिया जाएगा। वहीं उमरन स्थित लहरिया आयल फैक्ट्री के बाहर भी करीब 40 श्रमिकों ने वेतन वृद्धि समेत अन्य मांगों को लेकर विरोध प्रदर्शन किया, जिस पर सीओ सदर संजय सिंह, सहायक श्रमायुक्त रामाशीष, श्रम प्रवर्तन अधिकारी पल्लवी सिंह ने उन्हें समझाकर शांत कराया। सहायक श्रमायुक्त रामशीष ने बताया कि एस्ट्रल फैक्ट्री प्रबंधन द्वारा बिना पूर्व सूचना के रविवार बंदी किए जाने पर कुछ श्रमिकों ने विरोध जताया था, जिस पर उन्हें समझाकर शांत करा दिया गया था।
खबरें और भी
एहतियात के तौर पर फैक्ट्री में पुलिस बल की हुई तैनाती
वेतन वृद्धि समेत अन्य मांगों को लेकर श्रमिकों की ओर से अलग अलग फैक्ट्री में किए जा रहे विरोध प्रदर्शन को लेकर प्रशासन ने एहतियात के तौर पर अलग अलग टीमें गठित की है, जिसमें सहायक श्रमायुक्त, जिला पूर्ति अधिकारी, कृषि अधिकारी, बीएसए, उप कृषि निदेशक, मुख्य पशुचिकित्साधिकारी, जिला पूर्ति अधिकारी, जिला खाद्य विपणन समेत अन्य अधिकारियों को अलग अलग फैक्ट्री के लिए नामित किया गया है। इसके साथ ही फैक्ट्री गेट पर पुलिस कर्मियों की भी तैनात किया गया है, जिससे हालात बिगड़ने पर तुरंत नियंत्रण किया जा सके।