कानपुर देहात में आधी रात बवाल: बिजली कटौती के खिलाफ गेट पर बैठे MBBS छात्र-छात्राएं, जनरेटर-इन्वर्टर तक फेल
कानपुर देहात के कुंभी गांव स्थित मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस छात्रों ने अघोषित बिजली कटौती के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। प्राचार्य के 24 घंटे में समस्या ...और पढ़ें
-1779457370271_m.webp)
कुंभी गांव स्थित मेडिकल कालेज गेट पर बिजली कटौती के खिलाफ धरना प्रदर्शन करते एमबीबीएस छात्र। सौ. ग्रामीण
HighLights
एमबीबीएस छात्रों ने बिजली कटौती के खिलाफ प्रदर्शन किया
प्राचार्य के आश्वासन पर 24 घंटे के लिए धरना स्थगित
समाधान न होने पर अनिश्चितकालीन आंदोलन की चेतावनी
जागरण संवाददाता, कानपुर देहात। अघोषित बिजली कटौती के खिलाफ कुंभी गांव स्थित मेडिकल कालेज गेट पर बैठ एमबीबीएस छात्र छात्राओं ने गुरुवार रात जमकर विरोध प्रदर्शन किया। रात करीब आठ बजे से एक बजे तक बिजली आपूर्ति बाधित रहने और वैकल्पिक व्यवस्था के रूप में जेनरेटर और इन्वर्टर की व्यवस्था नहीं होने से नींद और पढ़ाई दोनों चौपट हो रही है।
वहीं मेडिकल कालेज के प्राचार्य के समझाने के करीब दो घंटे बाद उन्होंने 24 घंटे में समस्या समाधान के आश्वासन पर धरना प्रदर्शन समाप्त किया। प्राचार्य का कहना है कि हमने समस्या समाधान के लिए शासन तक कई बार पत्राचार किया लेकिन कोई हल नहीं निकला।
बिजली कटौती के चलते कुंभी गांव स्थित मेडिकल कालेज में एमबीबीएस की पढ़ाई कर रहे एमबीबीएस छात्र और छात्राएं गर्मी के साथ ही पानी की किल्लत का कई दिनों से सामना कर रहे थे। उन्होंने बताया कि समस्या से निजात के लिए मेडिकल कालेज प्रशासन से कई बार मांग की लेकिन कोई हल नहीं निकलने पर गुरुवार की रात परेशान मेडिकल छात्र छात्राओं का धैर्य टूट गया।
उन्होंने मेडिकल कालेज गेट के सामने जमीन पर बैठकर अव्यवस्था के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मोबाइल की टार्च जला विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। जानकारी मिलते ही मेडिकल कालेज प्रशासन के हाथ पैर फूल गए। जानकारी पर पुलिस और मेडिकल कालेज प्राचार्य डा. हरप्रीत सिंह ने आंदोलनरत छात्र छात्राओं को समझाने का प्रयास किया लेकिन उन्होंने अपनी बिजली, पानी आदि समस्याओं को प्रमुखता से रखते हुए समाधान होने पर ही हटने की जिद पकड़ ली।
खबरें और भी
कुछ विद्यार्थियों ने बताया कि अंधाधुंध बिजली कटौती ने जीना हराम कर दिया है। हास्टल में प्रतिदिन रात आठ बजे से एक बजे तक बिजली गुल रहती है, पूरे दिन में कभी कहो चार या कभी छह घंटे बिजली मिल पा रही। इन्वर्टर व जेनरेटर की व्यवस्था नहीं है। उमस भरी गर्मी में पढ़ाई और नींद दोनों प्रभावित हो रही हैं। प्राचार्य ने समस्या समाधान के लिए की गई पहल के तौर बिजली विभाग, जिला प्रशासन और शासन तक भेजे गए पत्र दिखाए, साथ ही जल्द समाधान का आश्वासन दिया।
छात्र छात्राओं ने आश्वासन के बाद धरना खत्म किया, लेकिन चेतावनी दी कि 24 घंटे बिजली-पानी की व्यवस्था न सुधरी तो कक्षाओं का बहिष्कार कर अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन करेंगे। मेडिकल कालेज प्राचार्य डा. हरप्रीत सिंह ने बताया कि बिजली समस्या का समाधान कराने के लिए हमने बिजली विभाग से लेकर जिला प्रशासन और शासन तक पत्राचार किया है लेकिन अभी तक समाधान नहीं हो सका है।
बिजली कटौती होने से भीषण गर्मी के चलते 200 एमबीबीएस छात्र छात्राओं के अलावा कालेज के करीब 100 लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हमने बिजली विभाग के अधीक्षण अभियंता सुमित व्यास से बात की है उन्होंने समस्या समाधान का आश्वासन दिया है। आंदोलनरत छात्र छात्राओं को समझाकर शांत करा दिया गया था।
वहीं बिजली विभाग के अधीक्षण अभियंता सुमित व्यास ने बताया कि मेडिकल कालेज 11 हजार लाइन फीडर से जुड़ा है इसके चलते रात की रोस्टिंग रहती है, 33 हजार लाइन फीडर से इसे जुड़ना चाहिए था, इसके लिए प्रयास चल रहा है।